गेंदबाज बरपाएंगे कहर या बल्लेबाजों का होगा राज, बेंगलुरु में कैसा रहेगा पिच का मिजाज, जानिए रिपोर्ट कार्ड

Share to your loved once


नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ आईपीएल का बिगुल बजने को तैयार है. शनिवार, 28 मार्च 2026 को बेंगलुरु के ऐतिहासिक एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक ऐसी टक्कर होने जा रही है. जिसका इंतजार करोड़ों फैंस को है. मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने घरेलू मैदान पर पूर्व चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने खिताब को डिफेंड करने के इरादे से उतरेगी. पिछला सीजन आरसीबी के लिए किसी परीकथा से कम नहीं था.17 लंबे सालों के इंतजार के बाद नंबर 18 की जर्सी पहनने वाले विराट कोहली ने आखिरकार 18वें प्रयास में ‘प्रॉमिस लैंड’ यानी खिताबी जीत का स्वाद चखा. कर्नाटक की इस टीम ने न केवल ट्रॉफी जीती, बल्कि उस ‘ट्रॉफी-कर्स’ को भी तोड़ दिया जो सालों से उनका पीछा कर रहा था.

अब सवाल यह है कि क्या आरसीबी अपनी इस बादशाहत को बरकरार रख पाएगी? पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली जिस फॉर्म और जुनून में हैं, उसे देखते हुए बेंगलुरु के फैंस को पूरी उम्मीद है कि इस बार भी ‘ई साला कप नम्दे’ की गूंज जीत के जश्न में बदलेगी. आरसीबी और एसआरएच की टीमें अभी तक 25 मुकाबलों में आमने सामने हुई हैं जहां हैदराबाद ने 13 मैच जीते हैं वहीं बेंगलुरु ने 11 मैचों में बाजी मारी है.एक मैच बेनतीजा रहा है.

आरसीबी बनाम एसआरएच मैच से शनिवार को होगा आईपीएल का आगाज.

चिन्नास्वामी में फिर दिखेगा बल्लेबाजों का राज

जब भी आरसीबी और एसआरएच की टीमें आमने-सामने होती हैं, तो क्रिकेट फैंस को एक ‘रन फेस्ट’ यानी रनों की बौछार देखने को मिलती है. दोनों ही टीमें ‘टॉप-हैवी’ हैं, यानी उनके पास दुनिया के सबसे बेहतरीन विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं. चिन्नास्वामी स्टेडियम की खासियत यहां की पिच सपाट है और गेंद बल्ले पर बहुत अच्छी तरह आती है. इस ग्राउंड की बाउंड्री छोटी हैं, जिसका फायदा उठाकर बल्लेबाज आसानी से छक्के जड़ते हैं.

गेंदबाजों के लिए चुनौती

यहां गेंदबाजों के लिए गलतियों की गुंजाइश न के बराबर है.कई बार तो मिस-हिट शॉट भी सीधे स्टैंड्स में जाकर गिरते हैं, जिससे गेंदबाजों का मनोबल टूट जाता है. बुकमेकर्स और क्रिकेट पंडितों का मानना है कि इस उद्घाटन मैच में स्कोर 200 रन के पार जाना तय है.

गर्मी और उमस बढ़ाएगी चुनौती

बेंगलुरु में शनिवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन इस बार कर्नाटक की राजधानी में गर्मी सामान्य से थोड़ी अधिक है. दिन का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जो शाम होने पर गिरकर 18 से 20 डिग्री तक आ जाएगा. गर्मी के साथ-साथ उमस (Humidity) अधिक रहने वाली है, जिससे खिलाड़ियों की फिटनेस और धैर्य की कड़ी परीक्षा होगी.

बारिश का कोई खतरा नहीं

राहत की बात यह है कि बारिश या बूंदाबांदी की कोई संभावना नहीं जताई गई है, जिसका मतलब है कि दर्शकों को पूरे 40 ओवर का रोमांच देखने को मिलेगा. यह केवल एक मैच नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे अमीर टी20 लीग का भव्य स्वागत है. जिस तरह की फॉर्म में दोनों टीमों के खिलाड़ी हैं और चिन्नास्वामी की जो परिस्थितियां हैं, उसे देखते हुए यह सीजन का पहला मैच ही कई पुराने रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर सकता है. आरसीबी जहां अपनी बादशाहत कायम रखना चाहेगी, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद पिछली हार का बदला लेकर सीजन की धमाकेदार शुरुआत करने के लिए बेताब होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP