रामनवमी पर पटना में ट्रैफिक प्लान लागू, महावीर मंदिर जाने से पहले जान लें पूरा रूट, यहां देखें नया रास्ता
27 मार्च को राजधानी पटना में रामनवमी का उत्सव मनाया जाएगा. इस अवसर पर पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. डाकबंगला चौराहे पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. पूरे पटना में अलग अलग स्थानों से झांकियां निकाली जाती हैं. साथ ही अलग-अलग हनुमान मंदिरों में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं. लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पटना ट्रैफिक पुलिस की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं. कई रूटों पर वाहनों की आवाजाही बंद की गई है, जबकि मंदिरों और आयोजन स्थलों के आसपास पार्किंग के लिए स्थान भी चिह्नित किए गए हैं.
महावीर मंदिर जाने के लिए क्या करें
पटना ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी रामनवमी स्पेशल ट्रैफिक प्लान के अनुसार 26 मार्च की शाम 8:00 बजे से 27 मार्च की रात 11:00 बजे तक पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को इन निर्देशों का पालन करना होगा.महावीर मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु आर. ब्लॉक के पास स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी गेट से प्रवेश करेंगे. यहां से वे कतारबद्ध तरीके से वीर कुंवर सिंह पार्क, जीपीओ गोलंबर होते हुए महावीर मंदिर तक पहुंचेंगे. दर्शन के बाद श्रद्धालु डाकबंगला या गोरिया टोली रोड की ओर से बाहर निकलेंगे.
इन रास्तों पर नहीं चलेगी गाड़ियां
इस दौरान आर ब्लॉक से जीपीओ और पटना जंक्शन की ओर किसी भी वाहन का परिचालन नहीं होगा. महावीर मंदिर के आसपास और पटना जंक्शन गोलंबर से लेकर पूरब दिशा में वीणा सिनेमा रोड तक सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.गोरियाटोली और करबिगहिया की ओर से पटना जंक्शन आने वाले वाहन जमाल रोड दक्षिण से यू-टर्न लेकर वापस लौट जाएंगे. वहीं डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन के बीच भी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. इस रूट से आने वाले वाहन वैकल्पिक मार्ग के रूप में एग्जीबिशन रोड से गोरिया टोली तक जा सकेंगे और जमाल रोड दक्षिण से यू-टर्न लेकर वापस जाएंगे.
जुलूस जाएंगे इस रूट से
मेट्रो निर्माण कार्य को देखते हुए जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा जाने वाले जुलूसों को स्वामीनंदन तिराहा, एसपी वर्मा रोड और न्यू डाकबंगला रोड के रास्ते भेजा जाएगा.
बुद्ध मार्ग में हिन्दुस्तान समाचार पत्र कार्यालय रोड से फ्लाईओवर के नीचे वाहनों का परिचालन बंद रहेगा, जबकि जीपीओ आरओबी का उपयोग कर लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं.
बुद्ध मार्ग से दर्शनार्थियों को कतार में लगने की अनुमति नहीं होगी. प्रसाद, फूल-माला की दुकानें वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी छोर पर लगाई जाएंगी.इसके अलावा अदालतगंज रोड में पूरब से पश्चिम की ओर यातायात वन-वे रहेगा और वीरचंद पटेल पथ से अदालतगंज रोड में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
पटना जंक्शन जाने वाले क्या करें
जिन यात्रियों को पटना जंक्शन की ओर जाना हो, वे कोतवाली थाना से बुद्ध मार्ग होते हुए जीपीओ आरओबी के ऊपर से करबिगहिया की तरफ होकर पटना जंक्शन तक जा सकेंगे. महावीर मंदिर की ओर से पटना जंक्शन जाने की कोशिश नहीं करें. ट्रेन पकड़ने में असुविधा हो सकती है. इसीलिए करबिगहिया वाले गेट का उपयोग करें.
यहां पार्क करें अपनी गाड़ी
महावीर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था वीर चंद पटेल पथ स्थित मिलर हाईस्कूल का मैदान, पथ परिवहन निगम कार्यालय के परिसर, वीरचन्द पटेल पथ का फ्लैंक, मौर्यालोक काम्प्लेक्स के अंदर, जीपीओ स्थित मल्टी मॉडल हब में की गई है. इसके अलावा, मल्टी मॉडल हब से 50 मीटर आगे जीपीओ के तरफ जाकर दाहिने यू टर्न लेते हुए अदालतगंज पश्चिमी से चार पहिया या दो पहिया वाहन अपने गंतव्य स्थल की ओर जा सकेंगे. दो पहिया वाहनों के लिए बुद्धा स्मृति पार्क के पास बने पार्किंग स्थल में भी व्यवस्था रहेगी.