रोज की दाल से हो गए हैं बोर? ट्राई करें आयरन और विटामिन से भरपूर मोरिंगा दाल, नोट कर लें आसान रेसिपी
हैदराबाद. रोजाना एक ही तरह की अरहर या मूंग की दाल खाकर अगर आप बोर हो चुके हैं, तो अब अपनी थाली में कुछ नया और सुपरफूड से भरपूर शामिल करने का समय है. सहजन की पत्तियां, जिन्हें मोरिंगा के नाम से भी जाना जाता है, आयुर्वेद में अपने औषधीय गुणों के लिए प्रसिद्ध हैं. जब इन पत्तियों को दाल के साथ पकाया जाता है, तो यह न केवल खाने का स्वाद बढ़ाती हैं, बल्कि इसे पोषण का पावरहाउस भी बना देती हैं.
मोरिंग का दाल बनाने के लिए इन सामाग्रियों की जरूरत पड़ेगी
बेहतरीन मोरिंगा दाल तैयार करने के लिए आपको कुछ खास सामग्रियों की आवश्यकता होगी. जिसमें मुख्य रूप से आधा कप पीली मूंग दाल, ताजी सहजन की पत्तियां, अच्छी तरह धोकर और बारीक कटी हुई, तड़के के लिए बारीक कटा प्याज, टमाटर, 2 लहसुन की कलियां कद्दूकस की हुई, मसाले में आधा चम्मच जीरा, थोड़ा सा हल्दी पाउडर, नमक स्वादानुसार और 1 चम्मच शुद्ध देसी घी या तेल एवं 2 कप पानी की जरूरत पड़ेगी.
ऐसे घर पर बनाएं मोरिंग का दाल
सबसे पहले मूंग दाल को साफ पानी से 2-3 बार धो लें. अब प्रेशर कुकर में दाल, हल्दी और 2 कप पानी डालकर 2-3 सीटी आने तक पकाएं. ध्यान रहे कि दाल पूरी तरह गल जाए. इसके बाद एक कड़ाही या पैन में घी गरम करें. इसमें जीरा डालें और जब वह चटकने लगे, तो लहसुन और प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. लहसुन का कच्चापन निकलने से दाल में सोंधी खुशबू आती है. अब इसमें कटे हुए टमाटर डालें और उनके नरम होने तक पकाएं.
इसके बाद ताजी मोरिंगा की पत्तियां डालें. पत्तियों को सिर्फ 1 मिनट तक ही भूनें, ताकि उनका हरा रंग और पोषक तत्व बरकरार रहें. तैयार तड़के में उबली हुई दाल डालें, आवश्यकतानुसार नमक मिलाएं और मध्यम आंच पर 3-4 मिनट तक उबलने दें. इससे मसालों और पत्तियों का फ्लेवर दाल में अच्छी तरह रच-बस जाएगा.इस गरमा-गरम दाल के ऊपर थोड़ा नींबू का रस और हरा धनिया डालकर इसे चावल या चपाती के साथ परोसें.