प्लेऑफ से काम नहीं चलेगा, ट्रॉफी चाहिए… संजीव गोयनका का ऋषभ पंत को अल्टीमेटम, लखनऊ को इस बार चैंपियन बनाओ
नई दिल्ली: लखनऊ सुपर जायंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी शानदार शुरुआत की थी. दो सीजन में टीम प्लेऑफ में पहुंची, लेकिन आईपीएल 2024 में उसका बुरा हाल हो गया. टीम की ऐसी दुर्दशा हुई कि कप्तान केएल राहुल और टीम मालिक संजीव गोयनका के बीच मतभेद तक जगजाहिर हो गई. लखनऊ अपने तीसरे सीजन में सातवें स्थान पर रही थी. ऐसे में मैनेजमेंट ने आईपीएल 2025 के लिए पूरी टीम की कायापलट कर दी. सबसे पहले कप्तान केएल राहुल को टीम ने अलग किया.
राहुल की जगह फ्रेंचाइजी ने रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये खर्च कर ऋषभ पंत को लिया और उन्हें नया कप्तान बनाया, लेकिन टीम की स्थिति फिर भी नहीं बदली और वे फिर से सातवें स्थान पर रही. ऐसे में टीम के मालिक संजीव गोयनका ने आईपीएल 2026 से पहले कप्तान पंत को कहा है कि इस बार सिर्फ प्लेऑफ में पहुंचना काफी नहीं है.
संजीव गोयनका ने कप्तान ऋषभ पंत से क्या कहा है?
लखनऊ सुपरजायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने कहा, “मुझे लगता है कि असली पहचान अभी बन रही है. किसी भी स्पोर्ट्स टीम के लिए, जब तक आप जीतते नहीं, आपको वही सम्मान या प्यार नहीं मिलता जो ट्रॉफी उठाने से मिलता है. हां, हमने दो बार प्लेऑफ्स में जगह बनाई है, लेकिन ये काफी नहीं है. आप कुछ मैच जीतते हैं, कुछ हारते हैं, लेकिन हमें पहली ट्रॉफी जीतनी है.”
इसके साथ ही गोयनका ने हाल ही में उन अफवाहों को भी खारिज किया जिसमें ये कहा जा रहा था कि पंत से लखनऊ की कप्तानी छिन जाएगी. उन्होंने विकेटकीपर-बल्लेबाज का बचाव किया और कहा कि चोटों के कारण पंत ज्यादा कुछ नहीं कर सकते थे. पिछले सीजन की कुछ अच्छी बातों को बताते हुए, गोयनका ने माना कि उनकी गेंदबाजी यूनिट को मजबूत करने की जरूरत थी, जिसे उन्होंने पूरा किया है.
LSG ने नए सीजन के लिए बॉलिंग यूनिट को किया है मजबूत-गोयनका
उन्होंने कहा, “आईपीएल 2025 में सबसे अच्छी बात ये थी कि हमने पहले छह में से चार मैच जीते, जबकि हमारे ज्यादातर मुख्य गेंदबाज चोटिल थे. कुछ साहसी फैसले लिए गए, जैसे ऐडन मार्करम और मिचेल मार्श ओपनिंग करने लगे जो उनकी सामान्य पोजीशन नहीं थी और ये दोनों के लिए सबसे अच्छा आईपीए सीजन रहा. दिग्वेश राठी नए खिलाड़ी के तौर पर आए और अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन हमें लगा कि हमारी गेंदबाजी कोर मजबूत नहीं है और हमने इस बार घरेलू भारतीय गेंदबाजी यूनिट बनाई है. हम अपने टीम से खुश हैं.”
गोयनका ने कहा कि वे चाहते हैं कि लखनऊ इस साल एक यूनिट के तौर पर खेले. उन्होंने कहा, “आप हमेशा बेहतर कर सकते हैं आगे बढ़ सकते हैं, इसमें कोई अंत नहीं है. लेकिन आखिर में ये एक ऐसी टीम है जिसमें सब कुछ है. अब जरूरी है कि सब मिलकर एक टीम के रूप में प्रदर्शन करें न कि सिर्फ व्यक्तिगत तौर पर. पिछले साल बहुत सारे खिलाड़ी व्यक्तिगत रूप से अच्छा कर रहे थे. इस साल हम चाहते हैं कि टीम के तौर पर अच्छा करें.”