आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे में बड़ी कार्रवाई, सपा नेता अंसार अहमद, बेटा-भतीजे संग हिरासत में
Prayagraj Cold Storage Accident News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में गंगा नगर के फाफामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक ‘कोल्ड स्टोरेज’ के अचानक ढह जाने से चार श्रमिकों की मृत्यु हो गई, जबकि 14 श्रमिक घायल हो गये. आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. पुलिस ने सपा नेता, पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री अंसार अहमद को हिरासत में ले लिया है. उनके बेटे मंजूर इलाही और भतीजे अलाउद्दीन को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘कोल्ड स्टोरेज ढहने की घटना में चार लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि घायल श्रमिकों की संख्या 14 हो गयी है, जिनका उपचार एसआरएन अस्पताल में जारी है.’ उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल से मलबा हटाकर लोगों की तलाश रही है. यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट्स…
Prayagraj Cold Storage Accident: प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे पर बोले मंत्री दयाशंकर सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रयागराज की घटना पर कहा कि उसकी जांच कराई जाएगी. यह दुखद है और उसपर कार्रवाई होगी. बता दें कि सोमवार की दोपहर को यह हादसा हुआ था, जिसमें कोल्ड स्टोर ढह गया और उसके मलबे में चार लोग दब गए और उनकी मौत हो गई. वहीं 14 लोग घायल हो गए.
Prayagraj Cold Storage Accident: प्रयागराज हादसे पर क्या बोले यूपी सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने प्रयागराज की घटना पर कहा, “यह घटना बहुत दुखद है. कुछ लोगों की मृत्यु भी हुई है, हमारी सरकार की पूरी संवेदना परिवारों के साथ है. मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लिया है और मृतकों के परिवार और घायलों को हर संभव सहायता देने की भी घोषणा की है.”
Prayagraj Cold Storage News Update : सपा नेता, पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री अंसार अहमद हिरासत में
प्रयागराज के फाफामऊ स्थित चंदापुर गांव में आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. पुलिस ने सपा नेता, पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री अंसार अहमद को हिरासत में ले लिया है. उनके बेटे मंजूर इलाही और भतीजे अलाउद्दीन को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. इस मामले में पुलिस ने अंसार अहमद समेत सात नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ फाफामऊ थाने में मुकदमा दर्ज किया है. सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है, जबकि अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं. वहीं, हादसे के 20 घंटे बाद भी मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है.
Prayagraj Cold Store Accident: 7 एंबुलेंस, 4 जेसीबी, 10 डंफर से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसा की ताजा तस्वीर सामने आई है. हादसे के बाद से लेकर अब तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अमोनिया गैस के रिसाव मे चढ़ाव उतार एक साथ नजर आ रहा है. हवा के चलने पर अमोनिया गैस में तेजी से वृद्धि हो रही है. हालांकि हवा बंद होने पर तेजी से नहीं फैल रही है. लेकिन अमोनिया गैस का रिसाव जारी है. 2 बड़े पोकलैंड के जरिये मलबे हटाए जा रहे हैं. वहीं हादसे के बाद अपनों को ढूंढते हुए लोग वहां मौके पर पहुंचे हुए हैं. मौके पर पुलिस, ndrf sdrf और फायर ब्रिगेड की टीम है. इसके अलावा 7 एंबुलेंस 4 जेसीबी और 10 डम्फर कार्य पर हैं. आदर्श कोल्ड स्टोरेज के बोर्ड पर लगा 20 तारीख से कोल्ड स्टोरेज के बंद होने का बोर्ड. एक थार्मकॉल पर लाल रंग से लिखे गए शब्द और बांधने वाले तार स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय.

Prayagraj Cold Storage Accident: सीएम ने प्रयागराज हादसे पर जताया दुख
Prayagraj Cold Storage Accident: मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, “प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज में हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद एवं ह्रदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी. जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए गए हैं.”
Prayagraj Cold Storage Accident: प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे के मृतकों की लिस्ट
प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसाः पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान ज्योविश कुमार (22) निवासी सहरसा (बिहार), जगदीश कुमार (42) निवासी चंदापुर, फाफामऊ, मनोज उर्फ बिल्लर चौधरी (36) निवासी सहरसा (बिहार) और मसिन्दर कुमार (19) निवासी सहरसा (बिहार) के रूप में की गई है.
Cold Storage Accident Live: कोल्ड स्टोरेज हादसे के 18 घंटे बाद भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसाः प्रयागराज के फाफामऊ के चंदापुर में कोल्ड स्टोरेज हादसे के 18 घंटे बाद भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. लगातार कोल्ड स्टोरेज के मलबे को हटाया जा रहा है. अब तक हादसे में चार मजदूरों की मौत हुई है. जबकि 14 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है. मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड बचाव राहत कार्य में जुटी है. मौके पर कई थाने की पुलिस फोर्स भी मौजूद है. हालांकि अमोनिया गैस का रिसाव अब बंद कर दिया गया है. लेकिन इसके बावजूद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया लीकेज के बाद लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है. अभी भी कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलने की उम्मीद है. पुलिस और प्रशासन के भी आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं.
Prayagraj Cold Storage Accident News: प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे को लेकर हो गई FIR
प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसाः प्रयागराज जिले के गंगानगर जोन के फाफामऊ के चंदापुर गांव में सोमवार को कोल्ड स्टोरेज में हुए हादसे को लेकर फाफामऊ थाने में 7 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. एफआईआर में यूपी के पूर्व मंत्री व सपा नेता अंसार अहमद, अंसार के बेटे, मैनेजर उस्मान, मोहम्मद असलम बाबा, अलावदीन, जावेद और मोहम्मद इरफान को नामजद किया गया है. इसके अलावा इसके अलावा 4 से 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है. पुलिस ने बीएनएस की हत्या की धारा समेत 6 अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है. हिरासत में लिए गए सभी से पूछताछ की जा रही है. इस हादसे में 4 लोगों की मौत की अभी तक पुष्टि हुई है. जबकि 14 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को 50 हजार मुआवजे का ऐलान किया गया है.
Prayagraj Cold Storage Live: पीएम ने भी प्रयागराज हादसे पर जताया दुख
प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसा लाइवः प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा ‘एक्स’ पर किये गये पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयागराज में इस घटना पर दुख व्यक्ति करते हुए कहा है, “इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ मेरी सहानुभूति है. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी.”