अगर IPL देखने जाएं तो स्टेडियम के किस हिस्से में बैठकर सबसे अच्छा दिखता है?
चौके-छक्के का असली रोमांच, तो साइड व्यू पकड़ें
अगर आपको बाउंड्री पर खड़े फील्डर की डाइव, बल्लेबाज का कवर ड्राइव और छक्का अपनी तरफ आते देखना है, तो East Stand या West Stand आपके लिए है. यहां से मिड-विकेट और कवर बाउंड्री का नजारा शानदार होता है.
एक खास टिप: अगर आप बाउंड्री लाइन के पास पहली 5-10 पंक्तियों में बैठते हैं, तो बाउंड्री पर खड़े फील्डर को नजदीक से देख सकते हैं. इसी जगह से आपको सिक्स उड़ते हुए दिखेंगे.
छक्का पकड़ने का सपना है?
यह वाली सीट थोड़ी अलग सोच वाले लोगों के लिए है. अगर आपका सपना है कि छक्का उड़कर सीधे आपके हाथ में आए, तो फर्स्ट फ्लोर वाले स्टैंड में बैठें, और वह भी Long-on या Long-off वाले कोने में. ये कैच के लिए सबसे ‘हॉट जोन’ हैं. छक्के के लिए उड़कर आई गेंद को ध्यान से पकड़ें, कभी-कभार चोट लग जाती है.
बड़े स्टेडियम में ऊंचाई का गणित
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम जैसे बड़े मैदान में, जो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है और 1 लाख 32 हजार लोगों की क्षमता वाला है, वहां ऊंचाई का फर्क बहुत पड़ता है.
ग्राउंड फ्लोर: खिलाड़ियों के सबसे करीब होते हैं आप, लेकिन पूरे मैदान का व्यू ‘फ्लैट’ लगता है. गेंद कितनी दूर गई, यह समझना मुश्किल हो जाता है.
फर्स्ट फ्लोर: यह सबसे बेस्ट जगह है. ना ज्यादा ऊंचे, ना ज्यादा नीचे. पूरा मैदान एक फ्रेम में दिखता है और खिलाड़ियों के चेहरे भी साफ नजर आते हैं. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में Blocks N और E से पिच का सबसे बेहतर नजारा मिलता है.
सेकंड फ्लोर: सबसे सस्ती सीटें यहीं मिलती हैं. लेकिन यहां से खिलाड़ी कद में छोटे दिखते हैं. अगर सिर्फ माहौल का मजा लेना है, भीड़ की चिल्लाहट में डूबना है, तभी यहां बैठें.
धूप से बचने का सबसे आसान तरीका
IPL के मैच शाम को शुरू होते हैं, लेकिन गेट्स मैच से करीब तीन घंटे पहले खुल जाते हैं. यानी आप 4-5 बजे स्टेडियम में होंगे, उस वक्त धूप तगड़ी होती है.
देसी जुगाड़ ये कि हमेशा West Stand की टिकट लेने की कोशिश करें. शाम को सूरज पश्चिम में डूबता है. अगर आप East Stand में बैठे, तो सूरज सीधे आंखों में चुभेगा. West Stand में आपके पीछे सूरज होगा, यानी छांव जल्दी मिलेगी और आंखें भी बचेंगी.
स्टेडियम के अंदर क्या ले जाएं, क्या नहीं?
यहां बहुत लोग चूक जाते हैं और गेट पर सामान छिन जाता है या लाइन में वापस भेज दिया जाता है.
ये चीजें बिल्कुल अंदर नहीं जाएंगी
– बाहर का खाना या पीना बिल्कुल अंदर नहीं ले जा सकते. पानी की बोतल, कोल्डड्रिंक, शराब, सब गेट पर जब्त हो जाएगा. इसके अलावा लाइटर, टिन/कैन, पटाखे, हेलमेट, बड़े बैग और कोई भी नुकीली चीज अंदर नहीं जा सकती. DSLR कैमरा भी अंदर नहीं ले जा सकते.
– एक बार अंदर गए तो बाहर नहीं निकल सकते: स्टेडियम में एंट्री के बाद री-एंट्री की अनुमति नहीं है.
– अगर टिकट का बारकोड छेड़ा गया हो, या टिकट फटी या खराब हो, तो एंट्री नहीं मिलेगी.
– क्या ले जाएं: फोन, वैलिड ID (आधार/PAN), पतला-सा छोटा पर्स. बस इतना काफी है.
टिकट कहां से बुक करें और कितने में पड़ेगी?
BookMyShow, Paytm Insider, District by Zomato, यही तीन भरोसेमंद प्लेटफॉर्म हैं. इनके अलावा अपनी फेवरेट टीम की ऑफिशियल वेबसाइट पर भी टिकट मिलती है.
किसी भी तीसरे पार्टी रिसेलर से टिकट मत खरीदिए, नकली टिकट का धंधा जोरों पर है. बड़े स्टेडियम में टिकट का दायरा देखें तो जनरल सीटें करीब ₹900 से शुरू होती हैं, जबकि VIP टिकट ₹25,000 से भी ऊपर जा सकती हैं.