‘अमिताभ बच्चन से बेहतर परफॉर्म किया था’, प्रियदर्शन ने असरानी को किया याद, बताया कम्पलीट एक्टर
Last Updated:
दिग्गज एक्टर असरानी का पिछले साल अक्टूबर में निधन हो गया था. डायरेक्टर प्रियदर्शन और अक्षय कुमार ने उन्हें याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी है. प्रियदर्शन ने तो यहां तक कह दिया कि फिल्म अभिमान में कई मौकों पर असरानी का अभिनय अमिताभ बच्चन से भी बेहतर था. उनके मुताबिक, असरानी एक कम्पलीट एक्टर थे जो हर किरदार में जान फूंक देते थे. अक्षय ने भी असरानी के साथ बिताए आखिरी दिनों को याद करते हुए उनकी दी हुई सीख का जिक्र किया.

असरानी ने अमिताभ बच्चन के साथ अभिमान फिल्म में काम किया था.
नई दिल्ली. अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ दिग्गज एक्टर असरानी की आखिरी फिल्मों में से एक के तौर पर याद की जाएगी. इस फिल्म का डायरेक्शन प्रियदर्शन ने किया है. संयोग देखिए कि अपनी जिंदगी की आखिरी दो फिल्में उन्होंने प्रियदर्शन के साथ ही कीं. खास बात यह भी है कि असरानी भूत बंगला नहीं बल्कि ‘हैवान’ में भी अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगे. पिछले साल अक्टूबर में असरानी का निधन हो गया था. अब प्रियदर्शन ने दिग्गज एक्टर के साथ काम करने का अनुभव बताया है.
स्क्रीन के साथ बातचीत के दौरान प्रियदर्शन थोड़े भावुक दिखे. उन्होंने कहा, ‘मैं और अक्षय खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि हमें असरानी साहब की आखिरी दो फिल्मों में उनके साथ काम करने का मौका मिला. मैंने उन्हें मेरे अपने के दौर से देखा है, ‘शोले’ में उनका अंदाज बिल्कुल जुदा था, तो कोशिश में वह विलेन बनकर उभरे. ‘अभिमान’ में तो उनका काम लाजवाब था. सच कहूं तो कई बार मुझे महसूस हुआ कि कुछ सीन्स में उन्होंने अमिताभ बच्चन से भी बेहतर परफॉर्म किया है.’
असरानी को बताया कम्पलीट एक्टर
डायरेक्टर ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘असरानी साहब एक मुकम्मल कलाकार थे. इस फिल्म में मैंने उनकी कॉमिक टाइमिंग का भरपूर इस्तेमाल किया है. उनके साथ मेरा जुड़ाव बहुत पुराना रहा है और उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है. भूत बंगला में अक्षय और असरानी की जोड़ी आपको लोटपोट कर देगी, दोनों के साथ में कुछ बेहद मजेदार सीन्स हैं.’
असरानी ने अक्षय कुमार को दी थी सीख
अक्षय कुमार ने भी असरानी के साथ हुई अपनी आखिरी मुलाकातों को याद किया. उन्होंने बताया, ‘मैंने उनके साथ अनगिनत फिल्में की हैं. अपने आखिरी दिनों में उन्होंने मुझसे अपनी जिंदगी के कुछ निजी अनुभव साझा किए थे. उन्होंने मुझे अपनी जिंदगी के सबसे बुरे दौर के बारे में बताते हुए एक बड़ी सीख दी थी. उन्होंने कहा था कि कभी खुद फिल्म प्रोड्यूस मत करना.
खुद के पैसे लगाकर फिल्म मत बनाना
एक्टर उस किस्से को दोहराते हुए कहा, ‘असरानी जी ने मुझसे कहा था कि अक्षय, अपनी जेब से पैसा लगाकर फिल्म बनाना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी. जब आप किसी और के पैसे से फिल्म बनाते हैं, तो नफा-नुकसान उसका होता है, वह ठीक है. लेकिन जब आप ज्यादा मुनाफे के लालच में अपना खुद का पैसा दांव पर लगा देते हैं, तो चीजें अक्सर हाथ से निकल जाती हैं और भारी तनाव देती हैं’.
इस दिन रिलीज होगी भूत बंगला मूवी
बताते चलें कि ‘भूत बंगला’ साल 2026 की उन फिल्मों में से एक है जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. 123 तेलुगु की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का ट्रेलर 30 मार्च को रिलीज किया जा सकता है, हालांकि मेकर्स ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी दिलचस्प है, जिसमें अक्षय कुमार के साथ तबू, वामिका गब्बी और परेश रावल जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
About the Author
साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें