Tips: बनाते हैं डोसा, बन जाता है चीला? बाजार जैसा क्रिस्पी डोसा बनाना है तो जान लें कारीगर के सीक्रेट टिप्स
Last Updated:
Tips For Perfect Crispy Dosa: कई बार जब घर पर डोसा बनाओ तो कभी वो पतला होकर टूट जाता है, कभी मोटा होकर चिल्ले जैसा लगता है, कुल मिलाकर बाजार जैसा परफेक्ट क्रिस्पी डोसा बनाना आसान नहीं होता. आपकी इन्हीं परेशानियों का हल आज हम लाए हैं. जानिए कैसे हर बार परफेक्ट डोसा बना सकते हैं.
जमशेदपुर. अगर आप भी घर पर होटल जैसा पतला, कुरकुरा और स्वादिष्ट डोसा बनाना चाहते हैं, तो थोड़ी सी सही तकनीक और धैर्य से आप इसे बिल्कुल परफेक्ट बना सकते हैं. अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि डोसा या तो बहुत मोटा बन जाता है, या तवे पर चिपक जाता है, या फिर क्रिस्पी नहीं होता. लेकिन सही तरीका अपनाने से ये सारी दिक्कतें दूर हो सकती हैं.
सबसे पहले भिगोएं सही रेशियो में दाल
सबसे पहले बात आती है बैटर (घोल) तैयार करने की. एक अच्छा डोसा बनाने के लिए आपको 1 किलो चावल और लगभग 100 ग्राम उड़द दाल लेनी होगी. इन्हें अच्छी तरह धोकर रात भर पानी में भिगो दें. सुबह इसे मिक्सी या ग्राइंडर में पीस लें. ध्यान रखें कि बैटर न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा. इसका कंसिस्टेंसी ऐसा होना चाहिए कि वह आसानी से फैल सके.
पीसने के बाद बैटर को 8-10 घंटे के लिए ढककर रख दें, ताकि उसमें हल्का खमीर (फर्मेंटेशन) आ जाए. यही स्टेप डोसे को स्वादिष्ट और हल्का बनाता है. जब बैटर फूल जाए और उसमें हल्की खटास आ जाए, तो समझिए वह तैयार है.
तवा तैयार करना सबसे जरूरी
अब तवा तैयार करना सबसे जरूरी है. हमेशा नॉन-स्टिक या लोहे का अच्छा तवा लें. तवे को पहले अच्छी तरह गर्म करें, फिर हल्का ठंडा होने दें. अगर तवा बहुत ज्यादा गरम होगा तो बैटर फैलेगा नहीं, और अगर ठंडा होगा तो डोसा चिपक जाएगा. नया तवा हो तो उस पर पहले थोड़ा तेल लगाकर प्याज या कपड़े से रगड़ लें. इससे सतह स्मूद हो जाती है.
अब एक करछी बैटर तवे पर डालें और हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए पतला फैलाएं. शुरुआत में यह थोड़ा मुश्किल लग सकता है, लेकिन 3-4 बार प्रैक्टिस करने के बाद आप खुद फर्क महसूस करेंगे. डोसा जितना पतला होगा, उतना ही क्रिस्पी बनेगा.
कुछ डोसे खराब होंगे
इसके बाद किनारों पर थोड़ा रिफाइंड तेल या घी डालें और मध्यम आंच पर पकने दें. जब डोसे का रंग हल्का सुनहरा हो जाए और किनारे खुद उठने लगें, तो समझ लीजिए कि डोसा तैयार है. आप चाहें तो इसे मोड़कर या रोल करके प्लेट में निकाल सकते हैं.
आखिर में याद रखें कि परफेक्ट डोसा बनाने में थोड़ी प्रैक्टिस जरूरी है. पहली बार में अगर सही न बने तो निराश न हों. धीरे-धीरे आप भी घर पर बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा कुरकुरा और स्वादिष्ट डोसा बना पाएंगे. हर बार बनाते वक्त, शुरू के 2-3 डोसे खराब होते हैं, इससे परेशान ना हों.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें