खेत में गेहूं काट रही थी महिला, तभी मोबाइल पर आया ऐसा मैसेज, कामकाज छोड़ पति भागते हुए पहुंचा बैंक
Last Updated:
Mainpuri News: यूपी के मैनपुरी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. मैनपुरी में एक महिला के खाते में अचानक इतने पैसे आ गए कि पूरे गांव में इसकी चर्चा हो रही है. आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है.

मैनपुरी महिला के खाते में आए 10 करोड़
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला के खाते में अचानक करोड़ों रुपये आने से हड़कंप मच गया. बिछवां थाना क्षेत्र के गांव देवगंज निवासी सीता देवी उस समय हैरान रह गईं, जब उनके मोबाइल पर गुरुवार को एक मैसेज आया. उस वक्त वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत में गेहूं की कटाई कर रही थीं.
जैसे ही सीता देवी ने मैसेज खोला, उन्हें अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ. मैसेज में बताया गया था कि उनके बैंक खाते में करीब 10 करोड़ रुपये जमा हो गए हैं. पहले तो उन्हें लगा कि यह कोई मजाक या तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है. इसके बाद उन्होंने तुरंत अपने पति को बुलाया और उन्हें पूरा मामला बताया. पति ने भी मैसेज देखा तो वह भी हैरान रह गया.
बैलेंस देख परिवार के उड़े होश
सच्चाई जानने के लिए सीता देवी का पति तुरंत नजदीकी एटीएम पहुंचा और खाते का बैलेंस चेक किया. बैलेंस देखकर उसके भी होश उड़ गए, क्योंकि खाते में 9.99 करोड़ रुपये से अधिक की रकम दिखाई दे रही थी. इस पूरी घटना का वीडियो भी मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सीता देवी ने दिखाई समझदारी
बताया जा रहा है कि सीता देवी का खाता बैंक ऑफ इंडिया की सुल्तानगंज शाखा में है. घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें सलाह दी कि बिना पूरी जानकारी के खाते से किसी भी तरह का लेन-देन न करें. सीता देवी ने भी समझदारी दिखाते हुए फैसला किया है कि बैंक खुलने के बाद ही वह अधिकारियों से इस बारे में जानकारी लेंगी और आगे का कदम उठाएंगी.
वहीं इस मामले की जानकारी मिलने के बाद बैंक अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी गड़बड़ी या बैंकिंग त्रुटि माना जा रहा है, लेकिन असल कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.