प्रेशर कुकर में सिर्फ 5 मिनट में बनाएं हलवाई जैसे ‘स्पंजी रसगुल्ले’, हर बार बनेंगे सॉफ्ट और जूसी; जानें सीक्रेट तरीका
How To Make Rasgulla In Pressure Cooker : भारतीय मिठाइयों की बात हो और सफेद, रसीले, स्पंजी रसगुल्लों का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. अक्सर महिलाएं घर पर रसगुल्ला बनाने से इसलिए डरती हैं क्योंकि वे या तो सख्त हो जाते हैं या चाशनी में जाते ही फटने लगते हैं. लेकिन अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है! आज हम आपको प्रेशर कुकर में रसगुल्ला बनाने की एक ऐसी सिंपल सा ट्रिक बताने जा रहे हैं, जिससे मात्र 5 मिनट में आप हलवाई जैसे सॉफ्ट रसगुल्ले तैयार कर पाएंगी.
प्रेशर कुकर में बनाएं रसगुल्ला.
जरूरी सामग्री (Ingredients)-
दूध: 1 लीटर (फुल फैट क्रीम दूध)
नींबू का रस/सिरका: 2 बड़े चम्मच
चीनी: 2 कप
पानी: 4 कप
बर्फ के टुकड़े: 15-20 (टेक्सचर के लिए)
इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
गुलाब जल/केवड़ा एसेंस: 2 बूंद (वैकल्पिक)
सजावट के लिए: पिस्ता और केसर के धागे
प्रेशर कुकर में इस तरह बनाएं रसगुल्ले(How To Make Rasgulla In Pressure Cooker)-
स्टेप 1: परफेक्ट ‘छेना’ तैयार करने का तरीका-
सबसे पहले एक सॉस पैन में दूध गर्म करें और उसमें उबाल आने दें. जैसे ही दूध उबलने लगे, आंच धीमी कर दें और इसमें नींबू का रस या सिरका धीरे-धीरे मिलाएं. इसे तब तक चलाएं जब तक कि दूध पूरी तरह फट न जाए और हरा पानी (Whey) अलग न हो जाए. अब गैस बंद कर दें. यहाँ एक सीक्रेट टिप है: फटे हुए दूध में तुरंत बर्फ के टुकड़े डाल दें. इससे छेने का तापमान गिर जाता है और वह बेहद सॉफ्ट बनता है.
स्टेप 2: इस तरह छानें
एक छलनी पर मलमल का कपड़ा (Muslin cloth) बिछाएं और फटा हुआ दूध उसमें पलट दें. अब इसे ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि नींबू की सारी खटास निकल जाए. कपड़े को पोटली की तरह बांधकर अतिरिक्त पानी निचोड़ दें और इसके ऊपर कोई भारी वस्तु रखकर 30 मिनट के लिए छोड़ दें.
स्टेप 3: इस तरह गूंथना है सबसे जरूरी
30 मिनट बाद छेने को कपड़े से निकालकर एक चौड़ी प्लेट में रखें. ध्यान रहे कि छेने में बहुत ज्यादा नमी न हो. अब अपनी हथेलियों की मदद से छेने को कम से कम 5-7 मिनट तक अच्छी तरह मसलें (Knead करें). बंगाली स्पंजी रसगुल्ले का राज इसी स्टेप में छिपा है- जितना चिकना डो (Dough) होगा, रसगुल्ले उतने ही बेहतर बनेंगे. जब डो चिकना हो जाए, तो इससे छोटे-छोटे बॉल्स बना लें.
स्टेप 4: कुकर में चाशनी तैयार करें
अब एक प्रेशर कुकर लें और उसमें 4 कप पानी, 2 कप चीनी और इलायची पाउडर डालकर उबालें. आप चाहें तो इसमें गुलाब जल या केवड़ा एसेंस की कुछ बूंदें भी डाल सकती हैं. जब चीनी पूरी तरह घुल जाए और चाशनी उबलने लगे, तब तैयार किए गए छेना बॉल्स को एक-एक करके सावधानी से चाशनी में डालें.
स्टेप 5: 5 मिनट में होगा तैयार
कुकर का ढक्कन बंद करें और मध्यम आंच पर सिर्फ एक सीटी आने दें. जैसे ही एक सीटी आए, गैस को धीमा कर दें और 3-4 मिनट तक पकने दें. इसके बाद गैस बंद कर दें और प्रेशर को अपने आप निकलने दें. जब आप कुकर खोलेंगी, तो पाएंगी कि रसगुल्ले आकार में दोगुने हो गए हैं और पूरी तरह से स्पंजी बन चुके हैं.
तैयार रसगुल्लों को पूरी तरह से ठंडा होने दें. इनका असली स्वाद तभी आता है जब इन्हें फ्रिज में रखकर ठंडा-ठंडा सर्व किया जाए. ऊपर से केसर और कटे हुए पिस्ता डालकर सजाएं. इस तरीके से बने रसगुल्ले इतने सॉफ्ट होते हैं कि मुंह में जाते ही घुल जाएंगे.
तो अगली बार जब घर पर मेहमान आएं या कुछ मीठा खाने का मन हो, तो घंटों की मेहनत के बजाय प्रेशर कुकर वाला यह 5 मिनट का नुस्खा जरूर आजमाएं.