6 हफ्तों में 4 फिफ्टी 5 शतक, 29 साल की इस भारतीय बैटर का थम नहीं रहा तूफान, लगाया रनों का अंबार
Last Updated:
Priya Punia 5th Hundred in 6 Weeks: घरेलू क्रिकेट में भारतीय महिला क्रिकेटर प्रिया पूनिया का बल्ला थमने का नाम नहीं ले रहा है. 29 साल की इस बल्लेबाज ने छह हफ्तों के अंदर 5वां सैकड़ा जमकर तहलका मचा दिया. इस दौरान वह चार अर्धशतक भी ठोक चुकी हैं. नॉर्थ जोन के लिए खेलते हुए नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ प्रिया ने फर्स्ट क्लास मैच में 119 रन की शानदार पारी खेली. यह उनकी पिछली 14 पारियों में पांचवीं सेंचुरी है.

प्रिया पूनिया ने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ खेली 119 रन की पारी.
नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेटर प्रिया पूनिया का बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. नॉर्थ जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच चल रहे मैच में प्रिया ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई. पिछले एक साल से भी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर भारतीय बल्लेबाज प्रिया पूनिया ने घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाकर तहलका मचा दिया है. प्रिया ने पिछले डेढ़ महीने के अंदर 5 शतक और चार अर्धशतक जड़कर टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी पेश की है. पहले लिस्ट-ए क्रिकेट में शतकों और रनों की झड़ी लगाई, फिर फर्स्ट क्लास मैच में नॉर्थ जोन के लिए 119 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी जबरदस्त फॉर्म को बरकरार रखा. 29 साल की इस बल्लेबाज ने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ यह शानदार सैकड़ा जमाया.
अकेली प्रिया पूनिया पूरी टीम पर भारी
जब नॉर्थ जोन की बैटिंग आई, तो ओपनर प्रिया पूनिया ने अकेले ही नॉर्थ ईस्ट के कुल स्कोर (102) से ज्यादा रन बना डाले. उन्होंने 250 गेंदों का सामना करते हुए 119 रनों की शानदार पारी खेली. प्रिया ने पहले विकेट के लिए प्रज्ञा रावत (31) के साथ 77 रन जोड़े. दूसरे विकेट के लिए तनिषा सिंह (61) के साथ 90 रनों की साझेदारी की. गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के बाद प्रिया की इस पारी से टीम ने मुकाबले में बढ़त बना ली है. फरवरी 2026 की शुरुआत से अब तक प्रिया पूनिया गजब के फॉर्म में हैं. पिछली 14 पारियों में यह उनका 5वां शतक है. इसके अलावा वह 4 अर्धशतक भी जड़ चुकी हैं. नॉर्थ ईस्ट की कप्तान देवस्मिता दत्ता (4-90) और निरुता थौडम (6-74) ने बाद में विकेट लेकर वापसी की कोशिश की, लेकिन तब तक नॉर्थ जोन ने 199 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी.
प्रिया पूनिया ने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ खेली 119 रन की पारी.
लिस्ट-ए में जमकर बोला बल्ला
साल की शुरुआत से लिस्ट-ए क्रिकेट में प्रिया ने खूब रन बटोरे. गोवा के खिलाफ 102 रन की पारी के बाद उन्होंने रेलवेज के खिलाफ 77 रन ठोके. पंजाब के खिलाफ 46 रन बनाकर आउट हुई इस बल्लेबाज ने सौराष्ट्र के खिलाफ फिर हुंकार भरी और 162 रन की बड़ी पारी खेल डाली. इस लय को उन्होंने केरल के खिलाफ 133 रन की पारी खेलकर बरकरार रखा. आंध्र, रेलवेज और ईस्ट जोन के खिलाफ क्रमशः 60, 76 और 72 रन बनाने के बाद प्रिया ने फिर तीन अंकों का आंकड़ा छुआ, जब नार्थ ईस्ट जोन के खिलाफ लिस्ट-ए मैच में ही 156 रन जड़ दिए.
गेंदबाजों ने बरपाया कहर
मैच की शुरुआत में नॉर्थ जोन की गेंदबाज प्रीति बोस ने कहर बरपाया. उन्होंने 25.4 ओवरों में सिर्फ 21 रन देकर 5 विकेट झटके. नॉर्थ ईस्ट की टीम ने 90.4 ओवरों तक बल्लेबाजी तो की, लेकिन वे बेहद धीमी गति से रन बना पाए और पूरी टीम 102 रन पर ढेर हो गई. नॉर्थ जोन के गेंदबाजों का दबदबा ऐसा था कि जिस भी गेंदबाज ने 10 ओवर से ज्यादा फेंके, उनका इकोनॉमी रेट 1.10 से भी कम रहा. नॉर्थ ईस्ट की तरफ से सिर्फ आरवी कल्पना (27) और विकेटकीपर नजमीन खातून (22) ही कुछ संघर्ष कर सकीं.
आखिरी बार 2024 में खेला था इंटरनेशनल मैच.
प्रिया पूनिया का इंटरनेशनल करियर
प्रिया पूनिया ने साल 2019 में भारत के लिए वनडे और टी20 डेब्यू किया था, लेकिन उनका सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है. टी20 इंटरनेशनल में उन्हें सिर्फ तीन मौके मिले, जिनमें उनका प्रदर्शन साधारण रहा. 2019 के बाद से उन्होंने भारत के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेला है. हालांकि, वह 2024 तक टी20 टीम के रडार पर थीं और इंडिया-ए के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी गई थीं. हैरान करने वाली बात यह है कि प्रिया को अभी तक विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में खेलने का मौका नहीं मिला है. हालांकि, WPL से पहले होने वाले ‘विमेंस टी20 चैलेंज’ में वह 8 मैच खेल चुकी हैं.
प्रिया ने अपने पहले ही वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 75 रन बनाए थे और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था. इसके बाद वह रुक-रुक कर वनडे टीम का हिस्सा बनती रहीं. 2024 तक उन्होंने कुल 12 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 27.30 की औसत से 273 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट इस दौरान 57 का रहा है. प्रिया को घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के बाद सीनियर टीम में वापसी की उम्मीद होगी.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें