बिना ज्यादा मसाले के भी बनाएं जबरदस्त टेस्टी सब्जी, जानिए मसाला भूनने का सही तरीका जो बदल देगा स्वाद, जानें सीक्रेट
Cooking Tips: अक्सर घर पर सब्जी बनाते समय एक ही शिकायत सुनने को मिलती है -स्वाद नहीं आ रहा. कई लोग समझते हैं कि ज्यादा मसाले डालने से सब्जी टेस्टी बनती है, लेकिन सच इससे थोड़ा अलग है. असली फर्क मसालों की मात्रा नहीं, बल्कि उन्हें पकाने के तरीके से पड़ता है, अगर मसाले सही टाइम पर, सही आंच पर और सही तरीके से भुने जाएं, तो साधारण सी सब्जी भी होटल जैसी खुशबूदार और स्वाद से भरपूर बन सकती है. घर की रसोई में छोटी-छोटी गलतियां ही स्वाद को फीका कर देती हैं, जैसे तेल सही से गर्म न करना, मसाले जल्दी डाल देना या उन्हें ठीक से भूनने का धैर्य न रखना.
यही वजह है कि सब्जी में वो गहराई नहीं आती, जो बाहर खाने में मिलती है. अच्छी बात ये है कि कुछ आसान देसी तरीके अपनाकर आप अपने रोज के खाने को भी खास बना सकते हैं. इस आर्टिकल में हम आपको ऐसे ही आसान और काम के टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आपकी हर सब्जी में गजब का स्वाद आएगा और हर बार खाने वाले तारीफ जरूर करेंगे.
सब्जी का स्वाद बढ़ाने के देसी टिप्स
1. कड़ाही और तेल सही से गर्म करें
सबसे पहले कड़ाही को गैस पर रखें और 1-2 मिनट तक खाली गर्म होने दें. फिर तेल डालें और उसे हल्का गरम होने दें. ध्यान रखें कि तेल कच्चा न रहे, वरना सब्जी में अजीब सा स्वाद आ सकता है.
2. जीरे का तड़का है गेम चेंजर
तेल गरम होते ही उसमें जीरा डालें. जैसे ही जीरा चटकने लगे और खुशबू आने लगे, समझ लें शुरुआत सही हो गई है. यही स्टेप फ्लेवर की नींव बनाता है.
3. प्याज भूनने का सही तरीका
अब बारीक कटा प्याज डालें और उसे धीरे-धीरे चलाते रहें. जब प्याज का पानी सूखने लगे, तो थोड़ा पानी डालकर फिर भूनें. ऐसा 2-3 बार करने से प्याज नरम और टेस्टी बनता है. हल्का सुनहरा रंग आते ही ये तैयार हो जाता है.
4. बिना प्याज के भी बनेगी टेस्टी सब्जी
अगर आप प्याज नहीं खाते, तो सीधे टमाटर डाल सकते हैं. उसमें थोड़ा नमक डालें, इससे वो जल्दी गलेंगे. जब टमाटर पेस्ट जैसे दिखने लगें, तब आगे बढ़ें.
5. मसाले डालने का सही टाइम
अब हल्दी, धनिया, लाल मिर्च और नमक डालें. मसाले हमेशा प्याज-टमाटर के ऊपर ही डालें. साथ में थोड़ा पानी डालें, इससे मसाले जलेंगे नहीं और अच्छे से पकेंगे.
6. धीमी आंच पर पकाएं मसाला
मसाले को हमेशा धीमी आंच पर पकाएं. बीच-बीच में थोड़ा पानी डालते रहें. इससे मसाला धीरे-धीरे भुनता है और उसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.
मसाला तैयार होने की पहचान
जब मसाले का पानी सूखने लगे और किनारों पर हल्का तेल दिखने लगे, तो समझ लें कि मसाला पूरी तरह तैयार है. यही वो स्टेज है जहां से असली स्वाद शुरू होता है.
अब डालें अपनी पसंद की सब्जी
अब तैयार मसाले में आलू, मटर या कोई भी सब्जी डालकर पकाएं. इस तरीके से बनी सब्जी का स्वाद इतना बढ़िया होगा कि हर कोई बार-बार खाने की डिमांड करेगा.