नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की उड़ान के बीच जेवर के बेटे प्रवीण कुमार बने डीएसपी, गांव में जश्न का माहौल

Share to your loved once


ग्रेटर नोएडा: जेवर क्षेत्र से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गर्व और खुशी से भर दिया है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की वजह से पहले ही विकास की नई उड़ान भर रहे इस क्षेत्र को अब एक और बड़ी उपलब्धि मिली है. जेवर के गोविंदगढ़ गांव के निवासी पद्मश्री पैरा एथलीट प्रवीण खेल रत्न अवॉर्ड के लिए नामित प्रवीण कुमार को उत्तर प्रदेश सरकार ने डीएसपी के पद पर नियुक्त किया है.

जेवर क्षेत्र में खुशी का माहौल

पेरिस पैरालिंपिक 2024 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले प्रवीण कुमार को यह नियुक्ति खेल विभाग की ‘अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती’ के तहत दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा. इस खबर के बाद जेवर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और गांव में जश्न मनाया जा रहा है.

कभी हार नहीं मानी

प्रवीण कुमार, जो ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र के रहने वाले हैं, ने अपनी सफलता को लेकर भावुक अंदाज में कहा कि उन्हें खुद यह एहसास नहीं हुआ कि उनका सफर कब इतना बड़ा हो गया. उनके अनुसार, स्कूल के बाद से ही जिंदगी तेजी से बदलती चली गई. ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं में इतना व्यस्त रहा कि समय का पता ही नहीं चला. एक के बाद एक लक्ष्य सामने आता गया. टोक्यो पैरालिंपिक, फिर वर्ल्ड चैंपियनशिप और फिर एशियाई खेल.

उन्होंने अपने संघर्ष को याद करते हुए कहा कि कठिनाइयां हर कदम पर आईं, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी. उनके शब्दों में, जब तक सफर में मुश्किलें नहीं होतीं, तब तक लक्ष्य हासिल करने का मजा भी नहीं आता. जरूरी है कि इंसान एक ही लक्ष्य पर फोकस रखें और बीच रास्ते में दिशा न बदले.

सफलता पाने के लिए धैर्य और निरंतरता सबसे जरूरी

युवाओं के लिए संदेश देते हुए प्रवीण कुमार ने कहा कि सफलता पाने के लिए धैर्य और निरंतरता सबसे जरूरी है. उन्होंने कहा कि अगर आप बार-बार लक्ष्य बदलते रहेंगे, तो कहीं नहीं पहुंच पाएंगे. एक रास्ता चुनिए और उसी पर लगातार आगे बढ़ते रहिए, सफलता जरूर मिलेगी.

एयरपोर्ट बनने से बचेगा समय

उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के विकास को लेकर भी प्रवीण कुमार काफी उत्साहित नजर आए. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “हमारे जेवर में एयरपोर्ट बनना पूरे इलाके के लिए बहुत बड़ी बात है. पहले विदेश जाने के लिए दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब अपने ही क्षेत्र से यात्रा संभव होगी. इससे समय भी बचेगा और सुविधा भी बढ़ेगी.

इलाके में हो रहा तेजी से बदलाव

उन्होंने आगे कहा कि एयरपोर्ट के कारण इलाके में तेजी से बदलाव आ रहा है. यहां नई कंपनियां आ रही हैं, यूनिवर्सिटीज खुल रही हैं और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं. पूरा क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिससे गांव के लोग भी बेहद खुश हैं. हालांकि, उन्होंने जमीनों के बढ़ते दामों पर भी चिंता जताई. उनके अनुसार, “जमीन के दाम काफी तेजी से बढ़े हैं, जिससे आम आदमी के लिए जमीन खरीदना मुश्किल हो गया है. अब एक छोटी सी जमीन खरीदने के लिए भी लोगों को कई बार सोचना पड़ता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP