जिसने पीवी सिंधु को ओलंपिक चैंपियन बनने से रोका, उसने खूंटी पर टांगा रैकेट, ‘- मेरा सफर खत्म हुआ’
Last Updated:
Carolina Marin announces retirement: वर्ल्ड की पूर्व नंबर वन स्पेन की स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी कैरोलिना मारिन ने खेल से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है. मारिन वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने रियो 2016 ओलंपिक और 2018 विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में सिंधु को हराया था.

कैरोलिना मारिन ने संन्यास का किया ऐलान.
नई दिल्ली. बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी कैरोलिना मारिन ने घुटने की चोट से लंबे समय तक परेशान रहने के बाद पेशेवर करियर से संन्यास लेने की घोषणा की. उनके करियर में ओलंपिक स्वर्ण पदक और तीन विश्व चैंपियनशिप खिताब शामिल हैं. मारिन ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा कर कहा, ‘मेरा सफर यहीं समाप्त होता है.’ उन्होंने बताया कि चोट के कारण उन्होंने अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रतियोगिता से दूर रहने का कठिन निर्णय लिया.
कैरोलिना मारिन (Carolina Marin) ने कहा, ‘मैं चाहती थी कि हम आखिरी बार ट्रैक पर मिलें, लेकिन मैं अपने शरीर को जोखिम में नहीं डालना चाहती.’ इस 32 साल की खिलाड़ी ने भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी. सिंधु के साथ कई यादगार मुकाबले खेले। उन्होंने रियो 2016 ओलंपिक और 2018 विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में सिंधू को हराया था. उनके करियर में 2014, 2015 और 2018 में विश्व चैंपियनशिप, सात यूरोपीय खिताब और 2016 ओलंपिक स्वर्ण पदक शामिल हैं.
मारिन का अंतिम प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन पेरिस 2024 ओलंपिक में हुआ, जो दो गंभीर एसीएल चोटों के बाद उनकी शानदार वापसी थी. वह हुएल्वा में आयोजित होने वाले आगामी यूरोपीय चैंपियनशिप में प्रतिस्पर्धा नहीं करेंगी, लेकिन अपने शहर के सम्मान में वहां उपस्थित रहेंगी. उन्होंने कहा, ‘मैं हुएल्वा में रैकेट हाथ में नहीं लूंगी, लेकिन अपनी ऊर्जा शहर को लौटाते हुए संन्यास लूंगी.’
मारिन ने अपने खेल जीवन पर गर्व जताते हुए कहा, ‘मुझे खेल जगत में अपनी सभी उपलब्धियों पर बहुत गर्व है. न केवल खिताबों के लिए, बल्कि मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह सम्मान अर्जित करने के लिए भी.’
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें