साबूदाने का चीला बनाते समय चिपकने लगे तो अपनाएं ये फॉर्मूला, हो जाएगा क्रिस्पी, जानें रेसिपी
Last Updated:
साबूदाने का चीला एक टेस्टी और व्रत में खाया जाने वाला हेल्दी ऑप्शन है, लेकिन अक्सर इसे बनाते समय यह तवे पर चिपक जाता है और सही से क्रिस्पी नहीं बन पाता. ऐसे में अगर कुछ आसान किचन टिप्स और सही तरीका अपनाया जाए, तो आपका चीला बिल्कुल कुरकुरा और परफेक्ट बन सकता है.

साबूदाने का चीला.
साबूदाना एक ऐसा फूड है जिसे खासतौर पर व्रत और हल्के नाश्ते के रूप में काफी पसंद किया जाता है. इससे बनने वाली खिचड़ी, वड़ा और खीर तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन साबूदाने का चीला भी एक स्वादिष्ट और हेल्दी ऑप्शन है. हालांकि, कई लोगों की शिकायत रहती है कि साबूदाने का चीला बनाते समय तवे पर चिपक जाता है या फिर सही से क्रिस्पी नहीं बन पाता. ऐसे में कुछ आसान किचन टिप्स अपनाकर आप इस परेशानी से छुटकारा पा सकते हैं और घर पर ही परफेक्ट कुरकुरा चीला तैयार कर सकते हैं.
साबूदाने का चीला बनाने के लिए सबसे जरूरी है कि साबूदाने को सही तरीके से भिगोया जाए. अगर साबूदाना ठीक से नहीं भीगा होगा, तो बैटर सही नहीं बनेगा और चीला तवे पर चिपकने लगेगा. इसके लिए साबूदाने को 4-5 घंटे या रातभर पानी में भिगोकर रखें, लेकिन ध्यान रखें कि पानी ज्यादा न हो. साबूदाना जितना पानी सोख ले उतना ही पर्याप्त होता है. भीगने के बाद इसे हल्का सा मैश कर लें या मिक्सर में दरदरा पीस लें, ताकि बैटर स्मूद बन सके.
अब बैटर तैयार करते समय इसमें उबले हुए आलू, हरी मिर्च, जीरा और सेंधा नमक मिलाएं. चाहें तो थोड़ा सा दही या मूंगफली का पाउडर भी डाल सकते हैं, इससे चीले का स्वाद और टेक्सचर बेहतर हो जाता है. बैटर न ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही बहुत गाढ़ा, बल्कि मध्यम कंसिस्टेंसी का होना चाहिए. अगर बैटर बहुत पतला होगा, तो चीला फैलते समय टूट सकता है और चिपक सकता है.
चीला बनाते समय तवे का सही तापमान भी बेहद जरूरी होता है. अगर तवा बहुत ज्यादा गर्म होगा तो बैटर तुरंत चिपक जाएगा और फैल नहीं पाएगा, वहीं अगर तवा ठंडा होगा तो चीला सही से सिकेगा नहीं. इसलिए पहले तवे को मध्यम आंच पर गरम करें, फिर उस पर हल्का सा तेल या घी लगाकर कपड़े या ब्रश से फैला दें. इसके बाद बैटर डालें और धीरे-धीरे गोल आकार में फैलाएं. शुरुआत में इसे छेड़ें नहीं, जब नीचे की सतह हल्की ब्राउन होने लगे तब ही पलटें.
एक और जरूरी टिप यह है कि नॉन-स्टिक तवे का इस्तेमाल करें या फिर लोहे के तवे को पहले अच्छी तरह सीजन कर लें. अगर तवा सही से तैयार नहीं होगा, तो चीला चिपकने की संभावना बढ़ जाती है. इसके अलावा, चीले को धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं, ताकि वह अंदर से भी अच्छी तरह पक जाए और बाहर से क्रिस्पी बने. जब चीला दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा हो जाए, तो इसे गरमा-गरम सर्व करें. आप इसे हरी चटनी या दही के साथ खा सकते हैं. इन आसान टिप्स को अपनाकर आप हर बार परफेक्ट, क्रिस्पी और नॉन-स्टिकी साबूदाने का चीला बना सकते हैं.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें