how to grow dragon fruit from cuttings | profitable cash crops for indian farmers | ड्रैगन फ्रूट की खेती और नर्सरी |
Last Updated:
Profitable Cash Crop for Farmers: बदलते दौर में ड्रैगन फ्रूट एक बेहतरीन नकदी फसल बनकर उभरा है. शाहजहांपुर के युवा किसान अंशुल मिश्रा बताते हैं कि ड्रैगन फ्रूट के बाग से किसान न केवल फल बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं, बल्कि इसकी टहनियों से नई पौध तैयार कर अपनी आय को दोगुना कर रहे हैं. चूंकि इस विदेशी फल की मांग तेजी से बढ़ रही है, इसलिए नए किसान भी बड़े पैमाने पर इसके पौधे ढूंढ रहे हैं. ऐसे में अगर आप वैज्ञानिक तरीके से पुरानी टहनियों की कटिंग लगाकर नर्सरी तैयार करते हैं, तो यह कम लागत में एक नियमित बोनस आमदनी का जरिया बन जाता है.
शाहजहांपुर: आजकल की बदलती खेती में ड्रैगन फ्रूट एक ‘कैश क्रॉप’ के रूप में उभरा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि किसान सिर्फ इसके फल बेचकर ही नहीं, बल्कि इसकी नर्सरी तैयार करके भी अपनी आमदनी को दोगुना कर सकते हैं? ड्रैगन फ्रूट के एक बार लगाए जाने के बाद, इसकी कटिंग से नए पौधे तैयार करना बेहद आसान और लाभदायक है. प्रगतिशील किसान अब इस तकनीक का उपयोग कर एक ही फसल से दोहरी कमाई कर रहे हैं. फल की बाजार में मांग तो है ही, साथ ही ड्रैगन फ्रूट की खेती की ओर बढ़ते रुझान के कारण पौध की भी बड़ी डिमांड रहती है, जिससे किसान अतिरिक्त आय ले सकते हैं.
प्रगतिशील युवा किसान अंशुल मिश्रा ने बताया कि अधिकतर किसान शुरुआत में कम से कम पौधे खरीदकर खेती शुरू करना चाहते हैं, ऐसे में किसान अगर ड्रैगन फ्रूट की व्यावसायिक खेती के लिए कम से कम एक एकड़ से शुरुआत करें. जब आपके पौधे पहली बार फल दे चुके हों, तो वह समय कटिंग से नए पौधे तैयार करने के लिए सबसे उपयुक्त होता है. पुरानी और परिपक्व टहनियों को काटकर आप उन्हें पॉलीबैग में लगा सकते हैं. लगभग 45 से 50 दिनों में इन कटिंग्स में जड़ें विकसित हो जाती हैं और ये नए पौधे रोपाई या बिक्री के लिए पूरी तरह तैयार हो जाते हैं.
पौध तैयार करने की सही तकनीक
ड्रैगन फ्रूट के पौधे तैयार करने के लिए सही और स्वस्थ टहनी का चुनाव करना ही सबसे महत्वपूर्ण है. हमेशा ऐसे पौधे से कटिंग लें जो कम से कम एक बार फल दे चुका हो. अपरिपक्व या बहुत नई टहनियों से बनाए गए पौधे फल देने में अधिक समय लेते हैं. टहनी को तिरछा काटकर उसे कुछ दिनों के लिए छाया में सूखने दें, ताकि उसका घाव भर जाए. इसके बाद इसे मिट्टी और वर्मी कंपोस्ट के मिश्रण वाले पॉलीबैग में लगाएं.
कम लागत, अधिक मुनाफा
इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें लागत बहुत कम आती है. किसान को बाहर से बीज या पौधे खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती है. एक परिपक्व ड्रैगन फ्रूट के पौधे से साल में कई कटिंग्स ली जा सकती हैं. बाजार में एक स्वस्थ ड्रैगन फ्रूट के पौधे की कीमत 50 से 100 रुपए तक होती है. इस तरह, फल की बिक्री से होने वाली आय के अलावा, पौधों की नर्सरी किसानों के लिए एक नियमित बोनस आय बन जाती है.
बाजार और भविष्य की संभावनाएं
ड्रैगन फ्रूट के स्वास्थ्य लाभों के कारण इसकी लोकप्रियता शहरों से लेकर गांवों तक फैल रही है. इसके पौधे कम पानी और रेतीली मिट्टी में भी आसानी से पनप जाते हैं, जिससे यह बंजर जमीन वाले किसानों के लिए भी वरदान है. अगर किसान वैज्ञानिक तरीके से इसकी कटिंग तैयार करें और अपनी खुद की छोटी नर्सरी शुरू करें, तो वे अन्य किसानों को पौधे सप्लाई कर एक सफल व्यापार कर सकते हैं.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें