हरमनप्रीत कौर ने भरी हुंकार- कहा, खिताबी जीत ने भरी नई जान, दुनिया में कहीं भी जीतने को तैयार है भारत
Last Updated:
Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला टीम की कप्तान की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा है कि उनकी निगाहें अब आईसीसी टी20 विश्व कप की ट्रॉफी जीतने पर है. हरमनप्रीत की कप्तानी में पिछले साल भारतीय टीम ने पहली बार वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था. इस खिताबी जीत से टीम इंडिया में एक नई जान मिली है.

हरमनप्रीत कौर
नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि पिछले साल वनडे विश्व कप जीतने से टीम को दुनिया में कहीं भी और खिताब जीतने के लिए बहुत जरूरी आत्मविश्वास मिला. भारतीय महिला टीम ने पिछले साल नवंबर में नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका को हराकर अपना पहला आईसीसी खिताब जीता था. हरमनप्रीत को उम्मीद है कि 12 जून से पांच जुलाई तक ब्रिटेन में होने वाले महिला टी20 विश्व कप में भी टीम यह कारनामा दोहराने में सफल रहेगी.
द्वारका के ओमेक्स स्टेडियम में उनके सम्मान में बने स्टैंड के नामकरण समारोह के दौरान हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि किसी भी क्षेत्र में आपको कुछ खास करना होता है. आपको कोई खिताब जीतना होता है, तभी आपको पहचान मिलती है. ऐसा न होने पर मानो लगता है कि सारी मेहनत बेकार चली गई.’’
हरमनप्रीत का लक्ष्य अब टी20 विश्व कप जीतना
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम ही नहीं हमसे पहले की सभी महिला क्रिकेटरों ने कड़ी मेहनत की. उन्हें तो अक्सर अपनी जेब से भी पैसे खर्च करने पड़े थे. इसलिए खिताब जीतना बहुत महत्वपूर्ण था. खिताब हासिल करने के बाद भारतीय प्रशंसकों, मीडिया और बाकी सभी से जो प्रतिक्रिया हमें मिल रही है, वह हमारे लिए बहुत मायने रखती है.’’
इस साल के टी20 विश्व कप में वनडे विश्व कप का प्रदर्शन दोहराने की उम्मीद के बारे में हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘हम टी20 विश्व कप जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे. वनडे विश्व कप ने हमें जरूरी आत्मविश्वास दिया है और अब हमें विश्वास है कि हम दुनिया में कहीं भी विश्व कप जीत सकते हैं.’’
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम ने किया था दमदार प्रदर्शन
भारत ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया, जहां उसने कई प्रारूपों की श्रृंखला खेली, जिसमें तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच, इतने ही वनडे मैच और एक गुलाबी गेंद का टेस्ट मैच शामिल था. भारत यह श्रृंखला अंकों के आधार पर 4-12 से हार गया लेकिन हरमनप्रीत ने कहा कि इससे उनकी टीम को काफी कुछ सीखने को मिला.
उन्होंने कहा, ‘‘ इस तरह की बहु प्रारूप वाली श्रृंखला होनी चाहिए क्योंकि इससे आपको नयी चुनौतियों का सामना करने को मिलता है. एक सप्ताह के बाद आपको दूसरे प्रारूप में खेलना होता है इसलिए मुझे लगता है कि यह बिल्कुल अलग तरह का अनुभव है.’’
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें