PBKS vs GT Live: आज श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल की टीमों में टक्कर, किसका पलड़ा भारी?
IPL 2026 PBKS vs GT Live Cricket Score: पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच आज आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से शुरू होगा, जबकि इसका टॉस आधे घंटे पहले 7 बजे होगा. भारतीय टी20 टीम से बाहर शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर जब इस मुकाबले में अपनी-अपनी टीमों की कप्तानी करेंगे तो उनका इरादा खुद को साबित करने का भी होगा. पिछले साल की रनरअप श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स इस बार अपने पहले आईपीएल खिताब का सूखा खत्म करने के इरादे से खेलेगी. वहीं, शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस आईपीएल 2025 में एलिमिनेटर तक पहुंची थी, लेकिन मुंबई इंडियंस से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई. गुजरात की नजरें इस बार अपने दूसरे आईपीएल खिताब पर होंगी.
PBKS vs GT Live: मौसम का हाल
PBKS vs GT Live: मैच पर बारिश का साया नहीं है. दिन का तापमान करीब 33 डिग्री रहेगा, जो शाम में गिरकर 16 डिग्री तक जा सकता है. रात में तापमान गिरने की वजह से दूसरी पारी में ओस देखने को मिल सकती है. इस कारण जो टीम टॉस जीतेगी, वह पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है.
PBKS vs GT Live: कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
PBKS vs GT Live: मुल्लांपुर की पिच पिछले सीजन में अलग-अलग तरह से खेली, लेकिन ज्यादातर यहां बल्लेबाजी करना आसान रहा है. अगर पिच पर थोड़ी घास रही, तो मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को अच्छी मदद मिल सकती है. कुल मिलाकर विकेट अच्छा रहने की उम्मीद है.
PBKS vs GT Live: गुजरात की कौन लगाएगा नैया पार?
PBKS vs GT Live: गुजरात टाइटंस को इस सीजन भी साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल से बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी. सुदर्शन पिछले सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे और उन्होंने 15 मुकाबलों में 759, जबकि गिल ने 650 रन बनाए थे. हालांकि, जोस बटलर की हालिया फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय जरूर होगी. ग्लेन फिलिप्स के प्रदर्शन पर भी हर किसी की निगाहें रहेंगी. वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर और राहुल तेवतिया बल्ले और गेंद से टीम की नैया को पार लगाने का प्रयास करेंगे. कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा और लुक वुड की मौजूदगी में टीम का पेस अटैक दमदार दिख रहा है. वहीं, स्पिन विभाग की कमान राशिद खान के हाथों में होगी, जिनका साथ साई किशोर और सुंदर देंगे.
PBKS vs GT Live: ऑन पेपर मजबूत दिख रही पंजाब किंग्स
PBKS vs GT Live: पंजाब की टीम इस सीजन भी काफी मजबूत दिखाई दे रही है. टॉप ऑर्डर में प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी से एक बार फिर पंजाब को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी. नंबर तीन की पोजीशन कप्तान अय्यर संभालते हुए नजर आएंगे. अय्यर ने पिछले सीजन बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 17 मुकाबलों में 175 के स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए थे. पंजाब के कप्तान ने पूरे सीजन में 6 अर्धशतक लगाए थे. नेहल वढेरा और शशांक सिंह से भी पंजाब किंग्स को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी. मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन और उमरजई बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देंगे. वहीं, मिचेल ओवेन और कूपर कोनोली आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन से छाप छोड़ना चाहेंगे.
PBKS vs GT Live: दोनों टीमें हैं तैयार, कैसा है हेड टू हेड रिकॉर्ड
PBKS vs GT Live: पंजाब और गुजरात की टीमें इस मुकाबले के लिए तैयार हैं. दोनों के बीच इस मैच में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है. आईपीएल में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें से पंजाब किंग्स ने 3 मैच जीते हैं, जबकि तीन मुकाबलों में ही गुजरात को जीत नसीब हुई है. आईपीएल 2025 में इन दोनों टीमों की भिड़ंत एक बार हुई थी, जहां पंजाब ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 11 रनों से हराया था.
PBKS vs GT Live: पंजाब के ओपनर्स पर नजरें
PBKS vs GT Live: पंजाब की ताकत उसके भारतीय क्रिकेटरों में है, जिनमें सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य शामिल हैं. हालांकि, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका बल्ला खामोश रहा था. मध्यक्रम में निहाल वढेरा, शशांक सिंह और सूर्यांश शेडगे हैं जिनका सामना राशिद खान की अगुवाई में बेहतरीन स्पिन आक्रमण से होगा.
