‘राजा-महाराजाओं का खजाना’ दिखाकर लगा रहे थे चूना, औरैया पुलिस ने लेडी गैंग समेत 5 को दबोचा
Last Updated:
Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया में ‘राजा-महाराजाओं के गड़े खजाने’ के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. दिबियापुर पुलिस और स्वाट टीम ने 3 महिलाओं समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये ठग मेलों में असली मोती दिखाकर नकली सोने की मालाएं भारी दाम पर बेचते थे. पुलिस ने इनके पास से 5 किलो नकली सोना, नकदी और मोबाइल बरामद किए हैं.

औरैया: क्या आप भी पुरानी रियासतों के गड़े हुए खजाने या राजा-महाराजाओं के दौर के सोने के गहनों की तलाश में रहते हैं? अगर हां, तो सावधान हो जाइए! उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक ऐसे ही शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जो लोगों को ‘जमीन में गड़ा सोना’ देने के नाम पर लाखों की चपत लगा रहा था. औरैया की दिबियापुर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस गैंग के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं.
भीड़भाड़ वाले इलाकों में बिछाते थे जाल
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) आलोक मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था. ये लोग मुख्य रूप से गांवों और कस्बों में लगने वाले मेलों, गल्ला मंडियों और सब्जी मंडियों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों को अपना ठिकाना बनाते थे. गिरोह के सदस्य वहां आने वाले सीधे-सादे लोगों और खासकर महिलाओं को अपनी बातों के जाल में फंसाते थे. वे उन्हें विश्वास दिलाते थे कि उनके पास पुरानी रियासतों और राजा-महाराजाओं के समय का कीमती खजाना है, जो उन्हें जमीन की खुदाई के दौरान मिला है.
असली मोती का ‘लालच’ और ठगी का खेल
इस गिरोह की कार्यप्रणाली जानकर आप दंग रह जाएंगे. पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए ये ठग उन्हें नकली माला दिखाते समय चतुराई से असली सोने का एक छोटा टुकड़ा या मोती भी दिखा देते थे. वे ग्राहक को खुद ही चुनौती देते थे कि वे इस मोती को किसी भी सुनार से चेक करा लें. जब ग्राहक उस असली मोती की शुद्धता की पुष्टि कर वापस आता, तो उसे पूरी माला के असली होने का पक्का यकीन हो जाता था. बस इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी लाखों रुपये वसूलते और नकली माला थमाकर रफूचक्कर हो जाते थे.
कानपुर के शख्स से हुई थी ठगी, ऐसे खुले राज
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब कानपुर देहात के ग्राम हिसावां निवासी जितेंद्र कुमार ने 12 जनवरी को दिबियापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था. जितेंद्र ने बताया कि 5 जनवरी को कुछ लोगों ने उन्हें धोखाधड़ी कर नकली सोने की माला बेच दी थी. पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर गठित तीन टीमों ने जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर अजमतपुर रोड स्थित ब्रह्मदेव मंदिर के पास से घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया.
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में ठगी का सामान बरामद किया है. पुलिस ने करीब 5 किलो नकली सोना (पीली धातु की मालाएं), पीली धातु के तार के 3 बंडल, 2 हुक, लोहे की चिमटी और सुई-धागा. 24,500 रुपये कैश और 3 मोबाइल फोन.
पकड़े गए आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भीम भाट, गुलशन शर्मा, पूनम, देवली शर्मा और राजवती शामिल हैं. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक और कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें