खरबूजा खरीदते समय न करें ये गलती! इन आसान टिप्स से चुनें हमेशा मीठा, रसीला और परफेक्ट पका हुआ
Best Muskmelon Tips: गर्मी का मौसम आते ही बाजार में रंग-बिरंगे फल दिखने लगते हैं, और उनमें सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है खरबूजा. बाहर से देखने में लगभग हर खरबूजा एक जैसा लगता है, लेकिन असली फर्क उसके स्वाद में होता है. कई बार ऐसा होता है कि हम बड़े शौक से खरबूजा खरीदकर लाते हैं, लेकिन काटने पर वो फीका या कम मीठा निकलता है. इससे पूरा मजा खराब हो जाता है. खासकर सीजन की शुरुआत में यह दिक्कत ज्यादा होती है क्योंकि उस समय कई फल पूरी तरह पके नहीं होते, अगर आप भी हर बार मीठा और रसीला खरबूजा खरीदना चाहते हैं, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
अच्छी बात ये है कि इसके लिए आपको एक्सपर्ट बनने की जरूरत नहीं है. बस डंठल, खुशबू, छिलके और हल्के दबाव से ही आप पहचान सकते हैं कि कौन सा खरबूजा मीठा निकलेगा. इस आर्टिकल में हम आपको ऐसे ही आसान और काम के टिप्स बता रहे हैं, जो अगली बार फल खरीदते वक्त आपकी मदद करेंगे.
मीठे खरबूजे की पहचान कैसे करें
1. डंठल से समझें असली मिठास
खरबूजा खरीदते समय सबसे पहले उसके डंठल वाले हिस्से को जरूर चेक करें. उसे हाथ में लेकर डंठल के पास हल्की सी खुशबू लें, अगर वहां से मीठी और हल्की फूलों जैसी महक आ रही है, तो समझ लीजिए कि फल पका हुआ है, अगर डंठल बहुत ज्यादा सूखा हो या उसमें कोई खुशबू न आए, तो वो खरबूजा अंदर से फीका हो सकता है. वहीं अगर डंठल के पास थोड़ा सा नरम या जेल जैसा महसूस हो, तो इसका मतलब है कि फल ताजा है और हाल ही में तोड़ा गया है.
2. हल्का दबाकर जरूर देखें
खरबूजा खरीदते वक्त उसे हल्के हाथ से दबाकर देखना भी एक आसान तरीका है, अगर हल्का दबाने पर फल थोड़ा सा नरम लगे, तो यह पके होने का संकेत है. ध्यान रखें, अगर खरबूजा बहुत ज्यादा दब रहा है, तो वो अंदर से खराब भी हो सकता है. ऐसे फल से बचना ही बेहतर है. सही खरबूजा वही है जो हल्का नरम हो, लेकिन ज्यादा दबे नहीं.
3. छिलके की धारियां और रंग देखें
खरबूजे का छिलका भी उसकी मिठास के बारे में बहुत कुछ बता देता है, अगर उसके ऊपर गहरे हरे और नारंगी रंग की साफ धारियां हैं, तो यह अच्छा संकेत है. इसके अलावा अगर छिलके पर जालीदार पैटर्न साफ और बराबर बना हुआ है, तो ऐसे खरबूजे आमतौर पर मीठे निकलते हैं. हल्का पीला या सुनहरा रंग इस बात का इशारा करता है कि फल पूरी तरह पक चुका है और खाने के लिए तैयार है.
खरबूजा खाने के फायदे
गर्मी में खरबूजा सिर्फ स्वाद ही नहीं देता, बल्कि सेहत के लिए भी काफी अच्छा होता है. इसमें लगभग 90% से ज्यादा पानी होता है, जो शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है. खरबूजा खाने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती और थकान भी कम महसूस होती है. इसमें फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जिससे पेट जल्दी भर जाता है और वजन कंट्रोल करने में भी मदद मिलती है. इसके अलावा इसमें विटामिन और पोटैशियम भी पाए जाते हैं, जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं, अगर आप रोजाना डाइट में खरबूजा शामिल करते हैं, तो यह आपकी सेहत के लिए एक अच्छा कदम हो सकता है.
खरबूजा खरीदते वक्त इन गलतियों से बचें
सिर्फ साइज देखकर फल न चुनें. बहुत ज्यादा नरम या बहुत सख्त खरबूजा न लें. बिना खुशबू वाले फल से बचें. छिलके के फीके रंग वाले खरबूजे कम मीठे हो सकते हैं.