Iqbal Ansari gifts lord ram idol in ayodhya On auspicious occasion of Ram Navami | रामनवमी के पावन अवसर पर इकबाल अंसारी ने भेंट की प्रभु राम की तस्वीर
Last Updated:
रामनगरी अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर में रामनवमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का भव्य और अलौकिक आयोजन हुआ. दोपहर ठीक 12 बजे सूर्य की किरणों ने रामलला के ललाट पर सूर्य तिलक किया. रामनवमी के पावन अवसर पर इकबाल अंसारी ने सुरक्षाकर्मियों और श्रद्धालुओं को प्रभु राम की तस्वीर भेंट की और इसका महत्व भी बताया.
रामनवमी के पावन अवसर पर बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने अपने सुरक्षाकर्मियों को भगवान राम लला की तस्वीर भेंट की. इस दौरान उन्होंने इसके पीछे की खास वजह बताई. इकबाल अंसारी ने बताया कि राम नवमी के पावन पर्व पर तस्वीर देने का उद्देश्य यह है कि जिसके पास भी राम लला की तस्वीर पहुंचेगी, प्रभु श्री राम उन्हें सही रास्ता दिखाएंगे और सद्बुद्धि देंगे. बता दें कि इकबाल अंसारी अयोध्या भूमि विवाद मामले में एक प्रमुख मुस्लिम पक्षकार थे, जिन्होंने अपने पिता हाशिम अंसारी के निधन के बाद कानूनी लड़ाई को आगे बढ़ाया था.
हर किसी के पास राम लला की तस्वीर रहे – इकबाल अंसारी ने कहा कि ये तस्वीरें हमने श्रद्धालुओं को और जो भी यहां आते-जाते हैं उन्हे भी भेंट कीं. हम सभी को ये तस्वीरें दे रहे हैं क्योंकि ये अयोध्या की श्रद्धा और भगवान राम का आशीर्वाद है. हम हर चीज मानते हैं और मुझे खुशी है कि हमने सबको ये तस्वीरें भेंट कीं. प्रभु श्री राम की तस्वीर देने का मकसद यह है कि हर किसी के पास राम लला की तस्वीर रहे, लोगों के मन में उनके प्रति आस्था बनी रहे और श्रद्धा के साथ उनके नियमों का पालन करें. उन्होंने आगे बताया कि आज राम नवमी का पावन पर्व है. रामलला की तस्वीरों का अलग महत्व है. लोग यहां आते हैं और राम लला की तस्वीर लेकर जाते हैं. ये उनकी गहरी श्रद्धा का प्रतीक है.
सूर्य भगवान ने किया रामजी का तिलक – अंसारी ने अयोध्या की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अयोध्या एक धार्मिक नगरी है. ये प्रभु श्री राम की नगरी है. यहां सभी देवी-देवता निवास करते हैं. यह ऐसी जगह है जहां स्वयं प्रभु श्री राम विराजमान हैं और आज का दिन तो बेहद खास है, जब सूर्य भगवान ने खुद अपने प्रकाश से भगवान राम का तिलक किया. यह पूरे देशवासियों के लिए बहुत खुशी की बात है. यहां आने वाले सभी लोग बेहद खुश हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अयोध्या का नजारा देखने लायक – इकबाल अंसारी ने कहा कि अगर प्रभु श्रीराम की तस्वीर सभी के पास रहेगी, तो सभी भगवान के बताए रास्तों पर चलेंगे और हमारा देश तरक्की करेगा, जो हमारे देश के लिए बहुत अच्छी बात है. राम नवमी के पावन पर्व पर अयोध्या का नजारा देखने लायक है. इस मौके पर 20 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पंजाब के मानसा से अयोध्या धाम तक करीब 900 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी की. इस दौरान वे चांदी की खड़ाऊ और भगवा झंडे साथ लेकर चले.
शुभ मुहूर्त में रामलला का दिव्य सूर्य तिलक – रामनवमी के पावन अवसर पर आज दोपहर ठीक 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में सूर्य की किरणों ने रामलला के ललाट पर सूर्य तिलक किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर दिव्य आभा से आलोकित हो उठा और श्रद्धालु भावविभोर हो गए. रामनवमी के मौके पर आयोजित इस विशेष अनुष्ठान में सूर्य की किरणें वैज्ञानिक तकनीक के माध्यम से सीधे गर्भगृह तक पहुंचाई गईं और करीब नौ मिनट तक रामलला के ललाट पर केंद्रित रहीं. इसे भगवान राम के जन्म क्षण का प्रतीकात्मक पुनर्सृजन माना गया. प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह दूसरा अवसर है जब रामलला का सूर्य तिलक संपन्न हुआ.