नोएडा से लखनऊ तक होगी बारिश, 50KM तेज रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में कहीं बारिश तो कहीं तीखी धूप ने लोगों को खूब सताया है. इन सब के बीच मौसम विभाग की ओर से ताजा अपडेट सामने आया है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, 31 मार्च मंगलवार को दिल्ली से सटे नोएडा से लेकर राजधानी लखनऊ तक आसमान में काले बादल छाएं रहेंगे. इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी और तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कि कमी देखने को मिलेगी. मौसम विभाग ने इसकी संभावना जताई है.
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिले जानकारी के मुताबिक, 31 मार्च को यूपी के 50 से ज्यादा जिलों में मध्यम से हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान कहीं 40 तो कहीं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाओं का दौर चलेगा. वहीं कई इलाकों में गरज चमक के साथ बादलों के गड़गड़ाहट की आवाज भी सुनाई देगी.मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं 1 अप्रैल को भी कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है.
आज यहां बारिश की संभावना
31 मार्च को सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, रामपुर, बरेली, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हाथरस, मैनपुरी, इटावा, एटा, कन्नौज, औरया, बदायूं, बुलंदशहर, संभल, हापुड़, मुरादाबाद, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, कानपुर, फिरोजाबाद, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, उन्नाव, कौशाम्बी, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, आजमगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र और आस पास के जिलों में आज बारिश हो सकती है.
लखनऊ में छाएंगे बादल
मंगलवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी बादलों के आवाजाही के बीच बारिश की संभावना है. इस दौरान तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी. अनुमान है आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. अनुमान है आने वाले दो से तीन दिनों में इसमें थोड़ी गिरावट भी देखने को मिलेगी. उसके बाद फिर इसमें उछाल आएगा.
आ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया 2 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित भी कर सकता है. इसके कारण फिर प्रदेश में काले बादलों की आवाजाही देखनें को मिलेगी. इस दौरान तापमान में भी थोड़ा उतार चढ़ाव बना रहेगा.