PBKS vs GT Live: अय्यर की नजरें इस बार खिताब जीतने पर
PBKS vs GT Live: पंजाब किंग्स के लिए एक बार फिर श्रेयस पर बहुत कुछ निर्भर करेगा जो तीन अलग अलग टीमों को आईपीएल फाइनल तक ले जा चुके हैं. उनकी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स 2020 में और पंजाब पिछले सत्र में फाइनल तक पहुंची जबकि केकेआर ने 2024 में खिताब जीता था. अय्यर ने पंजाब किंग्स को पिछले सीजन फाइनल में जरूर पहुंचाया, लेकिन आरसीबी से उसे हार का सामना करना पड़ा. लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद श्रेयस को भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं मिली और भारत के लिए आखिरी टी20 उन्होंने दिसंबर 2023 में खेला था. पिछले सीजन में उन्होंने 175 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 604 रन बनाए थे. वह एशिया कप और टी20 विश्व कप टीम में जगह नहीं बना सके थे. अय्यर की नजरें बल्ले और कप्तानी दोनों से ही शानदार प्रदर्शन करने पर होंगी.
PBKS vs GT Live: पिछले सीजन गुजरात की टीम तीसरे स्थान पर रही
PBKS vs GT Live: हार्दिक पंड्या के जाने के बाद से गिल ने कप्तानी का जिम्मा भी बखूबी संभाला है. अपने डेब्यू सीजन 2022 में आईपीएल खिताब जीतने वाली गुजरात टाइटंस पिछले साल तीसरे स्थान पर रही. एक बार फिर टीम काफी संतुलित लग रही है. सलामी बल्लेबाज गिल और साइ सुदर्शन सबसे बड़ी ताकत हैं. सुदर्शन ने पिछले सीजन में सर्वाधिक 759 रन बनाए थे. वह पसली के फ्रेक्चर से उबरकर लौट रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है.
PBKS vs GT Live: खुद को साबित करना चाहेंगे गिल
PBKS vs GT Live: भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान गिल को टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन बाद में विश्व कप टीम से बाहर कर दिया गया. उनकी जगह संजू सैमसन को चुना गया था जिनका भारत की खिताबी जीत में अहम योगदान रहा. 2023 के बाद से आईपीएल में गिल से ज्यादा रन सिर्फ विराट कोहली ने बनाए हैं, लेकिन अब फोकस निरंतरता की बजाय स्ट्राइक रेट पर है. गिल का टी20 कैरियर का स्ट्राइक रेट 138 है, लेकिन पिछले साल उन्होंने 155 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. बल्लेबाजी कोच के तौर पर मैथ्यू हेडन स्टाफ का हिस्सा हैं. लिहाजा गिल की छक्के मारने के कौशल और बल्लेबाजी पर नजर रखी जाएगी.
PBKS vs GT Live: गुजरात टाइटंस की टीम
PBKS vs GT Live: शुभमन गिल (कप्तान), साइ सुदर्शन, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, टॉम बेंटोन, ग्लेन फिलिप्स, निशांत सिंधू, वॉशिंगटन सुंदर , मोहम्मद अरशद खान, साइ किशोर, जयंत यादव, जैसन होल्डर, राहुल तेवतिया, शाहरूख खान, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुतार, गुरनूर सिंह बरार, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, ल्यूक वुड, कुलवंत हेजरोलिया , राशिद खान.
PBKS vs GT Live: पंजाब किंग्स की टीम
PBKS vs GT Live: श्रेयस अय्यर (कप्तान), निहाल वढेरा, विष्णु विनोद, हरनूर पन्नू , पाइला अविनाश, प्रभसिमरन सिंह, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, हरप्रीत बरार , मार्को यानसेन, अजमतुल्लाह उमरजइ, प्रियांश आर्य, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, मिच ओवेन, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, विशाख विजयकुमार, यश ठाकुर, जेवियर बार्टलेट, प्रवीण दुबे और विशाल निषाद.
नमस्कार
न्यूज 18 हिंदी ऑनलाइन के क्रिकेट लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. आईपीएल 2026 के चौथे मैच में आज गुजरात टाइटंस ओर पंजाब किंग्स की टीमें आमने-सामने हैं. दोनों टीमें इस मैच के लिए कमर कस चुकी है. इस मुकाबले से जड़ी पल-पल की अपडेट्स के लिए आप बने रहिए हमारे साथ.