प्रेमी युगल को कमरे में बंधक बनाकर पीटा, चेहरे पर कालिख पोती, पति और देवर समेत 10 गिरफ्तार

Share to your loved once


इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से अमानवीयता और रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां के वैदपुरा थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में ‘तालिबानी इंसाफ’ का एक घिनौना मंजर देखने को मिला. प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला और उसके कथित प्रेमी के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि उनके चेहरों पर कालिख पोतकर उन्हें गांव में अपमानित करने का प्रयास किया गया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के पति और उसके दो देवरों समेत कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है.

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बर्रा गांव की रहने वाली तीन बच्चों की मां (28 वर्ष) बीते 26 मार्च को अपनी मर्जी से मैनपुरी जिले के रहने वाले एक युवक (अनमोल) के साथ घर छोड़कर चली गई थी. परिजनों ने पीछा कर 27 मार्च की शाम को महिला को पकड़ लिया और उसे वापस घर ले आए. महिला का आरोप है कि घर वापस लाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसे डराया-धमकाया गया.

आरोप है कि उसी रात करीब 10 बजे, परिजनों ने महिला पर दबाव बनाकर युवक (अनमोल) को फोन करवाया और उसे गांव के पास बुलाने को कहा. महिला के बुलावे पर भरोसा कर युवक रात करीब 11 बजे गांव पहुँचा. जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे परिजनों और ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया.

रात भर बंधक बनाकर अमानवीय अत्याचार
युवक को पकड़ने के बाद आरोपियों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया. पूरी रात उसके साथ लात-घूंसों और जूता-चप्पलों से मारपीट की गई. शनिवार सुबह करीब 5 बजे अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी गईं. आरोपियों ने महिला और युवक, दोनों के चेहरों पर जबरन कालिख पोत दी. प्रत्यक्षदर्शियों और महिला के बयान के अनुसार, आरोपी उन्हें चप्पलों की माला पहनाने और गांव में घुमाने की तैयारी कर रहे थे. इसी बीच किसी जागरूक ग्रामीण ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी.

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा, आरोपियों को भेजा गया जेल
सूचना मिलते ही जसवंतनगर सर्किल की पुलिस उपाधीक्षक (DSP) आयुषी सिंह और वैदपुरा थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मौके से ही हंगामा कर रहे लोगों को हिरासत में लिया और पीड़ित महिला व घायल युवक को रेस्क्यू किया. डीएसपी आयुषी सिंह ने बताया, ‘महिला की शिकायत और उसके प्राथमिक बयानों के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. जांच में पाया गया कि महिला के देवर अमित और रामजीत ने पति पवन सिंह की मौजूदगी में महिला और युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया. इन तीनों मुख्य आरोपियों को हत्या के प्रयास और अन्य संगीन धाराओं में जेल भेज दिया गया है.’

इन लोगों पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने मुख्य आरोपियों के अलावा 7 अन्य लोगों रामनरेश, सनोज कुमार, श्रीचन्द्र, श्यामवीर, अभिषेक, दीप सिंह और रतन सिंह को शांति भंग करने और अमानवीय कृत्य में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

सोमवार को कोर्ट में दर्ज होंगे ब्यान
वैदपुरा के थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी ने बताया कि पीड़ित महिला के बयान के आधार पर उसके पति पवन सिंह देवर रामजीत और अमित सिंह को हत्या के प्रयास, महिला के साथ अमानवीय व्यवहार करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है. प्रारंभिक सूचना के आधार पर 7 लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है. पीड़ित महिला को फिलहाल अदालती बयान के लिए इटावा मुख्यालय के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है, सोमवार को महिला का अदालत में बयान कराया जाएगा. महिला के साथ पकड़े गए अनमोल को गंभीर चोट आई है उसे उपचार के लिए जिला मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय साहित्य चिकित्सालय भर्ती कराया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP