पाकिस्तानी गैंगस्टर टेरर नेटवर्क का खुलासा, पकड़ा गया रामपुर का हरमन, ग्रेनेड अटैक की थी प्लानिंग
Last Updated:
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान आधारित गैंगस्टर टेरर नेटवर्क के हैंडलर को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान हरमनदीप उर्फ हरमन के रूप में हुई है, जो यूपी के रामपुर जिले का रहने वाला है. हरमन के पास से एक मोबाइल फोन मिला है, जिसमें शहजाद भट्टी के खास से चैट मिला है. साथ ही कुछ वीडियो भी मिले हैं.

पाकिस्तानी गैंगस्टर आतंकी नेटवर्क चला रहा शहजाद भट्टी का हैंडलर हरमन गिरफ्तार.
नोएडाः पाकिस्तान-आधारित गैंगस्टर-टेरर नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (ईस्टर्न रेंज) ने पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. इस ऑपरेशन में मॉड्यूल के एक अहम सदस्य को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के मोबाइल फोन से शहजाद भट्टी और उसके विदेशी साथियों के साथ आपत्तिजनक सोशल मीडिया चैट बरामद हुई हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 18 वर्षीय हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले का रहने वाला है. हरमन के कब्जे से काले रंग की स्प्रे पेंट की बोतल बरामद की गई है, जिसपर “TTH” लिखा हुआ था.
शहजाद भट्टी पर निगरानी बनाए रखी थी खुफिया टीम
हरमन के पास से एक मोबाइल फोन, जिसमें पाकिस्तान-आधारित हैंडलर्स के साथ चैट, फोटो और वीडियो मिले हैं. स्पेशल सेल की ईस्टर्न रेंज टीम लंबे समय से पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शाहजाद भट्टी पर गुप्त निगरानी रख रही थी, जो भारत में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहा है. जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार हरमनदीप सिंह सोशल मीडिया के जरिए लगातार शहजाद भट्टी और उसके विदेशी साथियों के संपर्क में था. उसने दावा किया था कि उसके सहयोगी दिल्ली के कश्मीरी गेट में हुई फायरिंग में शामिल थे. वहीं, पाकिस्तान में बैठे भट्टी के सहयोगी ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी भी ली थी.
पैसे का लाच देकर गैंग से जोड़ते थे
भट्टी के निर्देश पर हरमन ने पंजाब के होशियारपुर (तलवाड़ा) में तीन जगह “TTH” ग्रैफिटी लिखी और उसकी फोटो-वीडियो बनाकर पाकिस्तान हैंडलर्स को भेजी. साथ ही उसने रामपुर (यूपी) में भी इसी तरह की गतिविधियों के लिए अन्य लोगों को उकसाया था. पाकिस्तानी हैंडलर्स सोशल मीडिया के जरिए भारत के युवाओं को निशाना बनाते थे. वे उनके प्रोफाइल का विश्लेषण कर उन्हें गैंग में शामिल होने का लालच देते थे. पूरा ऑपरेशन रिमोट तरीके से चलाया जाता था, जिसमें शामिल था. पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह एक संगठित विदेशी नियंत्रित आतंकी मॉड्यूल है, जिसमें पैसों का लालच देकर और रिमोट निर्देशों के जरिए युवाओं से हमले करवाने की साजिश रची जाती थी.
कौन है हरमनदीप उर्फ हरमन
पूछताछ में हरमन ने बताया कि शुरुआत में छोटे काम दिए जाते थे. कैश ट्रांसफर और ठहरने की व्यवस्था भी दी जाती थी. संवेदनशील जगहों की रेकी और वीडियो बनाने का काम दिया गया था. पब्लिक अटेंशन के लिए ग्रैफिटी लिखना, इसके बाद बड़े हमलों के लिए तैयार किया जाता था, जैसे कि ग्रेनेड अटैक और फायरिंग शामिल है. हरमनदीप सिंह का जन्म और पालन-पोषण रामपुर (यूपी) के शादीनगर में हुआ. पारिवारिक परिस्थितियां खराब थीं. पिता नशे के आदी थे, जिसके चलते मां अलग रहने लगीं. हरमन ने शुरुआती पढ़ाई के बाद स्कूल छोड़ दिया और छोटे-मोटे काम करने लगा. फिर बाद में उसने मोबाइल खरीदा और सोशल मीडिया पर एक्टिव हो गया, जहां वह फॉलोअर्स और पहचान पाने की कोशिश करता था.
गैंग से जुड़ाव कैसे हुआ
2023 में पिता से मारपीट के बाद हरमन घर छोड़कर अमृतसर चला गया, जहां वह एक गैंग से जुड़े व्यक्ति के संपर्क में आया. सोशल मीडिया पर गैंगस्टर्स की लाइफस्टाइल और पैसे के लालच से प्रभावित होकर उसने इस दुनिया में दिलचस्पी दिखाई. इसी दौरान वह शाहज़ाद भट्टी के संपर्क में आया और धीरे-धीरे उसके नेटवर्क का हिस्सा बन गया.
आतंकी साजिश और आगे की योजना
भट्टी ने हरमन को भारत में मौजूद अपने कॉन्टैक्ट “अनस” से जोड़ा और बताया कि ड्रोन के जरिए हथियार भारत में भेजे जा रहे हैं. साथ ही काम पूरा करने पर मोटी रकम और दुबई शिफ्ट कराने का लालच दिया गया. फरवरी 2026 में हरमन को “TTH” ग्रैफिटी लिखने का टास्क दिया गया, जिसे उसने पंजाब में अंजाम दिया।
इसके अलावा दिल्ली और यूपी में भी ग्रैफिटी करने का निर्देश दिया गया. रामपुर में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला करने की साजिश थी. दोस्त को भी इस नेटवर्क में जोड़ने की कोशिश की थी. हालांकि, समय रहते गिरफ्तारी होने से बड़ी साजिश नाकाम हो गई.
About the Author
प्रशान्त राय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं. प्रशांत राय पत्रकारिता में पिछले 8 साल से एक्टिव हैं. अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए प्रशांत राय फिलहाल न्यूज18 हिंदी के साथ पिछले तीन …और पढ़ें