संगीतकार ने लता मंगेशकर के जिस गाने को बताया बकवास, उसी ने रचा इतिहास, मेकर्स हुए मालामाल
Last Updated:
Lata Mangeshkar Amit Kumar Superhit song : 80 के दशक में अमिताभ बच्चन-विनोद खन्ना, फिरोज खान, जीतेंद्र-धर्मेंद्र का इंडस्ट्री पर कब्जा था. इसी समय एक चॉकलेटी हीरो ने इंट्री ली और अपनी पहली ही फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. रातोंरात इंडस्ट्री को एक सितारा मिला. फिल्म का म्यूजिक भी सुपरहिट रहा था. इस फिल्म के एक गाने को संगीतकार ने बकवास बता दिया था. यह गाना लता मंगेशकर और अमित कुमार की आवाज में था. दिलचस्प बात यह है कि यही गाना फिल्म की पहचान बना. सबसे ज्यादा टूटे दिल आशिकों ने इसे पसंद किया. मूवी भी ब्लॉकबस्टर रही. यह फिल्म कौन सी थी, गाना कौन सा था और वो सितारा कौन था, आइये जानते हैं इन सभी सवालों के जवाब….
45 साल पहले सिनेमाघरों में एक ऐसी फिल्म आई थी जिसके गाने बहुत पॉप्युय्लर हुए थे. फिल्म का हीरो रातोंरात स्टार बन गया. यह एक रोमांटिक फिल्म थी जिसका डायरेक्शन राहुल रवैल ने किया था. अमजद खान इस फिल्म में कॉमेडी करते नजर आए थे. हम बात कर रहे हैं 27 फरवरी 1981 को रिलीज हुई कुमार गौरव- विजयता पंडित की फिल्म ‘लव स्टोरी’ की. दोनों की यह डेब्यू फिल्म थी. यह बॉलीवुड की संभवत: इकलौती ऐसी फिल्म है जो बिना डायरेक्टर के रिलीज हुई और ब्लॉकबस्टर साबित हुई. इस फिल्म के एक गाने को संगीतकार आरडी बर्मन ने बकवास बता दिया था.
‘लव स्टोरी’ फिल्म में सुपर स्टार राजेंद्र कुमार के बेटे कुमार गौरव के अपोजिट विजयता पंडित को अपोजिट कास्ट किया गया था. दोनों रातों-रात स्टार बनकर उभरे. दर्शकों ने इस जोड़ी पर खूब प्यार लुटाया. आरडी बर्मन की सुरीली धुनों पर आनंद बख्शी ने गीत लिखे थे. फिल्म का एक गाना ‘याद आ रही है, तेरी याद आ रही है’ टूटे दिल आशिकों की पहचान बन गया. इस गाने को लता मंगेशकर और किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने गाया था.
किशोर दा के बेटे अमित कुमार ने एक इंटरव्यू में इसका खुलासा किया था. अमित कुमार ने बताया था, ‘पंचम दा ने लव स्टोरी के गाने ‘याद आ रही है, तेरी याद आ रही है’ को ‘भजन’ बताया था. पता नहीं उन्हें ऐसा क्यों लगा. उन्हें यह गाना बिल्कुल पसंद नहीं था. फिल्म सेंटर में पीछे एक कमरा हुआ करता था, जहां पर हम लोग बैठकर गॉसिप किया करते थे. चेस खेलते थे. गाने की रिकॉर्डिंग से पहले उन्होंने मुझे बुलाया. उस समय वहां पर कुमार गौरव-राजेंदर कुमार बैठे हुए थे. मैं उनके पीछे-पीछे चल दिया.’
Add News18 as
Preferred Source on Google
अमित कुमार ने इस रोचक किस्से के बारे में आगे बताया, ‘वो मुझे कमरे में ले गए. दरवाजा बंद करवाया. फिर बोले कि सीने पर हाथ रखकर बोलो कि ‘याद आ रही है, तेरी याद आ रही है’ गाना अच्छा लग रहा है या नहीं? मैंने कहा कि आप क्या बात कर रहे हैं. इस पर वो बोले कि यह बहुत ही बकवास गाना है. भजन जैसा लग रहा है. लव सॉन्ग तो यह बिल्कुल नहीं है. फिर भी तुम जाओ और इसे गाओ.’
किशोर दा के बेटे अमित कुमार ने कहा, ‘वही गाना सबसे ज्यादा हिट हुआ. सुपरहिट हुआ. उसी गाने के लिए मुझे फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला. मैंने अवॉर्ड मिलने के बाद पंचम दा को फोन किया तो उन्होंने कहा ठीक है लेकिन मुझे यह गाना बिल्कुल पसंद नहीं है.’
‘लव स्टोरी’ में कुल 5 गाने थे. 4 गाने बेहद पॉप्युलर हुए थे. इन गानों में ‘देखो मैंने देखा है ये एक सपना’, ‘याद आ रही है, तेरी याद आ रही है’, ‘ये लड़की जरा सी दीवानी लगती है’, और ‘क्या गजब करते हो जी’ शामिल थे. ”याद आ रही है, तेरी याद आ रही है’ के दो वर्जन फिल्म में रखे गए थे. एक ड्यूएट सॉन्ग था जिसे लता मंगेशकर-अमित कुमार ने गाया था. दूसरा वर्जन एक सोलो सॉन्ग था जिसे अमित कुमार ने गाया था. इस गाने के लिए उन्हें बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था.
‘लव स्टोरी’ फिल्म की शूटिंग के दौरान कुमार गौरव और विजयता पंडित को रीयल लाइफ में प्यार हो गया था. विजयता ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘मैं सिर्फ 14 साल की थी. बंटी यानी कुमार गौरव मेरी जिंदगी का पहला लड़का था जिसको मैंने गले लगाया. हम दोनों को प्यार हो गया. मेरे बड़ी बहन माया मुझे बंटी के साथ घूमने-फिरने से रोकती थीं लेकिन प्यार तो प्यार ही होता है. राजेंद्र कुमार को जब इसकी भनक हुई तो नाराज हुए. उन्होंने राजकपूर की बेटी रीमा कपूर से कुमार गौरव की इंगेजमेंट करवा दी. मैं भी इसमें शामिल हुई थी. कुमार गौरव सगाई के बाद मेरे घर आया था. उसने अंगूठी फेंक दी थी. मुझसे शादी का वादा किया था. मेरी मां के सामने तुलसी माला की कसम भी खाई थी. बाद में उसने रीमा कपूर से इंगेजमेंट तोड़ दी और सुनील दत्त की बेटी नम्रता दत्त से शादी कर ली थी.’
‘लव स्टोरी’ ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई. कई प्रोड्यूसर ने इस जोड़ी को अपनी फिल्म में लेना चाहा लेकिन राजेंद्र कुमार को यह मंजूर नहीं था. उन्होंने हर फिल्म से विजयता पंडित को निकलवा दिया. राजेंद्र कुमार की जिद के चलते उनके बेटे कुमार गौरव का करियर डूब गया. 1986 में आई ‘नाम’ फिल्म की सफलता का क्रेडिट भी संजय दत्त को मिला. दूसरी ओर विजयता पंडित का करियर भी कुछ खास नहीं चल सका. एक्ट्रेस विजयता पंडित ने निजी जिंदगी में दो शादियां रचाई हैं. पहली शादी साल 1986 में फिल्म निर्देशक समीर मल्कान से की थी. यह शादी ज़्यादा समय तक नहीं चली और तलाक हो गया. बाद में उन्होंने संगीतकार आदेश श्रीवास्तव से शादी की. 2015 में उनका निधन हो गया.