कप्तानी और बल्लेबाजों की नादानी से जूझेगी गुजरात टाइटंस, पूर्व क्रिकेटर ने जताई नराजगी, कई बड़े नामों पर उठाए सवाल
Last Updated:
आकाश चोपड़ा ने जियोस्टार पर कहा, ‘गुजरात टाइटन्स के लिए टॉप तीन बल्लेबाजों को अच्छा खेलना होगा क्योंकि वे खुद को कोई दूसरा विकल्प नहीं दे रहे हैं.’ उन्होंने कहा, ‘कई लोग शायद मानें नहीं लेकिन ग्लेन फिलिप्स के 25 रन आईपीएल में उनका सबसे बड़ा स्कोर है. उनसे ज्यादा लगातार प्रदर्शन की उम्मीद है. वाशिंगटन सुंदर को भी तेजी से रन बनाने की जरूरत है.

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल को कई डिपार्टमेंट ठीक करने की जरूरत
नई दिल्ली. भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का कहना है कि गुजरात टाइटन्स कप्तान शुभमन गिल, जोस बटलर और साई सुदर्शन जैसे टॉप तीन बल्लेबाजों पर बहुत ज्यादा निर्भर है, जिससे टीम को मुश्किल हो सकती है. पिछले कुछ सीजन में गुजरात टाइटन्स अपने टॉप ऑर्डर पर ही भरोसा करता रहा है और ये सिलसिला पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल के इस सीजन के पहले मैच में भी जारी रहा.
इस मैच में गुजरात के मिडिल ऑर्डर की कमजोरी फिर सामने आई. आकाश चोपड़ा ने जियोस्टार पर कहा, ‘गुजरात टाइटन्स के लिए टॉप तीन बल्लेबाजों को अच्छा खेलना होगा क्योंकि वे खुद को कोई दूसरा विकल्प नहीं दे रहे हैं.’ उन्होंने कहा, ‘कई लोग शायद मानें नहीं लेकिन ग्लेन फिलिप्स के 25 रन आईपीएल में उनका सबसे बड़ा स्कोर है. उनसे ज्यादा लगातार प्रदर्शन की उम्मीद है. वाशिंगटन सुंदर को भी तेजी से रन बनाने की जरूरत है.
बैटिंग ऑर्डर पर सवाल
आकाश चोपड़ा ने टीम के चयन और बल्लेबाजी क्रम पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, ‘उन्होंने शाहरुख खान को टीम में रखा है, लेकिन मुझे लगता है कि कुमार कुशाग्र भी चुने जाने के हकदार थे. गुजरात को अपने चौथे, पांचवें और छठे नंबर के बल्लेबाजों पर फिर से सोचना चाहिए. गुजरात के कोच पार्थिव पटेल ने भी मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘एक टीम के तौर पर आप हमेशा चाहते हैं कि कड़ी चुनौती पेश करें. मुझे खुशी है कि हम मैच को आखिरी ओवर तक ले गए. उन्होंने कहा, ‘‘यह बल्लेबाजी के लिए आसान विकेट नहीं था. पिछले तीन-चार दिन से यहां बारिश हो रही है और ग्राउंड्समैन ने विकेट तैयार करने में बहुत अच्छा काम किया. गेंद पुरानी होने के बाद थोड़ी रिवर्स स्विंग हो रही थी और थोड़ी रुक भी रही थी पावरप्ले के बाद बल्लेबाजी करना आसान नहीं रहा.
कप्तानी में कई खामियां
चोपड़ा ने गिल की कप्तानी की भी आलोचना की. उन्होंने कहा, ‘उनकी रणनीति समझ से बाहर है. जब मैच लगभग खत्म हो चुका था तब भी मोहम्मद सिराज के दो ओवर बचे थे और प्रसिद्ध कृष्णा को काफी देर से गेंदबाजी के लिए लाया गया. कुल मिलाकर शुभमन गिल की कप्तानी में कुछ कमियां दिखीं. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कॉनली ने आईपीएल में डेब्यू पर 44 गेंद में 72 रन की शानदार पारी खेलकर घरेलू टीम को जीत दिलाई. पार्थिव ने कहा, पंजाब के गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की. अगर हम एक-दो विकेट और ले लेते तो 160 रन का लक्ष्य हासिल करना भी मुश्किल हो जाता. बारिश के कारण सूखी पिच बेहतर खेलने लगी. दूसरी पारी में गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी. इस टी20 फॉर्मेट में हालात बहुत बड़ा फर्क डालते हैं.