Gond Katira Shikanji: गर्मियों के बेस्ट ड्रिंक शिकंजी में डालें गोंद कतीरा, शरीर के अंदर करता कूलर सा काम!

Share to your loved once


जमशेदपुर. गर्मी का मौसम शुरू होते ही शरीर को ठंडक देने वाले पेय की जरूरत बढ़ जाती है. तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच जब हम बाहर से घर लौटते हैं, तो सबसे पहले कुछ ठंडा और ताजगी देने वाला पीने का मन करता है. ऐसे में बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त ड्रिंक्स की बजाय अगर आप घर पर देसी शिकंजी बनाएं, तो यह न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित होती है.

पूरे शरीर को रखे ठंडा, दे एनर्जी
देसी शिकंजी की खासियत यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सभी चीजें प्राकृतिक होती हैं. यह शरीर को अंदर से ठंडक देती है और गर्मी के असर को कम करती है. एक्सपर्ट राम पारस के अनुसार, यह एक ऐसा देसी ड्रिंक है, जो पूरे शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ तुरंत एनर्जी भी देता है.

एक रात पहले फुला दें इसे
इसे बनाना बहुत ही आसान है. सबसे पहले आपको बाजार से गोंद कतीरा लाना है. गोंद कतीरा गर्मियों में शरीर के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसे रातभर पानी में भिगोकर रख दें. सुबह तक यह फूलकर जेल जैसा हो जाएगा. यह शरीर को ठंडक देने में मदद करता है और लू से भी बचाव करता है. याद रखें इसे ज्यादा पानी में फुलाएं, एक छोटा चम्मच एक बड़े ग्लास पानी को सोक लेगा.

मसाले से बढ़ाएं स्वाद
इसके बाद आपको चीनी और ठंडे पानी का एक अच्छा मिश्रण तैयार करना है. ध्यान रखें कि पानी अच्छी तरह ठंडा (चिल्ड) हो, ताकि शिकंजी का स्वाद और बढ़ जाए. अब एक गिलास लें और उसमें सबसे पहले ताजा नींबू का रस डालें. नींबू विटामिन C से भरपूर होता है और शरीर को तरोताजा करता है. आप जलजीरा मसाला भी डालकर स्वाद बढ़ा सकते हैं. इसे घर पर बनाएं तो और अच्छा है.

अब इसमें थोड़ा सा चाट मसाला डालें, जिससे इसका स्वाद और भी मजेदार हो जाएगा. इसके बाद एक चम्मच भीगा हुआ गोंद कतीरा डालें. अंत में तैयार किया हुआ ठंडा चीनी-पानी मिश्रण डालकर अच्छी तरह से मिलाएं.

बिना केमिकल, पेट शरीर दोनों ठंडे
अब आपकी देसी शिकंजी तैयार है. इसे ठंडा-ठंडा सर्व करें. चाहें तो इसमें बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं, जिससे इसका मजा दोगुना हो जाएगा. इस शिकंजी को पीने से शरीर को तुरंत ठंडक मिलती है, थकान दूर होती है और एक अलग ही ताजगी महसूस होती है. खास बात यह है कि यह पूरी तरह प्राकृतिक है और इसमें किसी तरह का केमिकल नहीं होता, जिससे यह सेहत के लिए सुरक्षित है.

गर्मी के इस मौसम में अगर आप खुद को फिट और तरोताजा रखना चाहते हैं, तो रोजाना एक गिलास देसी शिकंजी जरूर पिएं. यह न सिर्फ आपके शरीर को ठंडा रखेगी, बल्कि आपको दिनभर ऊर्जावान भी बनाए रखेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP