158 किमी/ घंटा की रफ्तार वाले बॉलर की हुई खूब पिटाई, पंत के सामने नए बल्लेबाज ने जमकर धोया, LSG की बढ़ी परेशानी
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 का आगाज़ अब बस कुछ ही दिनों में होने वाला है और सभी टीमें ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के लिए जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हुई हैं. इसी कड़ी में लखनऊ सुपर जायंट्स भी इस बार नई उम्मीदों और रणनीतियों के साथ मैदान में उतरने को तैयार है. पिछले दो सीजन टीम के लिए निराशाजनक रहे, लेकिन इस बार उनकी सबसे बड़ी कमजोरी गेंदबाज़ी कुछ हद तक सुधरती हुई नजर आ रही है. ऐसे में लखनऊ की टीम अपने अभियान की शुरुआत से पहले हर खिलाड़ी को परखने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है.
मंगलवार को टीम ने सीजन का पहला प्रैक्टिस मैच खेला, जिसमें खिलाड़ियों को दो टीमों टीम A और टीम B में बांटा गया. इस मुकाबले का मुख्य उद्देश्य उन युवा खिलाड़ियों को मौका देना था, जो शुरुआती प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने की दौड़ में शामिल हैं.
मयंक यादव अभी भी लय में नहीं
लंबे समय बाद मैदान पर लौटे मयंक यादव ने अपनी तेज़ रफ्तार जरूर दिखाई, लेकिन उनकी लाइन-लेंथ में कमी साफ नजर आई. उन्होंने दो विकेट लिए, लेकिन काफी रन भी लुटाए. खासतौर पर बडोनी ने उनके एक ओवर में लगातार कई चौके जड़े. हालांकि,उनकी गति को देखते हुए प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह लगभग पक्की मानी जा रही है.
एम. सिद्धार्थ ने किया प्रभावित
जहां एक ओर LSG A ने 20 ओवर में 241 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, वहीं एम.सिद्धार्थ ने कसी हुई गेंदबाज़ी करते हुए सिर्फ 32 रन दिए और एक विकेट भी हासिल किया. लखनऊ की स्पिन गेंदबाज़ी ज्यादा मजबूत नहीं मानी जाती, ऐसे में सिद्धार्थ का यह प्रदर्शन टीम मैनेजमेंट के लिए राहत भरा संकेत है. उनका T20 करियर इकोनॉमी रेट भी 6.41 का है, जो उन्हें एक भरोसेमंद विकल्प बनाता है.
हिम्मत सिंह ने ठोका मजबूत दावा
दिल्ली के बल्लेबाज़ हिम्मत सिंह ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया उन्होंने दो पारियों में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए पहले LSG A के लिए 34 गेंदों में 74 रन बनाए और फिर LSG B के लिए 15 गेंदों में 42 रन जड़ दिए. स्टार खिलाड़ियों से भरी इस टीम में उन्होंने अपनी जगह के लिए मजबूत दावेदारी पेश की है. टीम में एडियन मार्क्रम मिचेल मार्श, ऋषभ पंत और निकोलस पूरन जैसे बड़े नाम पहले से मौजूद हैं, ऐसे में हिमत इम्पैक्ट सब के तौर पर भी विकल्प बन सकते हैं.
आयुष बडोनी को मिल सकता है प्रमोशन
आयुष बडोनी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया. 56 मैच खेल चुके बडोनी के पास इस सीजन खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है. उनकी बल्लेबाज़ी को देखते हुए कप्तान ऋषभ पंत उन्हें बल्लेबाज़ी क्रम में ऊपर भेजने का फैसला भी ले सकते हैं.
कुल मिलाकर,लखनऊ सुपर जायंट्स के इस प्रैक्टिस मैच ने कई नए चेहरों को उभरने का मौका दिया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट इन प्रदर्शनों के आधार पर अपनी अंतिम प्लेइंग इलेवन कैसे तय करता है और क्या इस बार लखनऊ की टीम खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदारी पेश कर पाती है.