आईपीएल के बाद इस देश का दौरा करेगी टीम इंडिया…बीसीसीआई ने जारी किया शेड्यूल, 19 साल बाद इस वेन्यू पर खेलेगा भारत
Last Updated:
Team India tour of Ireland in June: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया अपने पहले विदेशी दौरे के लिए तैयार है. बीसीसीआई ने जून में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज की घोषणा की है. यह सीरीज 26 और 28 जून को बेलफास्ट में खेली जाएगी, जहां भारतीय टीम 19 साल बाद वापसी कर रही है. शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाले इन मुकाबलों में विश्व विजेता भारत की बादशाहत और युवा सितारों का दम देखने को मिलेगा.

बीसीसीआई ने भारत के आयरलैंड दौरे के शेड्यूल का किया ऐलान.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप के ऐतिहासिक खिताबी सफर और घरेलू मैदान पर मिली शानदार जीत के बाद टीम इंडिया अब विदेशी धरती पर अपना परचम लहराने के लिए तैयार है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि विश्व विजेता भारतीय टीम जून में आयरलैंड का दौरा करेगी. यह दौरा न केवल फैंस के लिए उत्साहजनक है, बल्कि टीम इंडिया के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत भी है. टीम इंडिया के खिलाड़ी 28 मार्च से आईपीएल खेलेंगे. आईपीएल के खत्म होने के बाद भारतीय टीम अफगानिस्तान की मेजबानी करेगी. भारत और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट और 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. अफगानिस्तान के साथ भारत की सीरीज की शुरुआत 6 जून से होगी. भारतीय टीम इसके बाद जून में ही आयरलैंड का दौरा करेगी.
भारत ने हाल ही में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को हराकर विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की है. विश्व चैंपियन बनने के बाद यह भारत का पहला विदेशी दौरा होगा. क्रिकेट पंडितों का मानना है कि इस दौरे पर बीसीसीआई कुछ युवा सितारों को मौका दे सकता है, जो भविष्य के लिए टीम की बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करेंगे. आयरलैंड जैसी उभरती हुई टीम के खिलाफ उनके घर में खेलना हमेशा से चुनौतीपूर्ण और रोमांचक रहा है.
बीसीसीआई ने भारत के आयरलैंड दौरे के शेड्यूल का किया ऐलान.
मैचों का पूरा शेड्यूल और समय
भारत और आयरलैंड के बीच इस दौरे पर 2 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे. ये दोनों ही मुकाबले बेलफास्ट के ऐतिहासिक मैदान पर आयोजित होंगे.
पहला टी20: 26 जून, शुक्रवार (बेलफास्ट).
दूसरा टी20: 28 जून, रविवार (बेलफास्ट).
समय: भारतीय फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि ये मैच प्राइम टाइम पर उपलब्ध होंगे. दोनों मुकाबलों की शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से होगी.
भारत के आयरलैंड दौरे पर लगी मुहर.
19 साल बाद बेलफास्ट में ‘ब्लू जर्सी’ का जलवा
इस दौरे की सबसे खास बात इसकी लोकेशन है. पिछले आठ सालों में टीम इंडिया ने तीन बार (2018, 2022 और 2023) आयरलैंड का दौरा किया है, लेकिन वे सभी मैच मालाहाइड (डबलिन) में खेले गए थे. 2007 के बाद यह पहली बार होगा जब भारतीय टीम बेलफास्ट के मैदान पर कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी. लगभग 19 साल बाद उत्तरी आयरलैंड के इस शहर में भारतीय टीम को खेलते देखना वहां रह रहे भारतीय समुदाय और स्थानीय प्रशंसकों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होगा.
पिछले कुछ दौरों पर आयरलैंड ने भारत को कड़ी टक्कर दी है. 2023 के दौरे पर भी आयरिश टीम ने अपनी गेंदबाजी और जुझारू बल्लेबाजी से भारतीय खेमे में खलबली मचाई थी. बेलफास्ट की परिस्थितियां अक्सर तेज गेंदबाजों के अनुकूल होती हैं, ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को स्विंग और सीम का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें