वाराणसी, प्रयागराज, आगरा में कैसा रहेगा आज का मौसम? यूपी वेदर को लेकर IMD का अलर्ट
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है. ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि अभी कुछ दिनों तक यूपी के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. इस बीच मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि गुरुवार (26 मार्च) से पश्चिमी यूपी में काले बादलों की आवाजाही आसमान में नजर आएगी. इस दौरान मध्यम से हल्की बारिश के साथ तेज झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी. इसके साथ ही यहां बादलों के गड़गड़ाहट की आवाज की सुनाई देगी और मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी कमी आएगी.
पूर्वी-पश्चिमी यूपी में कैसा रहेगा आज का मौसम
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिले जानकारी के मुताबिक, 26 मार्च को यूपी के पश्चिमी संभाग के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. वहीं आज पूर्वी यूपी में मौसम सामान्य होगा. इस दौरान आसमान साफ रहेगा और धूप भी खिली होगी. वहीं 27 मार्च को प्रदेश के दोनों ही संभाग में बादल छाएं रहेंगे. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी. 24 घंटे बाद यानी 29 मार्च से फिर काले बादलों की परेड बढ़ेगी. मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
26 मार्च को यहां छाएंगे बादल
26 मार्च को पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, बिजनौर, मुरादाबाद, हापुड़, बागपत, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, हाथरस, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, इटावा और आसपास के जिलों में हल्की बारिश होगी. वहीं अयोध्या, आजमगढ़, वाराणसी, गोरखपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, अमेठी, रायबरेली, अंबेडकर नगर, महराजगंज, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोंडा, पीलीभीत, बदायूं, संभल, उन्नाव, बरेली, रामपुर, झांसी और आसपास के जिलों में आज आसमान साफ रहेगा और धूप भी खिली रहेगी.
28 मार्च नया पश्चिमी विक्षोभ होगा एक्टिव
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की 28 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा.इसके कारण प्रदेश के दोनों ही संभाग में बादल छाएं रहेंगे और बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी.
लखनऊ में आसमान साफ,नोएडा में छाएंगे बादल
गुरुवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में छिटपुट बादल नजर आएंगे.हालांकि दिन चढ़ने के साथ लखनऊ में धूप खिली रहेगी. मौसम विभाग का अनुमान है आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.वहीं बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो आज वहां भी काले बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है.हालांकि इसका कोई खास असर तापमान पर नहीं नजर आएगा.