meerut bodybuilder death | meerut hindi news | मेरठ में बॉडीबिल्डर की मौत
Last Updated:
Meerut News: मेरठ से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक की फिटनेस ही उसकी मौत की वजह बन गई. भाई से फोन पर हुई मामूली कहासुनी के बाद 28 वर्षीय बॉडीबिल्डर ने गुस्से में अपनी जांघ पर चाकू मार लिया. डॉक्टरों का कहना है कि अगर शरीर पर थोड़ी चर्बी (फैट) होती तो शायद उसकी जान बच जाती, लेकिन सुडौल शरीर की वजह से चाकू सीधे मुख्य नस में जा लगा.

मेरठ में बॉडीबिल्डर की मौत (AI-इमेज)
मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां के इंचौली थाना क्षेत्र के लावड़ कस्बे में एक 28 साल के बॉडीबिल्डर की जान सिर्फ इसलिए चली गई क्योंकि उसका शरीर पूरी तरह सुडौल था. अक्सर लोग ऐसी बॉडी पाने के लिए जिम में घंटों पसीना बहाते हैं, लेकिन सलमान नाम के इस युवक के लिए उसकी यही खूबी मौत की वजह बन गई.
फोन पर भाई से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के मुताबिक, लावड़ कस्बे में जामा मस्जिद के पास रहने वाले अलीहसन का बेटा सलमान (28) इलाके का जाना-माना बॉडीबिल्डर था और अपना पोल्ट्री फार्म चलाता था. बीती गुरुवार सुबह सलमान अपने कमरे में बच्चों के साथ था, तभी उसकी अपने बड़े भाई इमरान से फोन पर किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई. झगड़ा इतना बढ़ा कि गुस्से में सलमान ने अपना आपा खो दिया. पास ही सब्जी काटने वाला चाकू रखा था, जिसे उसने आव देखा न ताव और अपनी ही जांघ पर दे मारा.
जैसे ही सलमान ने खुद को चाकू मारा, खून की तेज धार बहने लगी. परिजन आनन-फानन में उसे मोदीपुरम के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने बताया कि सलमान के शरीर पर चर्बी (फैट) बिल्कुल नहीं थी और उसकी मांसपेशियां काफी कसी हुई थीं. इस वजह से चाकू सीधे उस मुख्य नस (Main Vein) तक पहुंच गया जो दिल तक खून पहुंचाती है. डॉक्टरों का कहना है कि अगर शरीर पर थोड़ी भी चर्बी होती, तो शायद चाकू इतना गहरा न उतरता और सलमान की जान बच सकती थी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे हो या कोई और! सफर होने वाला महंगा, चुकाना होगा भारी टोल, जानें नई दर
उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार
सलमान की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया. 4 साल पहले उसकी शादी मुजफ्फरनगर की आयशा से हुई थी. सलमान अपने पीछे एक साल की छोटी बेटी पत्नी और भरा पूरा परिवार छोड़ गया. पत्नी आयशा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक पल के गुस्से ने न सिर्फ एक युवा की जान ले ली, बल्कि मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया भी हमेशा के लिए छीन लिया.
पुलिस की कार्रवाई
एएसपी बजरंग प्रसाद के अनुसार, प्राथमिक जांच में मामला आपसी विवाद और गुस्से में उठाए गए कदम का लग रहा है. हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें