शिबू सोरेन भी हैं इस ढाबे के पनीर पकौड़े के फैन, फ्रेश फूड है इनकी USP! 35 साल से NH 33 पर परोस रहे स्वाद
Last Updated:
Jamshedpur Highway Famous Dhaba: एनएच 33 पर जमशेदपुर रांची मार्ग पर एक ढाबा है जो आम लोगों से लेकर नेताओं और वीआईपी तक का फेवरेट कहा जाता है. यहां का पनीर पकौड़ा और चाय खासे पसंद किए जाते हैं. 35 साल से लोग इनके स्वाद के मुरीद हैं.
जमशेदपुर. जमशेदपुर से रांची जाने वाले नेशनल हाईवे NH-33 पर अगर आप कभी सफर कर चुके हैं, तो एक नाम जरूर सुना होगा – गिरधारी ढाबा. पिछले करीब 35 सालों से यह ढाबा न सिर्फ यात्रियों की भूख मिटा रहा है, बल्कि अपने स्वाद से लोगों के दिलों पर भी राज कर रहा है. यह ढाबा सिर्फ एक खाने की जगह नहीं, बल्कि हाईवे की पहचान बन चुका है. सुबह 7 बजे से लेकर रात 12 बजे तक यहां रौनक लगी रहती है.
खास बात यह है कि यहां आपको आम यात्रियों के साथ-साथ झारखंड के बड़े-बड़े नेता, मंत्री और विधायक भी अक्सर दिख जाएंगे. वजह साफ है – रांची में विधानसभा और सीएमओ जाने वाले अधिकतर लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं, और गिरधारी ढाबा उनके सफर का अहम पड़ाव बन जाता है.
पनीर पकौड़ा है बेस्ट
यहां का सबसे बड़ा आकर्षण है इनका मशहूर पनीर पकोड़ा. जैसे ही प्लेट सामने आती है, उसकी खुशबू ही भूख को दोगुना कर देती है. कुरकुरा पनीर पकोड़ा, ऊपर से गर्मागर्म चाय- बस यही कॉम्बिनेशन लोगों को बार-बार यहां खींच लाता है. इसके अलावा दही बड़ा, मटन और मछली भी यहां के बेहद लोकप्रिय व्यंजन हैं. कई ग्राहक तो बताते हैं कि वे सिर्फ खाने के लिए ही जमशेदपुर से लंबी ड्राइव करके यहां तक आते हैं.
ताजगी है यूएसपी
ढाबे के मैनेजर अनूप के अनुसार, उनकी सबसे बड़ी खासियत है ताजगी. यहां कोई भी खाना पहले से बनाकर नहीं रखा जाता. ग्राहक के ऑर्डर देने के बाद ही हर डिश तैयार की जाती है, जिससे स्वाद और क्वालिटी दोनों बरकरार रहती है. यही वजह है कि एक बार जो यहां खाता है, वह बार-बार लौटकर जरूर आता है.
शिबू सोरेन का भी पसंदीदा
इस ढाबे की खासियत सिर्फ खाना ही नहीं, बल्कि इसका इतिहास और जुड़ी यादें भी हैं. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन भी इस ढाबे के बड़े प्रशंसक रहे हैं. कहा जाता है कि जब भी वे इस रास्ते से गुजरते थे, तो यहां रुककर चाय और पनीर पकोड़ा जरूर खाते थे. उनके जैसे कई बड़े नाम इस ढाबे से जुड़े रहे हैं, जो इसकी लोकप्रियता को और भी खास बना देता है.
आज भी लोगों की पहली पसंद
आज के समय में जब हाईवे पर बड़े-बड़े रेस्टोरेंट और फूड चेन खुल चुके हैं, तब भी गिरधारी ढाबा अपनी सादगी, स्वाद और भरोसे के दम पर लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. यहां का देसी स्वाद, अपनापन और ताजगी ही इसकी असली पहचान है. अगर आप भी कभी जमशेदपुर से रांची की ओर निकलें, तो एक बार इस ढाबे पर जरूर रुकें. यकीन मानिए, यहां का स्वाद आपके सफर को और भी यादगार बना देगा.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें