रवींद्र जडेजा ने क्यों खलील अहमद को चूम लिया, गुवाहाटी में ये गजब गोलमाल हो गया, वीडियो हो गया वायरल
Last Updated:
मैच खत्म होने के बाद भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को एक बेहद भावुक पल साझा करते देखा गया, जब उन्होंने खलील अहमद की जर्सी पर लगे CSK के लोगो को चूमा. जडेजा, जिन्होंने इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 2/18 के आंकड़े दर्ज किए, इस इशारे के जरिए उस फ्रेंचाइजी के प्रति अपना प्यार जाहिर करते नजर आए, जिसके साथ उन्होंने एक दशक से ज्यादा समय बिताया

रवींद्र जडेजा ने मैदान पर खलील अहमद की टीशर्ट पर लगे चेन्नई सुपरकिंग्स के लोगो को चूमा
नई दिल्ली. कभी-कभी क्रिकेट सिर्फ जीत-हार का खेल नहीं होता, बल्कि रिश्तों, यादों और भावनाओं का भी आईना बन जाता है. गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले के बाद ऐसा ही एक नज़ारा देखने को मिला, जब वर्षों तक चेन्नई सुपर किंग्स की पहचान रहे रविंद्र जडेजा ने विरोधी टीम की जर्सी पर लगे उसी पुराने रिश्ते को सम्मान दिया एक ऐसा पल, जिसने हर क्रिकेट फैन का दिल छू लिया.
आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में पहले सीजन की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स (RR) ने पांच बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को गुवाहाटी में 8 विकेट से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की. इस जीत के साथ ही कई खिलाड़ियों के लिए यह मैच ‘डेजा वू’ जैसा भी रहा. जहां संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा के लिए यह मुकाबला भावनाओं से भरा रहा, वहीं मैच के बाद जडेजा का एक खास लम्हा सबका ध्यान खींच ले गया.
चेन्नई के लोगो को किया जडेजा ने किस
मैच खत्म होने के बाद भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को एक बेहद भावुक पल साझा करते देखा गया, जब उन्होंने खलील अहमद की जर्सी पर लगे CSK के लोगो को चूमा. जडेजा, जिन्होंने इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 2/18 के आंकड़े दर्ज किए, इस इशारे के जरिए उस फ्रेंचाइजी के प्रति अपना प्यार जाहिर करते नजर आए, जिसके साथ उन्होंने एक दशक से ज्यादा समय बिताया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसके अलावा जडेजा को अपने पूर्व साथियों खलील अहमद और गुरजपनीत सिंह के साथ लंबी बातचीत करते हुए भी देखा गया। गौरतलब है कि जडेजा CSK की 2018, 2021 और 2023 की खिताबी जीत का अहम हिस्सा रहे हैं.