महिलाओं की सुरक्षा के लिए चंदौली पुलिस की अनोखी पहल, निकाली गई बाइक रैली, 24 घंटे मदद का वादा

Share to your loved once


चंदौली: उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति अभियान- 5.0’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत चंदौली जिले में महिला सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर एक नई ऊर्जा देखी जा रही है. पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के कुशल निर्देशन में चंदौली पुलिस की ओर से महिलाओं और बालिकाओं के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए एक भव्य जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया.

इस भव्य जागरूकता रैली का शुभारंभ मुगलसराय कोतवाली से हुआ. सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी और सीओ मुगलसराय अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रैली मुगलसराय से प्रारंभ होकर अलीनगर थाने पर जाकर संपन्न हुई. रैली के दौरान महिला पुलिस कर्मियों और अन्य अधिकारियों ने हाथों में स्लोगन और बैनर लेकर समाज के हर वर्ग तक नारी सशक्तिकरण का प्रभावी संदेश पहुंचाया.

हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

रैली के दौरान क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने उपस्थित जनसमूह और बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध को लेकर शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति अपना रहा है. उन्होंने महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में मदद के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें से ये सेवाएं प्रमुख हैं.

1. 1090: वूमेन पावर लाइन
2. 112: आपातकालीन सेवा
3. 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
4. 1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन
5. 181, 108 और 102: महिला एवं स्वास्थ्य सेवाएं

उन्होंने अपील की है कि महिलाएं किसी भी संकट के समय बिना डरे इन नंबरों पर सूचना दें, पुलिस उनकी सेवा में 24 घंटे तत्पर है.

मिशन शक्ति केंद्रों और साइबर सुरक्षा पर जोर

जिले के सभी थानों पर स्थापित ‘मिशन शक्ति केंद्रों’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यहां महिला उप-निरीक्षक और आरक्षी तैनात हैं, जो महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर रही हैं. अभियान के इस दूसरे चरण में ‘साइबर सुरक्षा’ पर विशेष बल दिया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया का सुरक्षित प्रयोग, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव और साइबर बुलीइंग के प्रति जागरूक होना अनिवार्य है.

द्वितीय चरण का हुआ शुभारंभ 

सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि एसपी चंदौली महोदय के कुशल नेतृत्व में और एडिशनल एसपी सदर महोदय के कुशल पर्यवेक्षण में आज वासंतिक नवरात्र, 2026 के मिशन शक्ति अभियान के फेस 5 के द्वितीय चरण का शुभारंभ हो रहा है, जिसके क्रम में आज एक विशाल बाइक रैली का आयोजन चंदौली पुलिस की ओर से किया गया है, जिसमें जिला प्रोबेशन विभाग का भी संयुक्त रूप से बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया गया.

पूजा कौर ने बाइक रैली को किया लीड

उन्होंने कहा कि इस रैली में सैकड़ों की संख्या में 2 व्हीलर बाइक और 4 व्हीलर वाहन सम्मिलित रहे. हमारी महिला थाना प्रभारी पूजा कौर ने इस पूरी बाइक रैली को लीड किया. इसमें हमारी महिला आरक्षीगण, 112 के कर्मचारी और प्रोबेशन विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण ने इसमें प्रतिभाग किया. इस पूरी रैली का उद्देश्य और संदेश रहा कि महिला सुरक्षा, उत्तर प्रदेश पुलिस और चंदौली पुलिस के लिए सर्वोपरि है और महिलाओं वो एक सुरक्षित वातावरण देने के लिए हम कटिबद्ध होकर कार्य कर रहे हैं.

गांव-गांव में ‘शक्ति दीदी’ का जन-संवाद

रैली के अतिरिक्त, महिला बीट अधिकारी, एंटी रोमियो टीम और महिला सुरक्षा विशेष दल निरंतर गांवों, बाजारों, बस स्टैंडों और स्कूल-कॉलेजों में जाकर चौपाल लगा रहे हैं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और आत्मविश्वास के साथ समाज में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय संतोष कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अलीनगर अनिल कुमार पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्यप्रकाश यादव समेत भारी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहा. यह अभियान आगामी दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी तीव्रता से चलाया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP