112 गेंदों में 262 रन, आईपीएल का सबसे बड़ा सफल रन चेज, इस तिकड़ी ने बदल दिया इतिहास
Last Updated:
highest successful run chase in ipl pbks vs kkr 2024: आईपीएल में सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम है. पंजाब किंग्स ने 2024 कोलकाता नाइटराइडर्स को हराकर यह कीर्तिमान बनाया. पंजाब के बल्लेबाजों ने 262 रनों के लक्ष्य का पीछा 8 गेंदें रहते यानी सिर्फ 112 गेंदों में कर लिया था. दिलचस्प यह है कि पंजाब किंग्स के मौजूदा कप्तान श्रेयस अय्यर उस समय केकेआर की कमान संभाल रहे थे. सैम करन की अगुआई में पंजाब किंग्स ने इतिहास रचा था.

पंजाब किंग्स के नाम आईपीएल में सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. आईपीएल के इतिहास में जब सबसे बड़े सफल रन चेज की बात होती है तो जेहन में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस जैसे टूर्नामेंट की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों के नाम आता है. कुछ फैंस तीन बार की आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स को भी इससे जोड़कर देखते होंगे, लेकिन ऐसा नहीं है. न मुंबई न चेन्नई और न ही केकेआर, इन तीनों में से किसी के नाम यह रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि यह कीर्तिमान एक ऐसी टीम ने अपने नाम किया हुआ है, जो पिछले 18 सीजन में एक बार भी ट्रॉफी नहीं जीत सकी है. मौजूदा आईपीएल सीजन में 19वीं बार ट्रॉफी जीतने की उम्मीद लेकर यह टीम फिर खेल रही है. दरअसल, पंजाब किंग्स ने आईपीएल इतिहास के सबसे बड़ा सफल रन चेज का कारनामा किया है. पंजाब की टीम ने 2024 में ऐसा किया था. इससे पहले आईपीएल में सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड सनराजइर्स हैदराबाद के नाम था, जिन्होंने 247 रन बनाकर मुकाबला जीता था.
112 गेंदों में बना दिए 262 रन
आईपीएल 2024 के 42वें मैच में तब रोमांच की सारी हदें पार हो गईं थीं, जब कोलकाता नाइटराइडर्स को 261 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद भी हार नसीब हुई. पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की कुछ इस कदर कुटाई की कि मुकाबला आठ गेंदें रहते खत्म कर दिया. जॉनी बेयरस्टो, प्रभसिमरन सिंह और शशांक सिंह की तिकड़ी ने तूफानी बल्लेबाजी से नया इतिहास रच दिया था. यह टी20 इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी है. दिलचस्प यह है कि पंजाब किंग्स के मौजूदा कप्तान श्रेयस अय्यर उस समय केकेआर की कमान संभाल रहे थे. सैम करन उस मैच में पंजाब के कप्तान थे, जिन्हें सीजन में शिखर धवन के चोटिल होकर बाहर होने के बाद कमान सौंपी गई थी.
पंजाब किंग्स के नाम आईपीएल में सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड.
ईडन गार्डन्स में आया रनों का बवंडर
मैच में टॉस जीतकर पंजाब किंग्स ने गेंदबाजी चुनी थी. केकेआर के लिए ओपनिंग करने आए फिल साल्ट (75) और सुनील नरेन (71) ने आते ही गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाना शुरू कर दिया और शानदार अर्धशतक जड़ते हुए पहले विकेट के लिए 138 रन जोड़कर टीम को जबरदस्त स्टार्ट दिया. ओपनर्स के तूफान के बाद आंद्रे रसेल (12 गेंद में 24 रन), कप्तान श्रेयस अय्यर (10 गेंद में 28 रन) और वेंकटेश अय्यर (39 रन) ने छोटी, लेकिन ताबड़तोड़ परियां खेलकर केकेआर को 261 रन तक पहुंचा दिया. इस स्कोर के साथ ही पंजाब किंग्स की जीत पक्की लग रही थी, लेकिन फिर वो हुआ, जो आईपीएल के इतिहास में कभी नहीं हुआ था.
पहाड़नुमा लक्ष्य का पीछा करने उतरे पंजाब के ओपनर्स ने पहले ओवर में शांति बनाए रखी, लेकिन अगले ही ओवर से प्रभसिमरन सिंह ने हवाई फायर शुरू करते हुए चौके-छक्के उड़ाने शुरू कर दिए. जल्द ही जॉनी बेयरस्टो ने भी दूसरे छोर से गेंदबाजों की धुनाई शुरू कर दी. प्रभसिमरन 20 गेंद में 54 रन बनाकर आउट जरूर हो गए, लेकिन बेयरस्टो ने एक छोर संभाले रखा और पंजाब के लिए दूसरा सबसे तेज आईपीएल शतक जड़कर उनकी जीत की उम्मीदों को कायम रखा. 16वें ओवर में बेयरस्टो ने यह शतक पूरा किया.
प्रभसिमरन और शशांक बने जीत के नायक.
शशांक ने दो ओवर में जीत कर दी पक्की
आखिरी चार ओवर में पंजाब को जीत के लिए 52 रन चाहिए थे. एक तरफ शतकवीर बेयरस्टो खड़े थे और उनका साथ शशांक सिंह दे रहे थे. यहां से शुरू हुआ शशांक का तूफान. शशांक ने 17वें ओवर में तीन छक्के लगाकर 18 रन बटोरे. 18वें ओवर में भी शशांक ने दो छक्के और एक चौका ठोका और आखिरी गेंद पर बेयरस्टो के छक्के से इस ओवर में 25 रन आ गए. इन दो ओवरों ने पंजाब की जीत तय कर दी, क्योंकि अब 12 गेंदों पर सिर्फ 9 रन चाहिए थे, जो 19वें ओवर की शुरुआती चार बॉल पर ही बन गए. इसी के साथ पंजाब किंग्स ने टी20 और आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज का कीर्तिमान बना दिया. बेयरस्टो ने 48 गेंदों में 108 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शशांक ने नॉटआउट रहते हुए 28 गेंदों पर 68 रन कूटे. पंजाब किंग्स की पावरफुल बैटिंग ने इसे आईपीएल इतिहास का सबसे रोमांचक मुकाबला बना दिया.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें