वानखेड़े में हिटमैन का आया तूफान, तूफानी फिफ्टी ठोक उड़ाई KKR की धज्जियां, वॉर्नर का महारिकॉर्ड तोड़ा
Last Updated:
Rohit Sharma hits his fastest fifty in IPL: रोहित शर्मा ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ तूफानी अर्धशतक जड़कर गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं. वानखेड़े स्टेडियम में रोहित ने अपना विंटेज अवतार दिखाते हुए सिर्फ 23 गेंदों में पचासा ठोका. रोहित शर्मा का यह आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक है. इसके साथ ही हिटमैन ने डेविड वॉर्नर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया.

रोहित शर्मा ने आईपीएल में ठोकी अपनी सबसे तेज फिफ्टी.
नई दिल्ली. रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 का धमाकेदार आगाज किया है. उन्होंने अपने आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक बनाते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स की धज्जियां उड़ा दीं. वानखेड़े स्टेडियम में रोहित ने सिर्फ 23 गेंदों में फिफ्टी पूरी की. उन्होंने अर्धशतक पूरा करने के लिए 5 छक्के और तीन चौके लगाए. 221 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने ओपनिंग करते हुए इस विस्फोटक बैटिंग से तहलका मचाया. अपनी इस अर्धशतक पारी के दौरान रोहित शर्मा ने कई बड़े रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिए.
रेयान रिकेल्टन के साथ ओपनिंग करने आए रोहित शर्मा ने मुंबई को तूफानी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की. रोहित ने पारी की शुरुआत में कुछ गेंदें संभलकर जरूर खेलीं, लेकिन तीसरे ओवर से उन्होंने हवाई फायर शुरू कर दिया. तीसरे ओवर में अपनी पारी का पहला छक्का लगाने के बाद रोहित रुके नहीं और पावरप्ले के आखिरी ओवर में ही अर्धशतक जड़ दिया. रोहित का 23 गेंदों में 50 रन आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक है. इससे पहले उन्होंने 25 गेंदों में अपनी फास्टेस्ट फिफ्टी बनाई थी, जो आईपीएल 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आई थी. रोहित की पारी 78 रन पर खत्म हुई. उन्होंने 38 गेंदों में यह रन बनाए, जिसमें 6 चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे. रोहित ने 200 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की.
रोहित शर्मा ने आईपीएल में ठोकी अपनी सबसे तेज फिफ्टी.
यह रोहित की आईपीएल में 50वीं फिफ्टी है. वह आईपीएल में सबसे ज्यादा फिफ्टी बनाने के मामले में चौथे नंबर पर हैं. विराट कोहली 72 अर्धशतकों के साथ नंबर-1 हैं. डेविड वॉर्नर (66) और शिखर धवन (53) इस लिस्ट में अन्य नाम हैं. रोहित ने अपनी इस पारी के दौरान डेविड वॉर्नर का बड़ा रिकॉर्ड भी ध्वस्त किया. वह आईपीएल में केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. वॉर्नर 1093 रन के साथ टॉप पर थे. रोहित ने पारी का 11वां रन बनते ही वॉर्नर का यह रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. इस मैच से पहले तक रोहित के नाम केकेआर के खिलाफ आईपीएल में 1083 रन दर्ज थे.
रोहित शर्मा ने टी20 क्रिकेट में 550 छक्के का मुकाम भी हासिल किया. इसके साथ ही 550 छक्के लगाने दुनिया के पहले एशियाई बल्लेबाज भी बन गए हैं. रोहित से पहले यह कारनामा एशिया के किसी भी नहीं ने नहीं किया है. रोहित ने विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ा. वह आईपीएल में एक फ्रेंचाइजी के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं. इससे पहले विराट कोहली के नाम रिकॉर्ड था, जिन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 1159 रन बनाए हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें