कौन है वो तूफानी गेंदबाज…जिसे केकेआर ने बनाया अपना नया ‘हथियार’, 150kmph की रफ्तार से उखाड़ता है स्टंप्स
Last Updated:
who is Navdeep Saini: तेज गेंदबाज नवदीप सैनी की आईपीएल में वापसी हो गई है. 150 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले सैनी को केकेआर ने 75 लाख रुपये में साइन किया है. टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट खेल चुके सैनी के पास 32 आईपीएल मैचों का अनुभव है. केकेआर से जुड़कर भावुक हुए सैनी ने इसे अपने करियर की नई शुरुआत बताया है. सैनी को चोटिल हर्षित राणा की जगह केकेआर टीम में शामिल किया गया है.

नवदीप सैनी केकेआर की ओर से खेलेंगे.
नई दिल्ली. कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. आईपीएल 2026 के आगाज से ठीक पहले श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम ने अपनी तेज गेंदबाजी यूनिट में एक बड़ा बदलाव किया है. टीम के उभरते हुए सितारे और रिटेन किए गए खिलाड़ी हर्षित राणा चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह बंगाल और दिल्ली के घरेलू क्रिकेट का जाना-माना चेहरा और भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया गया है.
केकेआर के लिए यह एक बड़ा झटका है क्योंकि हर्षित राणा (Harshit Rana) उनकी गेंदबाजी रणनीति का अहम हिस्सा थे. हर्षित को आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था. वह 4 फरवरी को नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के वॉर्म-अप मैच के दौरान चोटिल हो गए थे. लंबे समय तक रिकवरी की कोशिशों के बाद अब यह साफ हो गया है कि वह 28 मार्च से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.
नवदीप सैनी केकेआर की ओर से खेलेंगे.
रफ्तार के सौदागर हैं नवदीप सैनी
हरियाणा के करनाल से ताल्लुक रखने वाले और दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले नवदीप सैनी (Navdeep Saini) अपनी 145-150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिए जाने जाते हैं. 33 वर्षीय सैनी के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अच्छा अनुभव है. उन्होंने भारतीय टीम के लिए अब तक 2 टेस्ट मैच, 8 वनडे मैच और 11 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. नवदीप सैनी ने टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में मिलाकर कुल 23 विकेट चटकाए हैं. आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 32 मैचों में 23 विकेट लिए हैं. वह इससे पहले राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जैसी बड़ी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं. सैनी को केकेआर ने उनके बेस प्राइस 75 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा है.
केआर में शामिल होने पर क्या बोले सैनी?
केकेआर जैसे बड़े फ्रेंइजी से जुड़ने के बाद नवदीप सैनी काफी उत्साहित नजर आए. उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि केकेआर से जुड़ना बहुत खास अहसास है. इस फ्रेंचाइजी के साथ एक अलग तरह का जुड़ाव और इमोशन महसूस होता है जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है. मेरे लिए यह मौका एक नई शुरुआत की तरह है. पिछले कुछ साल मेरे करियर में उतार-चढ़ाव भरे रहे, लेकिन मैंने कभी अपनी मेहनत पर भरोसा करना नहीं छोड़ा. यह मौका उस धैर्य और कड़ी मेहनत का इनाम है.’
गेंदबाजी आक्रमण में बड़ा बदलाव
सैनी इस सीजन केकेआर द्वारा साइन किए गए दूसरे रिप्लेसमेंट खिलाड़ी हैं. इससे पहले टीम ने आकाश दीप के स्थान पर सौरभ दुबे को शामिल किया था. अब सैनी के आने से टीम को एक ऐसा अनुभवी गेंदबाज मिला है जो डेथ ओवरों में अपनी यॉर्कर और बाउंसर से बल्लेबाजों को परेशान करने की क्षमता रखता है. ईडन गार्डन्स की पिच पर, जहां अक्सर तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है, सैनी की गति केकेआर के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकती है. अब देखना यह होगा कि क्या यह ‘रफ्तार का सौदागर’ कोलकाता के लिए इस सीजन में खिताबी जीत का रास्ता साफ कर पाता है या नहीं.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें