हरीश राणा का कहां होगा अंतिम संस्कार? इच्छामृत्यु की इजाजत के बाद AIIMS ट्रॉमा सेंटर में ली आखिरी सांस
नई दिल्ली/गाजियाबाद: 13 साल तक कोमा की गहरी खामोशी में रहने के बाद मंगलवार शाम 4:10 बजे एम्स-दिल्ली में हरीश राणा ने अंतिम सांस ली. उनकी विदाई केवल एक अंत नहीं बल्कि दूसरों के लिए एक नई शुरुआत लेकर आई है. हरीश के माता-पिता ने एक बेहद साहसी और नेक फैसला लेते हुए उनके अंग दान करने की अनुमति दी है. एम्स के डॉक्टरों के अनुसार हरीश की दोनों आंखों के कॉर्निया और हृदय के वाल्व दान किए गए हैं, जिससे अब वह दुनिया छोड़ने के बाद भी किसी की आंखों की रोशनी और धड़कन बनकर जीवित रहेंगे.
कहां होगा अंतिम संस्कार?
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को एम्स में पोस्टमार्टम और अंगदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हरीश का पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा. उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक निवास गाजियाबाद में किए जाने की संभावना है, जहाँ उनके माता-पिता और भाई आशीष राणा उन्हें अंतिम विदाई देंगे. 15 मार्च को एम्स ले जाने से पहले, गाजियाबाद स्थित उनके घर पर आध्यात्मिक विदाई दी गई थी, जहाँ ब्रह्मकुमारी आश्रम की बहनों ने उन्हें चंदन का टीका लगाकर शांति की प्रार्थना की थी.
सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकारी थी इच्छा मृत्यु की याचिका
साल 2013 में पंजाब विश्वविद्यालय के बीटेक छात्र हरीश अपने हॉस्टल की चौथी मंजिल की बालकनी से गिर गए थे. इस हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं जिससे वे परसिस्टेंट वेजिटेटिव स्टेट (PVS) यानी कोमा में चले गए. अगले 13 वर्षों तक हरीश गाजियाबाद स्थित अपने घर में मशीनों, कृत्रिम पोषण और कभी-कभी ऑक्सीजन के सहारे जीवित रहे. उनके माता-पिता ने सालों तक उनकी सेवा की लेकिन जब हरीश के शरीर में कोई सुधार नहीं हुआ और उनके घाव असहनीय हो गए, तब परिवार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. उन्होंने गरिमामय मृत्यु की गुहार लगाई. 11 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए भारत में निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति दी. इसके बाद एम्स की विशेष टीम ने वैज्ञानिक तरीके से उनकी जीवन रक्षक प्रणाली को हटाया, जिसके बाद मंगलवार को उनका निधन हो गया.
सवाल-जवाब
हरीश राणा के कौन-से अंग दान किए गए हैं?
उनके माता-पिता की सहमति के बाद एम्स के डॉक्टरों ने हरीश की दोनों आंखों के कॉर्निया और हृदय के वाल्व दान किए हैं.
हरीश राणा का निधन कब और कहां हुआ?
हरीश राणा का निधन मंगलवार, 24 मार्च 2026 को शाम 4:10 बजे एम्स-दिल्ली के पैलिएटिव केयर वार्ड में हुआ.
उनके परिवार में कौन-कौन सदस्य हैं?
हरीश के परिवार में उनके पिता अशोक राणा, माता निर्मला देवी और एक भाई आशीष राणा हैं. उनकी एक बहन भी है जिसकी शादी हो चुकी है.