सहवाग से लेकर ब्रैडमैन तक…वर्ल्ड के वो 4 बल्लेबाज, जिन्होंने टेस्ट में जड़े सबसे ज्यादा तिहरा शतक

Share to your loved once


होमखेलक्रिकेट

सहवाग से लेकर ब्रैडमैन तक…जिन्होंने टेस्ट में जड़े सबसे ज्यादा तिहरा शतक

Last Updated:

4 batsman Most triple hundreds in test career: क्रिकेट की दुनिया में शतक बनाना कला है. लेकिन तिहरा शतक ठोकना एक ‘तपस्या’ है. टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में सर डॉन ब्रैडमैन, ब्रायन लारा, वीरेंद्र सहवाग और क्रिस गेल ही वो चार जांबाज हैं, जिन्होंने इस पहाड़ जैसे स्कोर को एक नहीं बल्कि दो-दो बार फतह किया. अनुशासन, खौफ, ताकत और कलात्मकता के इन चार स्तंभों ने क्रीज पर अपनी बादशाहत की ऐसी इबारत लिखी, जिसने क्रिकेट के व्याकरण को ही बदल कर रख दिया.

सहवाग से लेकर ब्रैडमैन तक...जिन्होंने टेस्ट में जड़े सबसे ज्यादा तिहरा शतक Zoom

दुनिया के 4 टेस्ट बल्लेबाजों ने एक नहीं दो बार ट्रिपल सेंचुरी जड़ी है.

नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया में शतक बनाना हर बल्लेबाज का सपना होता है. दोहरा शतक उसे महानता की श्रेणी में खड़ा करता है, लेकिन तिहरा शतक वह शिखर है जहां पहुंचते-पहुंचते बल्लेबाजों की सांसें फूल जाती हैं. टेस्ट क्रिकेट के 149 के इतिहास में सिर्फ कुछ ही ऐसे ‘चुनिंदा रत्न’ हुए हैं जिन्होंने इस जादुई आंकड़े को एक बार नहीं, बल्कि दो बार छुआ है. डॉन ब्रैडमैन से लेकर वीरेंद्र सहवाग तक. इन चार दिग्गजों की कहानी केवल आंकड़ों की नहीं, बल्कि उनके अदम्य साहस और क्रीज पर बिताए गए उन घंटों की है जिसने क्रिकेट के इतिहास को सुनहरे अक्षरों में लिख दिया. क्रिकेट की बात हो और सर डॉन ब्रैडमैन का जिक्र न हो, यह मुमकिन नहीं. 1928 से 1948 के बीच ब्रैडमैन ने केवल 52 मैचों में जो कीर्तिमान स्थापित किए, वे आज भी एक पहेली की तरह हैं. उनका 99.94 का औसत चीख-चीख कर उनकी श्रेष्ठता बताता है.

सर डॉन ब्रैडमैन (Sir Don Bradman) ने अपने करियर में दो तिहरे शतक जड़े.उनका उच्चतम स्कोर 334 था. दिलचस्प बात यह है कि वे एक तीसरा तिहरा शतक लगाने के बेहद करीब थे, लेकिन 299 रन पर नाबाद रह गए. उनकी बल्लेबाजी में वह अनुशासन था कि अगर वे आज के दौर में होते, तो शायद रनों का अंबार लगा देते. उनके लिए 300 रन बनाना किसी मैराथन को जीतने जैसा था, जहां वे थकते नहीं थे, बल्कि गेंदबाज हार मान लेते थे.

दुनिया के 4 टेस्ट बल्लेबाजों ने एक नहीं दो बार ट्रिपल सेंचुरी जड़ी है.

नजफगढ़ के नवाब का खौफ
अगर ब्रैडमैन अनुशासन के प्रतीक थे, तो वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ‘खौफ’ का दूसरा नाम थे. सहवाग ने टेस्ट क्रिकेट खेलने के व्याकरण को ही बदल दिया. जहां बल्लेबाज तिहरे शतक के करीब पहुंचकर रक्षात्मक हो जाते हैं, सहवाग ने छक्का मारकर अपना तिहरा शतक पूरा करने का दुस्साहस दिखाया. सहवाग ने 2001 से 2013 के बीच 104 मैचों में दो तिहरे शतक (319 और 309) लगाए. मुल्तान में पाकिस्तान के खिलाफ उनकी 309 रनों की पारी ने उन्हें ‘मुल्तान का सुल्तान’ बना दिया. सहवाग का कहना था-‘गेंद दिख रही है, तो उसे मारो.’ उन्होंने 49.34 के औसत से रन बनाए, लेकिन उनकी स्ट्राइक रेट ने विपक्षी कप्तानों की रातों की नींद उड़ा दी थी. वे भारत के इकलौते बल्लेबाज हैं जिनके नाम दो तिहरे शतक दर्ज हैं.

‘यूनिवर्स बॉस’ का दबदबा
वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल को अक्सर टी20 का राजा माना जाता है. लेकिन उनके टेस्ट आंकड़े बताते हैं कि वे लंबी पारी खेलने के भी उस्ताद थे. गेल ने 103 मैचों में अपनी ताकत और टाइमिंग के दम पर दो बार 300 का आंकड़ा पार किया. उनका उच्चतम स्कोर 333 रन है. गेल की खासियत यह थी कि वे क्रीज पर खड़े-खड़े लंबे छक्के लगाने की क्षमता रखते थे. जब वे लय में होते थे, तो मैदान की सीमाएं छोटी लगने लगती थीं. 2000 से 2014 के बीच गेल ने वेस्टइंडीज क्रिकेट को वह आक्रामकता दी, जिसकी उसे तलाश थी. उनके दो तिहरे शतक इस बात का प्रमाण हैं कि मनोरंजन के साथ-साथ उनमें टेस्ट क्रिकेट का धैर्य भी कूट-कूट कर भरा था.

रिकॉर्ड्स के शहंशाह ब्रायन लारा
इस लिस्ट में ब्रायन लारा का नाम सबसे ऊपर चमकता है क्योंकि उनके पास टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 400 रन है. लारा एक ऐसे खिलाड़ी थे जिनकी बल्लेबाजी में कैरिबियाई लय और ग्रेस साफ झलकता था. लारा ने 1990 से 2006 के बीच 131 मैचों में दो तिहरे शतक लगाए. 1994 में इंग्लैंड के खिलाफ 375 रन बनाने के बाद, जब उनका रिकॉर्ड मैथ्यू हेडन ने तोड़ा, तो लारा ने दोबारा 2004 में उसी इंग्लैंड के खिलाफ 400 रन की नाबाद पारी खेलकर इतिहास रच दिया. लारा के लिए बड़ी पारियां खेलना एक आदत थी. 52.88 के औसत और 34 शतकों के साथ वे क्रिकेट के सर्वकालिक महानतम खिलाड़ियों में गिने जाते हैं.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP