ईशान किशन की 80 रन की पारी पर फिरा पानी… विराट-देवदत्त और रजत के दम पर आरसीबी ने सनराइजर्स हैदराबाद के मुंह से छीन ली जीत

Share to your loved once


होमखेलक्रिकेट

ईशान की 80 रन की पारी पर फिरा पानी, विराट-देवदत्त के दम पर आरसीबी ने मारी बाजी

Last Updated:

RCB vs SRH Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन के 80 रन के दम पर 9 विकेट पर 201 रन बनाए. जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 15.4 ओवर में 4 विकेट पर 203 रन बनाकर मैच जीत लिया. डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने इसके साथ ही आईपीएल के इस सीजन में जीत से खाता खोला. आरसीबी अपने घर में खेल रही थी.

ईशान की 80 रन की पारी पर फिरा पानी, विराट-देवदत्त के दम पर आरसीबी ने मारी बाजीZoom

आरसीबी ने आईपीएल 2026 का पहला मैच जीतकर किया धमाकेदार आगाज.

नई दिल्ली. आईपीएल 2026 का पहला मैच हाईस्कोरिंग रहा. सनराइजर्स हैदराबाद ने जब 201 रन बनाए तब उसने सोचा भी नहीं होगा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस लक्ष्य को हासिल कर लेंगे. लेकिन विराट कोहली, रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल कुछ अलग सोचकर उतरे थे. तीनों ने मिलकर सनराइजर्स हैदराबाद के मुंह से जीत छीन ली. आरसीबी ने इस मैच को 6 विकेट से जीतकर मौजूदा सीजन का जीत से आगाज किया. पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद विराट और पडिक्कल ने आरसीबी को संभाला. इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने तेजतर्रार पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.

सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से रखे गए 202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने 15.4 ओवर में 4 विकेट पर 203 रन बनाए. विराट कोहली 38 गेंदों पर 69 रन बनाकर नाबाद लौटे. उन्होंने 5 चौके और पांच छक्के लगाए. आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. विस्फोटक ओपनर फिल साल्ट 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद विराट कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला. पडिक्कल 26 गेंदों पर 61 रन बनाकर आउट हुए. पडिक्कल के आउट होने के बाद रजत पाटीदार और विराट ने स्कोर को आगे बढ़ाया.दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े. इसके बाद आरसीबी को लगातार दो झटके लगे.  पाटीदार के बाद जितेश शर्मा भी पवेलियन लौट गए. पाटीदार  ने 12 गेंदों पर 31 रन बनाए वहीं जितेश खाता भी नहीं खोल पाए. कोहली ने 33 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. हैदराबाद की ओर से डेविड पेन ने दो विकेट चटकाए वहीं उनादकट के खाते में एक विकेट गया.

आरसीबी ने आईपीएल 2026 का पहला मैच जीतकर किया धमाकेदार आगाज.

सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 विकेट पर 201 रन बनाए
इससे पहले, कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन के 38 गेंद में 80 रन की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 विकेट पर 201 रन बनाए. ईशान ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाए. उन्होंने चौथे विकेट के लिये हेनरिच क्लासेन (31) के साथ 97 रन की साझेदारी की. आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर करीब दस महीने बाद क्रिकेट की वापसी हुई है. पिछले साल आरसीबी के पहली बार खिताब जीतने के बाद जश्न में मची भगदड़ के दौरान 11 प्रशंसकों की मौत होने से इस मैदान पर क्रिकेट नहीं हो रहा था.

डफी ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिए
आरसीबी के लिये जैकब डफी ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिए. न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने अपने कद का पूरा इस्तेमाल करते हुए बल्लेबाजों को काफी परेशान किया. अभिषेक शर्मा (सात) खुलकर खेल नहीं सके हालांकि उन्होंने डफी को बैकवर्ड प्वाइंट पर छक्का लगाया था. शॉर्ट गेंद के सामने हमेशा असहज होने वाले अभिषेक ने डफी की गेंद पर विकेट के पीछे जितेश शर्मा को कैच थमाया. इससे पहले शुरूआती ओवर में ही अभिषेक को डफी की ही गेंद पर विकेट के पीछे लपके जाने की अपील पर आरसीबी ने एक डीआरएस रिव्यू गंवा दिया था.

ईशान ने दबाव में आए बिना साहसिक पारी खेली
ट्रेविस हेड और नीतिश कुमार रेड्डी को भी डफी ने आउट किया. सनराइजर्स ने पांचवें ओवर में ही 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे और पावरप्ले के बाद स्कोर तीन विकेट पर 49 रन था. ईशान ने हालांकि दबाव में आए बिना साहसिक पारी खेली और 27 गेंद में अर्धशतक पूरा कर दिया. उन्होंने अभिनंदन सिंह को एक ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया. इसके बाद स्पिनर क्रुणाल पंड्या को भी दो छक्के जड़े. अभिनंदन ने ही हालांकि ईशान को डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर फिल साल्ट के हाथों लपकवाया. आखिरी पांच ओवरों में सनराइजर्स के बल्लेबाज 59 रन ही बना सके. अनिकेत वर्मा ने 19 गेंद में 43 रन बनाए जिन्हें भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विराट कोहली ने 26 के स्कोर पर जीवनदान दिया था.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP