दुनिया के 5 गेंदबाज…जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में लिए सबसे ज्यादा विकेट, 16 साल से नहीं टूटा मुरलीधरन के 800 विकेटों का विश्व कीर्तिमान
Last Updated:
Most wickets in career in Test: टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में विकेटों का पहाड़ खड़ा करने वाले दुनिया के टॉप-5 गेंदबाजों ने दुनिया के महानतम बल्लेबाजों को घुटनों पर ला दिया. मुथैया मुरलीधरन 800 विकेटों के साथ ‘अजेय’ शिखर पर काबिज हैं, जबकि शेन वॉर्न और जेम्स एंडरसन जैसे दिग्गजों ने 700 का आंकड़ा पार कर अपनी धाक जमाई है. भारत के अनिल कुंबले 619 विकेटों के साथ इस एलीट लिस्ट में शान से शामिल हैं, जो उनकी अद्भुत खेल क्षमता का प्रमाण है.

दुनिया के 5 गेंदबाज जिन्होंने सबसे ज्यादा विकेट चटकाए.
नई दिल्ली. क्रिकेट का सबसे शुद्ध और कठिन प्रारूप ‘टेस्ट क्रिकेट’ माना जाता है. यहां बल्लेबाजों के धैर्य की परीक्षा होती है, तो गेंदबाजों के कौशल और स्टेमिना की. टेस्ट क्रिकेट के 149 साल से ज्यादा के इतिहास में हजारों गेंदबाज आए और गए, लेकिन कुछ ऐसे नाम रहे जिन्होंने अपनी फिरकी और रफ्तार से बल्लेबाजों के मन में खौफ पैदा कर दिया. दुनिया के टॉप 5 गेंदबाजों की हम बात करेंगे, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं. इस लिस्ट में स्पिन का जादू भी है और तेज गेंदबाजी की धार भी. श्रीलंका के जादुई स्पिनर मुथैया मुरलीधरन इस लिस्ट में पहले स्थान पर हैं. उन्होंने अपने करियर में 800 टेस्ट विकेट लिए हैं, जो एक ऐसा विश्वकीर्तिमान है जिसे तोड़ना नामुमकिन सा लगता है. मुरलीधरन ने 67 बार पारी में 5 विकेट और 22 बार मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया है. उनकी ‘दूसरा’ और ऑफ-स्पिन ने दुनिया के महानतम बल्लेबाजों को भी चकमा दिया.
दिवंगत ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज शेन वॉर्न (Shane Warne) इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं. वॉर्न ने 145 मैचों में 708 विकेट चटकाए. वॉर्न को ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ के लिए याद किया जाता है. उन्होंने लेग-स्पिन गेंदबाजी को एक नई पहचान दी और अपनी माइंड-गेम से बल्लेबाजों को आउट करने की कला में महारत हासिल की. इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन (James Anderson) टेस्ट इतिहास के सबसे सफल तेज गेंदबाज हैं. उन्होंने 2024 में अपने शानदार करियर पर विराम लगाया, तब उनके नाम 704 विकेट दर्ज थे. एंडरसन की जेम्स एंडरसन की ‘आउटस्विंग’ और ‘इनस्विंग’ ने दो दशकों तक बल्लेबाजों को परेशान किया. 188 टेस्ट मैचों का अनुभव उन्हें इस खेल का सबसे टिकाऊ गेंदबाज बनाता है.
दुनिया के 5 गेंदबाज जिन्होंने सबसे ज्यादा विकेट चटकाए.
भारत का ‘जम्बो’ और ‘परफेक्ट 10’ का हीरो
भारत के सबसे सफल गेंदबाज अनिल कुंबले (Anil Kumble) इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं. ‘जम्बो’ के नाम से मशहूर कुंबले ने 132 मैचों में 619 विकेट लिए. कुंबले के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में सभी 10 विकेट (10/74) लेना रही है. वह एक ऐसे योद्धा थे जो टूटे हुए जबड़े के साथ भी गेंदबाजी करने का साहस रखते थे.
एंडरसन का जोड़ीदार और विकेटों का शहंशाह स्टुअर्ट ब्रॉड
इंग्लैंड के एक और तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड इस एलीट लिस्ट में पांचवें नंबर पर आते हैं. उन्होंने 2023 में संन्यास लेने से पहले 604 विकेट अपने नाम किए. ब्रॉड अपनी घातक स्पेल और एशेज सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए जाने जाते थे. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 15 रन देकर 8 विकेट लेना उनके करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन है.
वर्तमान गेंदबाजों के लिए यहां तक पहुंचना बड़ी चुनौती
ये पांचों गेंदबाज क्रिकेट के अलग-अलग दौर के महानायक रहे हैं.मुरलीधरन और वॉर्न ने स्पिन का जादू चलाया, तो एंडरसन और ब्रॉड ने तेज गेंदबाजी का परचम लहराया. वहीं कुंबले ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ से भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया. वर्तमान पीढ़ी के गेंदबाजों के लिए इन रिकॉर्ड्स तक पहुंचना एक बड़ी चुनौती होगी.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें