PBM अस्पताल में बड़ा बदलाव! भामाशाह और सरकार के सहयोग से अब एक ही छत के नीचे मिलेंगी आधुनिक सर्जरी सुविधाएं
Last Updated:
PBM Hospital Bikaner: बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सर्जरी से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया गया है. अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने भामाशाह ऐवन्त डागा और उनके परिवार के योगदान की सराहना करते हुए बताया कि यह सुविधा भामाशाहों और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से संभव हुई है. अब मरीजों को एक ही छत के नीचे सभी आवश्यक सर्जरी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे इलाज आसान और तेज होगा. यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को राहत देने की दिशा में अहम कदम है.

PBM अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार, अब सर्जरी के लिए नहीं भटकेंगे मरीज
बीकानेर. पीबीएम अस्पताल में अब कैंसर मरीजों के लिए अत्याधुनिक सर्जरी सुविधाएं शुरू हो गई हैं. सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के अधीन अस्पताल परिसर में नवनिर्मित कैंसर सर्जरी भवन का बुधवार को निरीक्षण किया गया, जिसके साथ ही यहां आधुनिक तकनीक से सुसज्जित सर्जिकल ऑनकोलॉजी सेवाओं का शुभारंभ हो गया है. इस नई सुविधा के शुरू होने से बीकानेर संभाग के हजारों कैंसर मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलने की उम्मीद जगी है, जिससे उनके जीवन में नई आशा का संचार हुआ.
इस दौरान पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया, आचार्य तुलसी क्षेत्रीय कैंसर चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र की निदेशक डॉ. नीति शर्मा, सर्जिकल ऑनकोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप गुप्ता सहित अन्य चिकित्सकों और स्टाफ ने नए भवन का अवलोकन किया. टीम ने सर्जिकल ऑनकोलॉजी विंग के तहत बनाए गए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने इस भवन के निर्माण में सहयोग देने वाले डागा परिवार का आभार व्यक्त किया.
उपकरणों और मानव संसाधनों की कोई कमी नहीं
उन्होंने बताया कि सुंदरलाल डागा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में बने इस भवन में राज्य सरकार द्वारा अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इससे कैंसर मरीजों को अब बड़े शहरों में जाने की जरूरत कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा. उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि मरीजों के उपचार में उपकरणों और मानव संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी.
मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू की व्यवस्था की गई
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय सेठ सुंदरलाल जी डागा और मूलचंद जी डागा की स्मृति में निर्मित यह 46 बेड का मल्टीस्टोरी अस्पताल करीब 26,000 वर्ग फीट क्षेत्र में बना है. भवन में स्टिल्ट फ्लोर पर पार्किंग, प्रथम तल पर कैजुअल्टी, माइनर ओटी और ओपीडी ब्लॉक, द्वितीय तल पर मेल-फीमेल पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड तथा तृतीय तल पर दो अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू की व्यवस्था की गई है.
पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने भामाशाह ऐवन्त डागा और उनके परिवार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि भामाशाहों और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से यह सुविधा संभव हो सकी है. अब मरीजों को एक ही छत के नीचे सर्जरी से जुड़ी सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.
मरीजों को अत्याधुनिक उपचार का लाभ
सर्जिकल ऑनकोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप गुप्ता ने बताया कि नई मॉड्यूलर ओटी और आईसीयू के शुरू होने से जटिल कैंसर सर्जरी अब आसानी और बेहतर परिणामों के साथ की जा सकेगी. वहीं डॉ. नीति शर्मा ने इसे क्षेत्रीय कैंसर केंद्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अत्याधुनिक उपचार का लाभ मिलेगा.
About the Author
With more than 6 years above of experience in Digital Media Journalism. Currently I am working as a Content Editor at News 18 in Rajasthan Team. Here, I am covering lifestyle, health, beauty, fashion, religion…और पढ़ें