Aam Achar Recipe: छोटे आम से बनाएं खट्टा-मीठा अचार, स्टोर करना भी सीखें, महीनों रहेगा फ्रेश
Last Updated:
Aam Achar Recipe: आम का सीजन शुरू हो चुका है और कई घरों में अचार बनाने की तैयारी भी तेज हो गई है. अगर आप भी इस बार स्वादिष्ट आम का अचार डालना चाहते हैं, तो सही विधि और मसालों का संतुलन बेहद जरूरी है. सही तरीके से बनाया गया अचार न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि लंबे समय तक खराब भी नहीं होता.
Aam Achar Recipe: विंध्य क्षेत्र का प्रसिद्ध सुंदरजा आम अब देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक अपनी पहचान बना चुका है. इन दिनों आम के बागों में टिकोरी यानी छोटे आम आना शुरू हो गए हैं. इसके साथ ही कई घरों में छोटे आम का अचार बनाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. छोटे आमों से बना अचार स्वाद में बेहद लाजवाब होता.
सीधी की प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया, अचार बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे आम की जरूरत होती है. साथ ही पीली सरसों (राई दाल), मेथी दाना, सौंफ, कलौंजी, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हींग, नमक और पर्याप्त मात्रा में सरसों का तेल मुख्य सामग्री के रूप में उपयोग किया जाता है. कुछ लोग अचार को ज्यादा समय तक सुरक्षित रखने के लिए थोड़ा सा सिरका भी मिलाते हैं.
मसाला दरदरा होना चाहिए
प्रियंका सिंह ने बताया कि अचार बनाने की पारंपरिक विधि के अनुसार, सबसे पहले आमों को अच्छी तरह धोकर कपड़े से पोंछ लिया जाता है और पूरी तरह सुखाया जाता है, ताकि उनमें नमी न रहे. इसके बाद आमों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर कुछ घंटों के लिए धूप में फैला दिया जाता है, जिससे अतिरिक्त नमी खत्म हो जाती है. इसके बाद मेथी दाना, सौंफ और पीली सरसों को हल्की आंच पर भून लिया जाता है. भूनने से मसालों की खुशबू बढ़ जाती है और उनमें मौजूद नमी भी समाप्त हो जाती है. ठंडा होने के बाद इन मसालों को दरदरा पीस लिया जाता है, क्योंकि बारीक पाउडर की बजाय दरदरे मसाले अचार को पारंपरिक स्वाद देते हैं.
गर्म तेल को ठंडाकर डालें
प्रियंका ने आगे बताया कि बड़े बर्तन में सूखे आम के टुकड़ों में ये पिसे मसाले, कलौंजी, हल्दी, लाल मिर्च, हींग और नमक डालकर अच्छे से मिलाया जाता है. दूसरी ओर सरसों के तेल को गर्म किया जाता है, जब तक उसमें हल्का धुआं न उठने लगे. इसके बाद तेल को पूरी तरह ठंडा कर आम के मिश्रण में डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है. तैयार अचार को साफ और सूखे कांच के जार या बरनी में भरकर उसका ढक्कन कसकर बंद कर दिया जाता है.
धूप दिखाना भी जरूरी
इसके बाद जार को 7 से 10 दिनों तक धूप में रखा जाता है. रोजाना जार को हल्का हिलाने से मसाले और तेल अच्छी तरह मिलते हैं और अचार समान रूप से तैयार होता है. करीब एक सप्ताह बाद अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है. सही विधि और संतुलित मसालों के साथ बनाया गया यह आम का अचार न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि लंबे समय तक खराब भी नहीं होता.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें