Moringa Sweet: सहजन के पत्तों से बनी हेल्दी मिठाई, आयरन से भरपूर, कई बीमारियों में फायदेमंद
Last Updated:
Moringa leaves sweet: अक्सर हम मिठाई का नाम सुनते ही स्वाद के बारे में सोचते हैं, लेकिन अब मिठाई सेहत के लिए भी फायदेमंद हो सकती है. समस्तीपुर के डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा में वैज्ञानिकों ने एक ऐसी अनोखी पहल की है, जिसमें सहजन यानी मोरिंगा के पत्तों से पौष्टिक मिठाई तैयार की जा रही है. यह मिठाई न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन है, बल्कि शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी देती है. विश्वविद्यालय के कम्युनिटी साइंस विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ सविता कुमारी ने बताया कि सहजन के पत्तों में भरपूर मात्रा में आयरन, विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं, जो इसे खास बनाते हैं.
खास बात यह है कि जो लोग पहले सहजन के पत्तों का उपयोग नहीं करते थे, अब वे भी इसे मिठाई के रूप में आसानी से अपना रहे हैं. इस खास मिठाई को बनाने का तरीका भी बेहद आसान है. सबसे पहले सहजन के ताजे पत्तों को अच्छी तरह धोकर हल्का उबाल लिया जाता है, फिर उन्हें छाया में सुखाया जाता है.
जब पत्ते पूरी तरह सूख जाते हैं, तो उन्हें ग्राइंडर में पीसकर बारीक पाउडर तैयार कर लिया जाता है. इसके बाद इस पाउडर को आटा, गुड़ या चीनी के साथ मिलाया जाता है. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें घी, दूध, ड्राई फ्रूट्स और इलायची भी डाली जा सकती है. मिश्रण को हल्का भूनकर लड्डू के रूप में तैयार किया जाता है.
यह प्रक्रिया इतनी सरल है कि कोई भी व्यक्ति घर पर इसे आसानी से बना सकता है और अपने परिवार को एक हेल्दी विकल्प दे सकता है. वैज्ञानिकों के अनुसार सहजन के पत्तों से बनी यह मिठाई खासकर एनीमिया जैसी समस्या में काफी लाभदायक हो सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसमें मौजूद आयरन खून की कमी को दूर करने में मदद करता है, वहीं विटामिन ए और कैल्शियम शरीर को मजबूत बनाते हैं. सविता कुमारी का कहना है कि अगर लोग सहजन के पत्तों का सीधे उपयोग नहीं कर पा रहे हैं, तो इसका पाउडर बनाकर मिठाई या अन्य खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल करना एक बेहतर विकल्प है.
यह न केवल स्वाद को बढ़ाता है, इसके साथ ही सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है. बता दे की सीजन के अनुसार लोग सहजन का सब्जी तो खा ही लेते हैं लेकिन वेसीजन स्वाद लेना मुश्किल हो जाता है. उनके लिए यह एक अच्छा विकल्प के रूप में उभर कर सामने आएगा.