पौधों में लग गए हैं कीड़े? 5 रुपये के घोल से मिलेगी परमानेंट छुट्टी, जानें खास टिप्स – News18 हिंदी
Organic Pest Control Tips: सीतामढ़ी के बागवानी विशेषज्ञों ने रसायनों के दौर में पौधों की सुरक्षा के लिए एक प्राकृतिक ढाल खोज निकाली है. नीम ऑयल न केवल हानिकारक कीटों का काल बन रहा है, बल्कि यह पौधों के लिए एक बेहतरीन फंगीसाइड और सॉइल कंडीशनर के रूप में भी उभरा है. बागवानी प्रेमी रूपेश कुमार के अनुसार नीम ऑयल सफेद मक्खी, मिलीबग और स्पाइडर माइट्स जैसे जिद्दी कीटों को जड़ से खत्म करता है. सबसे खास बात यह है कि यह कीटों की प्रजनन क्षमता को रोकता है. जिससे उनका हमला दोबारा नहीं होता. मिट्टी में इसका उपयोग जड़ गांठ रोग (निमेटोड्स) से भी सुरक्षा प्रदान करता है. जिससे पौधों का विकास तेजी से होता है. इसका घोल बनाना बेहद सरल है. एक लीटर पानी में 5 मिली नीम ऑयल और थोड़ा लिक्विड सोप मिलाकर पत्तियों के ऊपर-नीचे छिड़काव करें. विशेषज्ञों की सलाह है कि 1500 PPM वाला नीम ऑयल गार्डनिंग के लिए सबसे प्रभावी है. धूप से बचने के लिए इसका स्प्रे हमेशा सुबह या शाम को ही करना चाहिए.
