‘मराठी लड़की क्या उर्दू बोल पाएगी!’ लता मंगेशकर का वो ब्लॉकबस्टर गाना, जिसने जद्दनबाई को बनाया दीवाना
Last Updated:
80 साल पहले लता मंगेशकर के नाम से जब दुनिया वाकिफ नहीं थी, तब उन्होंने एक हिंदी फिल्म में इतना खूबसूरत गाना गाया कि लोग आकाशवाणी में फोन करके उनके बारे में जानने को बेताब हो उठे थे. 1949 की फिल्म ‘महल’ के गाने ने उन्हें देश भर में मशहूर बना दिया. उस दौर की दिग्गज संगीतकार जद्दनबाई भी उनकी गायिकी की मुरीद हो गईं. उन्होंने उस वक्त स्टूडियो में लता मंगेशकर के लिए जो कहा, वह आगे चलकर सच साबित हुआ.

लता मंगेशकर ने फिल्म ‘महल’ के लिए पॉपुलर गाना गाया था.
नई दिल्ली: लता मंगेशकर 13 साल की आयु में फिल्मों में गाने लगी थीं. मराठी सिनेमा में गाने के बाद लता मंगेशकर ने हिंदी सिनेमा का रुख किया और 1948 की फिल्म ‘मजबूर’के लिए अपना पहला हिट हिंदी गाना ‘दिल मेरा तोड़ा’ गाया. मगर उन्हें देश भर में पॉपुलर बनाया 1949 की फिल्म ‘महल’ के गाने ‘आएगा आनेवाला’ ने. लोगों को शुरू में शक था कि एक मराठी लड़की कैसे गाने के उर्दू शब्दों को शुद्धता से बोल पाएंगी. मगर जब नन्हीं लता मंगेशकर ने गाना गाया, तो उस दौर की दिग्गज संगीतकार जद्दनबाई हैरान रह गईं.
फिल्म ‘महल’ के मेकर्स गाने की शूटिंग के लिए अलग से व्यवस्था नहीं कर पाए थे. बॉम्बे टॉकीज स्टूडियो में रिकॉर्डिंग की व्यवस्था हुई, जहां पहले से नरगिस अपनी मां जद्दनबाई के साथ फिल्म ‘लाहौर’ की शूटिंग कर रही थीं. दिग्गजों के बीच जब लता मंगेशकर ने गाना ‘आएगा आनेवाला’ गाना शुरू किया, तो जद्दनबाई उसमें खो गईं. रिकॉर्डिंग के बाद जद्दनबाई ने लता मंगेशकर को अपने पास बुलाया और उनसे उनका नाम पूछा. फिर उनके उर्दू तलफ्फुज की तारीफ की.
लता मंगेशकर की गायिकी की मुरीद हुई थीं जद्दनबाई
जद्दनबाई ने लता मंगेशकर को पास बुलाकर उनकी तारीफ की और ऐलान किया कि एक दिन तुम खूब नाम कमाओगी जो आगे चलकर सच साबित हुआ. गाना ‘आएगा आनेवाला’ अशोक कुमार और मधुबाला पर फिल्माया गया है. आईएमडीबी की रिपोर्ट के अनुसार, जब यह गाना ऑल इंडिया रेडियो पर बजाया जा रहा था, तब लोगों ने स्टूडियो में कॉल करके सिंगर के बारे में पता करने की कोशिश की. सिंगर से अनजान आकाशवाणी ने रिकॉर्डिंग हाउस को कॉल किया. तब जाकर लता मंगेशकर का नाम लोगों के जेहन में आने लगा.
50 हजार से ज्यादा गाए गाने
फिल्म ‘महल’ को कमाल अमरोही ने डायरेक्ट किया था, जिसका यह गीत पूरी फिल्म में अहम संगीत की तरह इस्तेमाल हुआ. यह चलन आगे चलकर ‘मधुमती’, ‘वो कौन थी’ और ‘मेरा साया जैसी रहस्यमयी फिल्मों में भी देखने को मिला. आज पूरी दुनिया लता मंगेशकर को शानदार गायिका के तौर पर याद करती है. वे करीब 80 सालों तक गायिकी में सक्रिय रहीं. उन्होंने दर्जन भर भाषाओं में 50 हजार से ज्यादा गीत गाए.
About the Author
अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें