नोएडा जेवर एयरपोर्ट का उद्धाटन समारोह कितने बजे शुरू होगा, किन स्थानों की बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था? जानें सबकुछ
नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है. 28 मार्च यानी कुछ ही घंटों बाद देश को एक और बड़ा इंटरनेशनल एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर मिलने जा रहा है, जो यूपी का नया पावरहाउस बनने की दिशा में आगे बढ़ चुका है. 28 मार्च को पीएम मोदी दोपहर 12 बजे एयरपोर्ट का उद्घाटन करने जा रहे हैं. एयरपोर्ट में 3900 मीटर लंबा रनवे है. एडवांस्ड लाइटिंग सिस्टम की मदद से यहां सालभर 24 घंटे सुरक्षित उड़ान का संचालन संभव होगा.
BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचकर सभा स्थल पर तैयारियों को परख रहे हैं. एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के साथ पीएम मोदी विशाल जनसभा भी करेंगे. करीब 2 लाख से ज्यादा लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है. एयरपोर्ट छावनी में बदलने लगा है. एसपीजी और केंद्रीय एजेंसियां यहां पहुंच चुकी हैं. कार्यक्रम स्थल पर पंडाल लगाए जा रहे हैं.
एसपीजी और एनएसजी कमांडो तैनात
सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं. मुख्य पंडाल के आसपास एसपीजी और एनएसजी कमांडो तैनात रहेंगे. आसपास के भवनों पर स्नाइपर, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे. और कुल 5 लेयर में सुरक्षा व्यवस्था होगी. इसके साथ ही बिना वैध पास के पंडाल के पास जाने पर रोक लगाई गई है. इसके अलावा बिजली, पानी की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है. एयरपोर्ट के आसपास 8 जगह पार्किंग की सुविधा होगी.
मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित
पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर विकसित इस प्रोजेक्ट में फेज 1 के लिए करीब 11 हजार 200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है. शुरुआती चरण में एयरपोर्ट की यात्री क्षमता 1 करोड़ 20 लाख पैसेंजर प्रति वर्ष रखी गई है, जिसे आगे चलकर हर साल 7 करोड़ यात्रियों तक पहुंचाने की दिशा में काम होगा.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया गया है. यूपी के विकास को उड़ान देने के अलावा ये एयरपोर्ट दिल्ली NCR की कनेक्टिविटी, अर्थव्यवस्था और भारत के एविएशन नेटवर्क को एक नई दिशा देने की तैयारी में है.
जीरो प्वाइंट से महज 25 से 30 मिनट का रास्ता
यमुना एक्सप्रेस वे और यमुना एक्सप्रेस वे पर बने जीरो प्वाइंट से महज 25 से 30 मिनट में एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा. उद्घाटन समारोह की जोर-शोर से तैयारियां की जा रही है. सीएम योगी आदित्यनाथ उद्घाटन से पहले एयरपोर्ट का जायजा ले चुके हैं. नोएडा एयरपोर्ट पूरी तरह से आधुनिक तकनीक से लैस है. जगह-जगह साइन बोर्ड लगाए गए हैं. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पार्किंग एरिया को टर्मिनल के इतना करीब रखा गया है कि पैदल ही 5 मिनट में पहुंचा जा सकेगा.
यात्रियों के लिए सुविधा से लैस
इसके अलावा एयरपोर्ट में एक अफोर्डेबल ईटरी यानी भोजनालय सेक्शन बनाया गया है, जिससे यहां अच्छी क्वालिटी वाला खाना मिलेगा. एस्केलेटर और खास बेबी केयर रूम जैसी सुविधाएं छोटे बच्चों वाले परिवारों के लिए यात्रा को आरामदायक बनाएगी. पहले चरण में टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल लगभग 1.38 लाख वर्गमीटर है, जिसमें 48 चेक इन काउंटर, नौ सुरक्षा जांच लेन और नौ इमिग्रेशन काउंटर बनाए गए हैं.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा, वहीं रोजगार के अवसर भी बढ़ेगे. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की. संगठन महामंत्री धर्मपाल भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए.