यशस्वी-जडेजा के साथ राजस्थान रॉयल्स ने की नाइंसाफी! रियान पराग के कप्तान बनने से हैरान श्रीकांत, बोले- टीम चैंपियन नहीं बनेगी
Last Updated:
Krishnamachari Srikkanth statement on riyan parag: राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल 2026 में रियान पराग की कप्तानी में खेलने उतरेगी. संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में ट्रेड होने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने रियान को नया कप्तान नियुक्त किया. मैनेजमेंट के इस फैसले पर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने सवाल उठाए हैं. श्रीकांत ने सवाल उठाते हुए कहा कि यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और हाल ही में टीम में शामिल हुए रवींद्र जडेजा जैसे दूसरे संभावित कप्तानों को नजरअंदाज क्यों किया गया.

रियान पराग आईपीएल 2026 में होंगे राजस्थान रॉयल्स के कप्तान.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज कृष्णमाचारी श्रीकांत ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) द्वारा रियान पराग को कप्तान बनाए जाने के फैसले पर सवाल उठाए हैं. श्रीकांत ने कहा कि आरआर में पराग के साथ राजा जैसा बर्ताव होता है. श्रीकांत का कहना है कि यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा में से किसी को ये जिम्मेदारी सौंपी जा सकती थी. बता दें कि पिछले आईपीएल सीजन में सैमसन के चोटिल होने के बाद रियान ने कुछ मुकाबलों में टीम की कप्तानी की थी, लेकिन सिर्फ दो ही जीत दिलाने में कामयाब हुए थे.
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘राजस्थान रॉयल्स का रियान पराग को कप्तान बनाने का फैसला हैरानी भरा लगा, खासकर तब जब टीम में उनसे ज्यादा अनुभवी खिलाड़ी मौजूद थे. फ्रेंचाइजी भले ही ऐसे फैसले ले सकती है, लेकिन पराग के प्रदर्शन में लगातार उतार-चढ़ाव के बावजूद, ऐसा लगता है कि उन्हें बहुत ज्यादा अहमियत दी जा रही है. वहां उसके साथ राजा जैसा बर्ताव होता है.’ उन्होंने कहा, ‘पिछले साल पराग का सीजन अच्छा नहीं रहा था, लेकिन उससे पिछले साल उसने शानदार प्रदर्शन किया था. इसके बावजूद उसे कप्तान बनाने की वजह हर कोई जानता है.’
रियान पराग आईपीएल 2026 में होंगे राजस्थान रॉयल्स के कप्तान.
संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में 18 करोड़ रुपये की बड़ी रकम के बदले ट्रेड होने के बाद पराग को रॉयल्स का कप्तान घोषित किया गया था. इस ट्रेड में पिछले दिसंबर में हुए मिनी-ऑक्शन से पहले रवींद्र जडेजा और सैम करन का रॉयल्स में आना भी शामिल था. श्रीकांत ने आगे यह सवाल उठाया कि यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और हाल ही में टीम में शामिल हुए जडेजा जैसे दूसरे संभावित कप्तानों को नजरअंदाज क्यों किया गया.
पिछले साल, जब सैमसन चोटिल थे, तब पराग ने आठ मैचों में रॉयल्स की कप्तानी की थी, लेकिन टीम को सिर्फ दो जीत ही दिला पाए थे. इसके बावजूद, फ्रेंचाइजी ने उन्हें अपने लंबे समय के कप्तान के तौर पर लगातार समर्थन देना जारी रखा है. पिछले सीजन में पराग ने 166.52 के शानदार स्ट्राइक रेट से 393 रन बनाए और आईपीएल के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए जिन्होंने एक ही पारी में लगातार छह छक्के लगाए. उन्होंने उपलब्धि आईपीएल 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हासिल की थी.
आने वाले सीजन में आरआर के प्रदर्शन पर श्रीकांत ने कहा, ‘जायसवाल और सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी टीम की सबसे बड़ी ताकत है. उनमें अकेले दम पर मैच जिताने की काबिलियत है. टीम भी ठीक-ठाक है और इसमें बड़ी टीमों को हराने की क्षमता है, लेकिन इसमें चैंपियन बनने वाली टीम के लिए जरूरी निरंतरता और गहराई की कमी है, और इसलिए उनके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना भी पक्की नहीं है. यह चैंपियन बनने वाली टीम नहीं है.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें