KKR ने आंद्रे रसेल की जर्सी नंबर-12 को किया रिटायर, इमोशनल होकर दिग्गज ने कह दी दिल की बात
Last Updated:
Andre Russell jersey no 12 retire: कोलकाता नाइटराइडर्स ने दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल की जर्सी नंबर-12 को रिटायर कर दिया है. पिछले साल रसेल ने आईपीएल से संन्यास ले लिया था, जिसके बाद अब वह केकेआर के कोचिंग स्टाफ में नजर आएंगे. रसेल ने कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेलते हुए टीम को कई यादगार लम्हे दिए हैं. उन्हीं के सम्मान में फ्रेंचाइजी ने उनकी जर्सी रिटायर करने का बड़ा फैसला लिया.

आंद्रे रसेल की जर्सी नंबर-12 हुई रिटायर.
नई दिल्ली. कोलकाता नाइट राइडर्स ने मंगलवार को अपने दिग्गज खिलाड़ी आंद्रे रसेल के सम्मान में एक बहुत बड़ा फैसला लिया. टीम ने उनकी नंबर-12 की जर्सी को रिटायर कर दिया है. इसका मतलब यह है कि अब केकेआर में भविष्य में कोई भी दूसरा खिलाड़ी 12 नंबर की जर्सी नहीं पहन पाएगा. बीते वर्षों में रसेल के योगदान देखते हुए फ्रेंचाइजी ने यह सम्मान दिया है. ‘नाइट्स अनप्लग्ड’ नाम के एक खास कार्यक्रम में हजारों प्रशंसकों और पूरी टीम की मौजूदगी में रसेल को सम्मान दिया गया तो वह भावुक हो गए. केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने मंच पर रसेल को एक फ्रेम की हुई जर्सी भेंट की और घोषणा की कि अब से केकेआर का कोई भी खिलाड़ी 12 नंबर की जर्सी नहीं पहनेगा.
बता दें कि आईपीएल 2026 के लिए हुए ऑक्शन से पहले रसेल ने एक वीडियो जारी कर सबको भावुक कर दिया था. उन्होंने कहा था, ‘मेरा दिल सिर्फ कोलकाता के लिए धड़कता है.’ रसेल ने कहा था कि अगर वे आईपीएल खेलेंगे तो सिर्फ केकेआर के लिए, वरना नहीं खेलेंगे. उन्होंने अपना वादा निभाया और अब वे खिलाड़ी के बजाय टीम के ‘पावर कोच’ की नई भूमिका में नजर आएंगे. रसेल 2014 और 2024 की केकेआर की खिताबी जीत का हिस्सा रहे.