Dinesh Lal Yadav Visit to Ayodhya | Ayodhya Petrol and Diesel Crisis | दिनेश लाल यादव अयोध्या दौरा
Last Updated:
Dinesh Lal Yadav Visit to Ayodhya: अयोध्या पहुंचे भोजपुरी सुपरस्टार और पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने रामलला के दर्शन किए. इस दौरान उन्होंने जिले में गहराए पेट्रोल-डीजल संकट पर जनता से पैनिक न होने की अपील की और विपक्ष पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया. निरहुआ ने कहा कि ‘जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं’ और 2027 में योगी सरकार की वापसी का दावा किया. साथ ही, उन्होंने अयोध्या पर नई फिल्म बनाने की योजना भी साझा की.

रामलला के दर पर निरहुआ का बड़ा बयान
अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में रामनवमी के पावन पर्व पर भक्ति का सैलाब उमड़ा है. इस खास मौके पर भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी प्रभु श्री राम का आशीर्वाद लेने पहुंचे. निरहुआ ने हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के चरणों में मत्था टेका और फिर राम जन्मभूमि जाकर रामलला के भव्य स्वरूप के दर्शन किए. विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद निरहुआ भावुक नजर आए और कहा कि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद प्रभु अपने महल में विराजे हैं, उनके दर्शन कर जीवन धन्य हो गया.
पेट्रोल-डीजल की किल्लत पर निरहुआ की दो टूक
अयोध्या में पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल और डीजल को लेकर मची हाहाकार पर निरहुआ ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा,
देश में किसी भी चीज की कमी नहीं है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के लिए हर स्तर पर बेहतर व्यवस्था करने में जुटे हैं. लोगों को पैनिक (घबराने) होने की जरूरत नहीं है. मेरी अपील है कि जरूरत से ज्यादा तेल स्टोर न करें.
निरहुआ ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कुछ लोग युद्ध और संकट के नाम पर अफवाह फैला रहे हैं. उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि विपक्ष राजनीति के लिए नीचता की हद तक गिर गया है और जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है.
‘जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं’
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों पर बात करते हुए निरहुआ ने साफ कहा कि प्रदेश की जनता का मन स्पष्ट है. उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए हम पूरी ताकत झोंक देंगे. राम मंदिर के विरोधियों को जवाब देते हुए उन्होंने फिल्मी अंदाज में कहा, ‘जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं. चाहे पक्ष हो या विपक्ष, हर किसी को रामलला के दरबार में आकर माथा टेकना चाहिए.’
अयोध्या पर बनेगी एक और बड़ी फिल्म
दिनेश लाल यादव ने अयोध्या से अपने जुड़ाव को लेकर भविष्य की योजनाओं का भी खुलासा किया. उन्होंने बताया कि पहले भी अयोध्या पर आधारित उनकी फिल्म को काफी सम्मान और पुरस्कार मिले हैं. अब राम मंदिर निर्माण के बाद वह जल्द ही ‘अयोध्या धाम’ पर एक और शानदार फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि दुनिया इस पावन नगरी की महिमा को देख सके.
अयोध्या में तेल का संकट: पंपों पर लगी लंबी कतारें
भले ही निरहुआ ने लोगों को न घबराने की सलाह दी हो, लेकिन अयोध्या की जमीनी हकीकत फिलहाल थोड़ी मुश्किल भरी है. जिले में गुरुवार को भी पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी गई. घंटों लाइन में लगने के बाद भी लोगों को तेल नसीब नहीं हो रहा है. हालात की गंभीरता को आप इन पॉइंट्स से समझ सकते हैं:
- ड्राई हुए पंप: मांग इतनी बढ़ गई है कि ज्यादातर पेट्रोल पंप शाम होते-होते ‘नो फ्यूल’ का बोर्ड लगा रहे हैं.
- अफवाह और डर: मंगलवार से शुरू हुई यह किल्लत अब भी बनी हुई है. लोगों को डर है कि आने वाले दिनों में सप्लाई पूरी तरह बंद न हो जाए, इसलिए हर कोई अपनी गाड़ी की टंकी फुल कराने की होड़ में है.
- सुरक्षा के इंतजाम: स्थिति को बिगड़ते देख प्रशासन ने जिले के हर पेट्रोल पंप पर पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.
निरहुआ का यह दौरा और उनका बयान ऐसे समय में आया है जब अयोध्या भक्ति और किल्लत के दो अलग-अलग छोरों पर खड़ी दिख रही है. अब देखना यह है कि सरकार की व्यवस्था और निरहुआ की अपील जनता को कितनी राहत देती है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें